scorecardresearch
डार्क मोड

अनगढ़ पत्थर से आराध्य स्वरूप तक

जिस देश में हजारों प्रतिमाओं के सामने सिर झुकाए जाते हैं, वहां शायद ही कभी हम पूछते हैं कि इस आराध्य की प्रतिमा को किसने गढ़ा और उसके पीछे कितनी साधना और तप है? इस पृष्ठभूमि में यह पुस्तक भाव के साथ शिल्प भी लेकर आती है

लेखकद्वय सीतालक्ष्मी एस. और राहुल नंदन की किताब द गोल्डन चिज़ल:द स्टोरी बिहाइंड द मेकिंग ऑफ रामलला
अपडेटेड 25 नवंबर , 2026

अप्रैल 2023 की बात है. अयोध्या के राम मंदिर के लिए रामलला की प्रतिमा बनाने वाले शिल्पकार की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में थी. मंदिर ट्रस्ट के सलाहकार और लेखक सच्चिदानंद जोशी दिल्ली में चयन प्रक्रिया के दौरान पहुंचे तो उन्होंने पाया कि केदारनाथ में स्थापित आदि शंकराचार्य की प्रतिमा गढ़ने वाले मैसूरू के मूर्तिकार अरुण योगिराज वहां नहीं हैं. उन्होंने कारण पूछा और फोन कर अगले दिन सुबह 11 बजे तक उन्हें पहुंचने के लिए कहा. योगिराज कहते हैं, ''उस एक फोन कॉल ने मेरा जीवन बदल दिया.''

इस किताब का सबसे दिलचस्प पहलू यही है. हम सभी रामलला के मोहक मुस्कुराते विग्रह को देख चुके हैं लेकिन द गोल्डन चिज़ल उस शिल्पकार की कहानी सामने लाती है, जिसके हाथों से यह प्रतिमा आकार ले सकी.

लेखकद्वय सीतालक्ष्मी एस. और राहुल नंदन अनुभवी पत्रकार हैं. वे पाठक को मैसूरू की उस कार्यशाला में ले जाते हैं, जहां योगिराज का बचपन बीता. वे पांच पीढ़ियों से मूर्तिकला से जुड़े परिवार की सबसे छोटी संतान हैं. उनके परदादा ने मैसूर दरबार के राजगुरु के सान्निध्य में 25 वर्षों तक प्रशिक्षण लिया था. योगिराज ने दस वर्ष की उम्र में ही नामपट्टिकाएं तराशना शुरू कर दिया. शिल्पकला उनके लिए जिम्मेदारी बनने से बहुत पहले रोजमर्रा के खेल का हिस्सा बन चुकी थी.

अयोध्या पहुंचने से पहले योगिराज ने दो बड़े दायित्व निभाए. आदि शंकराचार्य की प्रतिमा और इंडिया गेट पर स्थापित 30 फुट ऊंची नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति, दोनों उन्हीं की हथेलियों की साधना हैं. किताब के अनुसार दिल्ली की गर्मी में 300 टन वजनी पत्थर को तराशते हुए उनका दस किलो वजन कम हो गया. महज 50 दिनों में उन्होंने इसे पूरा किया और सितंबर 2022 में प्रतिमा का अनावरण हुआ.

इसके बाद रामलला की प्रतिमा बनाने का अवसर आया. यहां से किताब पत्थर के साथ चलने वाले एक रोमांचक संघर्ष में बदल जाती है जहां तीन में से एक शिल्पकार का चयन होना है. नेपाल से पवित्र शालिग्राम शिलाएं लाई गईं. रुड़की के सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इन्स्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने गणना की कि प्रतिमा की ऊंचाई 51 इंच होनी चाहिए ताकि रामनवमी के दिन सूर्य की किरणें रामलला के ललाट पर पड़ सकें.

योगिराज ने सात महीने तक पत्थर पर काम किया लेकिन कोलार के नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ रॉक मकेनिक्स ने उनके पत्थर को अनुपयुक्त घोषित कर दिया. तब तक वे उसका लगभग 70 फीसदी हिस्सा तराश चुके थे.

इसके बाद कैसे वे कृष्णशिला मंगवाते हैं, फिर काम शुरू करते हैं और उनसे आगे निकल चुके अन्य शिल्पकारों को पछाड़ उनके हुनर, एकाग्रता और निरंतरता पर ट्रस्टियों की मुहर लगती है, यह पढ़ना रोलरकोस्टर राइड से कम नहीं.

यह किताब किसी रोमांचक कहानी की तरह है. कौतुक से शुरू होती, परिचय आता है, खुद से संघर्ष होता है, संदेह पनपता है, आप गिरते हैं, उठते हैं और अंत में सुख की प्राप्ति होती है. रामलला की प्रतिमा का हर इंच शिल्पशास्त्र के अनुसार गढ़ा गया है. बहुत कम लोग जानते हैं कि मूर्तिकार शिल्पशास्त्रों का अनुसरण करते हैं.

ये प्राचीन ग्रंथ मूर्तियों की बनावट, अनुपात और दैवी भाव की अभिव्यक्ति के नियम निर्धारित करते हैं. एक तरह की अप्लाइड साइंस. इसलिए 13 टन के पत्थर को तराशकर लगभग दो टन कर देना धैर्य और अनुशासन के अतिरिक्त अध्ययन की भी साधना है. किताब के अंत में पारिभाषिक शब्दावली के 12 पन्ने पर हर किसी को पढ़ने चाहिए.  

सात अध्यायों वाली द गोल्डन चिज़ल की सामग्री मुख्यतः शिल्पकार, उनके परिवार और ट्रस्ट से जुड़े लोगों के अनुभवों पर आधारित है, इसलिए पूरी किताब में श्रद्धा और प्रशंसा का भाव प्रमुख है. भाषा सहज है लेकिन कुछ प्रसंगों में लंबे उद्धरण कथ्य की गति धीमी कर देते हैं. 

इसके बावजूद यह कहना जरूरी है कि जिस देश में हजारों प्रतिमाओं के सामने सिर झुकाए जाते हैं, वहां शायद ही कभी हम पूछते हैं कि इस आराध्य की प्रतिमा को किसने गढ़ा और उसके पीछे कितनी साधना और तप है? इस पृष्ठभूमि में यह पुस्तक भाव के साथ शिल्प भी लेकर आती है और रामलला की प्रतिमा की कथा के साथ उसे गढ़ने वाले हाथों से हमारा परिचय कराती है और यही इसकी विशेषता है. 

द गोल्डन चिज़ल:
द स्टोरी बिहाइंड द मेकिंग ऑफ रामलला
लेखक: सीतालक्ष्मी एस. और राहुल नंदन
प्रकाशक: रूपा
कीमत: 395 रुपए

 

ADVERTISEMENT
Advertisement