
जून 2025 में मिलान के फैशन शो में प्रादा के चमड़े के फुटवियर सामने आए तो भारत में बहस छिड़ गई. उनकी बनावट कोल्हापुरी चप्पलों जैसी थी लेकिन नाम में कोल्हापुर या उसके कारीगरों का जिक्र नहीं था. भारत में ऑनलाइन दो-ढाई हजार रुपए में मिलने वाली चप्पलों के मुकाबले प्रादा की कीमत करीब एक लाख रुपए थी. सवाल उठा: जिस हुनर को पीढ़ियों ने सहेजा, उसकी पहचान और मुनाफा किसी बड़े ब्रांड के हिस्से कैसे जा सकता है?
विवाद के बाद प्रादा ने कोल्हापुरी चप्पलों से प्रेरणा लेने की बात मानी. उसकी टीम ने कारीगरों से मुलाकात की और बाद में उससे प्रेरित सीमित संख्या वाले फुटवियर बाजार में उतारे. ऐसा ही विवाद कर्नाटक की बिदरी कला को लेकर हुआ. लेंसकार्ट ने चांदी की नक्काशी वाली इस परंपरा के पैटर्न चश्मों के फ्रेम में इस्तेमाल किए तो शिल्पकार अदालत पहुंचे. दोनों मामले बताते हैं कि कानूनी पहचान मिलने के बावजूद परंपरागत हुनर का हक बचाना आसान नहीं है.
यहीं भौगोलिक संकेतक (जीआइ) की अहमियत सामने आती है. कश्मीरी केसर, बासमती चावल, हापुस आम, दार्जिलिंग चाय और बनारसी साड़ी की खासियत केवल उनके नाम में नहीं है. उनके पीछे मिट्टी, मौसम, पीढ़ियों का अनुभव और हाथों का हुनर है. फ्रांस की शैंपेन और कॉग्नेक जैसे नाम भी अपने ठिकानों की साख लेकर दुनिया के बाजार में पहुंचते हैं. जगह की यही पहचान उत्पाद की अलग कीमत बनाती है.

जीआइ टैग उस रिश्ते को कानूनी सहारा देता है. यह किसी एक व्यक्ति या कंपनी की निजी मिल्कियत नहीं, संबंधित इलाके के पात्र उत्पादकों का साझा अधिकार है. किसान, बुनकर और कारीगर अधिकृत उपयोगकर्ता बनकर तय शर्तों के मुताबिक नाम इस्तेमाल कर सकते हैं. इस व्यवस्था का मकसद उनके उत्पाद की पहचान बचाना, नाम का गलत इस्तेमाल रोकना और खरीदार को असली तथा नकली के बीच फर्क समझने में मदद करना है.
विश्व व्यापार संगठन के ट्रिप्स समझौते में भौगोलिक संकेतकों को कानूनी मान्यता मिली. भारत ने इसके मुताबिक 1999 में कानून बनाया और फिर 2004-05 में पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई. वाणिज्य मंत्रालय के मातहत पेटेंट, डिजाइन और ट्रेडमार्क कार्यालय के अंतर्गत चेन्नै की जीआइ रजिस्ट्री इसे संभालती है.
फिलहाल कृषि उपज, प्राकृतिक वस्तुओं, खाद्य पदार्थों, हस्तशिल्प और तैयार माल को यह पहचान मिल सकती है. जरूरी है कि उनकी गुणवत्ता, साख या खास खूबी का रिश्ता उनके इलाके से साबित हो.

इंडिया टुडे के इस वार्षिकांक का मकसद इसी साझा ज्ञान की आज के बाजार में जगह तलाशना है. ये केवल किसी उद्योगपति की उपलब्धियां या निवेशक की पूंजी से खड़े ब्रांड नहीं हैं. इनमें समुदायों का पीढ़ी-दर-पीढ़ी चला उद्यम शामिल है. इनका ज्ञान किताबों से ज्यादा काम करते हुए सीखा और अगली पीढ़ी तक पहुंचाया गया. सवाल है कि सदियों की इस पूंजी को बाजार में उसका सही मोल कैसे मिले.
दिसंबर 2025 तक भारत में 800 से ज्यादा जीआइ टैग दिए जा चुके थे. उत्तर प्रदेश 81 के साथ आगे है. उसके बाद तमिलनाडु के 74, महाराष्ट्र के 55, कर्नाटक के 49 और असम के 42 उत्पाद हैं. अभी बहुत सारे उत्पाद इसकी कतार में हैं.
भारत की विविधता इस सूची को और बड़ा करने की गुंजाइश देती है. दस हजार पंजीकरण का लक्ष्य महत्वाकांक्षी जरूर है, लेकिन उससे भी जरूरी यह देखना होगा कि हर नई पहचान कितने उत्पादकों के काम आती है.

डब्ल्यूआइपीओ के 2023 के ब्योरे में दुनिया भर में 58 हजार से ज्यादा जीआइ दर्ज थे. इनमें करीब 48 फीसद शराब और 44 फीसद कृषि तथा खाने की चीजों से जुड़े थे. हस्तशिल्प की हिस्सेदारी 4.2 फीसद थी. भारत की तस्वीर अलग है. यहां 445 हस्तशिल्प उत्पादों को पहचान मिली है और 27 लोगो भी दर्ज हैं. बुनाई, रंगाई, कढ़ाई, धातु और लकड़ी का काम इस सूची में बड़ी जगह रखते हैं.
इसके बाद 251 कृषि उत्पाद, 66 खाद्य पदार्थ और 64 तैयार माल वाली श्रेणी में हैं. यह केवल नामों की सूची नहीं, रोजगार का बड़ा संसार है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में 64.66 लाख हथकरघा और हस्तशिल्प कारीगर हैं, जिनमें 71 फीसद महिलाएं हैं. इसलिए जीआइ की बात करते समय उनकी आमदनी, काम की निरंतरता और बाजार तक पहुंच को केंद्र में रखना जरूरी है.

भारत की पहली जीआइ पहचान दार्जिलिंग चाय को 2004 में मिली थी. बासमती इसकी निर्यात संभावनाओं की मिसाल है. वर्ष 2025-26 में इसका निर्यात 50 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा रहा. पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक फैला इसका इलाका बताता है कि एक साझा नाम कितने किसानों को जोड़ सकता है.
मगर प्रमाणपत्र अपने आप बेहतर दाम नहीं दिलाता. अच्छी गुणवत्ता, खरीदार का भरोसा, बाजार तक पहुंच और मिलकर सौदेबाजी की ताकत भी चाहिए. सस्ती नकल की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई छोटी इकाइयों के लिए मुश्किल है.
सरकारी फीस घटने से शुरुआत आसान हो सकती है, लेकिन बिक्री और निगरानी की मेहनत बाकी रहती है. अगला कदम अधिक से अधिक पात्र उत्पादकों को अधिकृत उपयोगकर्ता बनाना है. तभी साझा अधिकार कुछ संस्थाओं तक सिमटने के बजाए उन हाथों तक पहुंचेगा जो असल में चीज बनाते हैं.

जीआइ उत्पाद सदियों से भारत की पहचान रहे हैं, देश की मिट्टी से तैयार हुए इन वस्तुओं को यहीं के लोगों ने गढ़ा है. वे भारत के असली ब्रांड हैं. ऐसे ब्रांड जिनकी मार्केटिंग और प्रमोशन के लिए खास कुछ नहीं किया गया.
इंडिया टुडे पत्रिका का 40वीं वर्षगांठ विशेषांक ऐसे ही उन खास 40 जीआई टैग उत्पादों की दिलचस्प कहानियां बताता है जो सदियों से भारत की पहचान बने हुए हैं.
(देश के लोगों और भूगोल से उपजे इन ब्रांड के बारे में जानने के लिए पढ़िए इंडिया टुडे का 9 दिसंबर, 2026 का अंक ‘लोकल पहचान, ग्लोबल परचम’. यह अंक 30 नवंबर, 2026 से आपके नजदीकी स्टॉल्स पर उपलब्ध रहेगा.)

