
पश्चिम बंगाल और असम पूरी तरह भारतीय जनता पार्टी के रंग में रंग चुका है. बंगाल में भाजपा 200 से अधिक पर बढ़त बनाए है. टीएमसी के बढ़त घटकर अब 84 रह गई है. बंगाल से लेकर असम में भगवा लहर है. असम में हिमंता बिस्व सरमा ने जोरदार हैट्रिक लगाई है. पुडुचेरी में एनडीए ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. वहीं केरल में कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ ने ऐतिहासिक वापसी करते हुए 99 सीटों पर बढ़त बरकरार रखी हुई है. सत्ताधारी एलडीएफ के उम्मीदवार 35 सीटों पर तक आ गए हैं.
तमिलनाडु में एक्टर विजय ने इतिहास रचते हुए डीएमके और एआइएडीएमके को पछाड़ दिया है. अब विजय तमिल राजनीति के नए हीरो हैं और 111 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे बड़ी पार्टी के नेता बनकर उभरे हैं. उनकी दो साल पुरानी पार्टी टीवीके ने राज्य के सारे समीकरण बदल दिए हैं. हालांकि संभावना है कि वे बहुमत से कुछ दूर रह जाएं. ऐसे में उन्हें सरकार बनाने के लिए दूसरी पार्टियों की जरूरत पड़ेगी (तमिलनाडु में विजय के सामने कई विकल्प; वे किसे चुनेंगे?).
इस बीच पांच प्रदेशों में से तीन में सरकार बनाने जा रही बीजेपी के दिल्ली स्थित मुख्यालय में जश्न की जोरदार तैयारियां चल रही हैं.
दोपहर 5 बजे तक: भवानीपुर, नंदीग्राम समेत बंगाल की 5 हॉट सीटों का हाल
भवानीपुर सीट: चुनाव आयोग की वेबसाइट मुताबिक, 20 में से 13 राउंड की गिनती हो गई है. ममता बनर्जी 5349 वोटों से आगे चल रही हैं. दूसरे स्थान पर BJP के सुवेंदु अधिकारी हैं.
नंदीग्राम सीट: 18 में से 15 राउंड की गिनती के बाद नंदीग्राम से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी TMC के पबित्रा कर के खिलाफ 1538 वोटों से आगे चल रहे हैं.
बहरामपुर सीट: कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी BJP उम्मीदवार शुभ्रत मैत्रा से 27367 वोटों से पीछे चल रहे हैं. चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, यहां 15 में से 12 राउंड की गिनती हो गई है.
रेजीनगर सीट: हुमायूं कबीर BJP के बपन घोष से 52 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं. चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, यहां 15 में से 13 राउंड की गिनती हो गई है.
पानीहाटी सीट: BJP उम्मीदवार आरजीकर रेप विक्टिम की मां करीब 20,463 वोटों से आगे चल रही हैं. चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, यहां 13 में से 8 राउंड की गिनती हो गई है. वहीं, शाम 5 बजे ANI ने ट्वीट कर दावा किया कि इस सीट से BJP उम्मीदवार रत्ना देबनाथ 56 हजार वोटों से आगे चल रही हैं.
दोपहर 5 बजे तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर: असम की 3 हॉट सीटों का हाल
जालुकबारी सीट : निवर्तमान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का निर्वाचन क्षेत्र है. सरमा कांग्रेस उम्मीदवार से 83681 वोटों से आगे चल रहे हैं. इलेक्शन कमीशन के मुताबिक यहां 18 में से 17 राउंड की गिनती हो गई है.
जोरहाट सीट : कांग्रेस नेता गौरव गोगोई इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, सभी 14 चरणों की मतगणना के बाद BJP उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी विजयी हुए हैं.
उन्होंने 69,439 वोट प्राप्त किए और कांग्रेस उम्मीदवार तथा राज्य पार्टी प्रमुख गौरव गोगोई को 23,182 वोटों के अंतर से हराया, जिन्हें 46,257 वोट मिले.

तामुलपुर सीट : बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में एक महत्वपूर्ण सीट के रूप में उभर कर सामने आया है, जहां प्रमोद बोरो (यूपीपीएल), बिस्वजीत डाइमरी (BJP) और रफी डाइमरी (कांग्रेस) के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें बिस्वजीत डाइमरी 26743 वोटों से विजयी हुए.
विजय के उम्मीदवार वी.एस. बाबू से स्टालिन को मिली पराजय
स्टालिन कोलाथुर सीट से चुनाव हार गए हैं. कोलाथुर सीट को स्टालिन का अभेद्य किला माना जाता था, जहां से वे लगातार तीन बार (2011, 2016, 2021) जीत चुके हैं. विजय थलपति की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के उम्मीदवार और स्टालिन के पुराने साथी वी.एस. बाबू ने उन्हें पटखनी दी है.

असम विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों/नतीजों में शानदार जीत के करीब पहुंचने के बाद विक्ट्री साइन दिखाते सीएम सरमा.
TMC नेता पर BJP कार्यकर्ताओं का कथित तौर पर हमला
पश्चिम बंगाल के कूच बिहार,में दिन्हाटा टाउन ब्लॉक के TMC अध्यक्ष बिशु धर पर मतगणना केंद्र से बाहर आने के बाद कथित तौर पर BJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हमला किया.
ममता ने संभाला मोर्चा: कोलकाता में मतगणना हॉल पहुंची ममता बनर्जी
TMC अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के सखावत मेमोरियल मतगणना हॉल में पहुंचीं, जहां मतगणना जारी है. BJP फिलहाल 194 सीटों पर बहुमत के आंकड़े से काफी आगे चल रही है.
कोलकाता में TMC मुख्यालय के बाहर जय श्री राम के नारे लगे
कोलकाता में TMC कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए.
TMC का आरोप- EVM को हैक किया गया है
बगदा से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुस्लिम बूथों पर TMC का पीछे रहना नामुमकिन है. यह इस बात का संकेत है कि EVM को हैक किया गया है.
क्या कांग्रेस के साथ मिलकर तमिलनाडु में सरकार बनाएंगे विजय?
TVK प्रमुख विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने कहा, "वे कांग्रेस के साथ गठबंधन का स्वागत करेंगे और उन्होंने टिप्पणी की कि अन्य राजनीतिक दलों का समर्थन करने से पार्टी कमजोर हुई है."
उन्होंने यह भी दावा किया कि जरूरत पड़ने पर विजय कांग्रेस को समर्थन देने और "सत्ता सौंपने" के लिए तैयार हैं. विजय के सफर पर विचार करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने विजय को सिनेमा से परे सोचने और सामाजिक जिम्मेदारी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया था, और बताया कि अभिनेता लंबे समय से तमिल समाज के लिए काम करने की इच्छा से प्रेरित रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा कि विजय का जनता के साथ गहरा भावनात्मक बंधन है, जहां हर उम्र के लोग उन्हें परिवार का हिस्सा मानते हैं और प्यार से उन्हें "अन्ना" कहकर पुकारते हैं, जो समर्थकों के साथ उनके मजबूत व्यक्तिगत जुड़ाव का प्रतीक है.
अंतिम राउंड के बाद जीत हमारी ही होगी: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, "काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिंग सेंटर छोड़कर न जाएं. यह BJP की चाल है, मैं कल से ही यह कह रही हूं कि वे पहले उन्हें ही आगे दिखाएंगे. उन्होंने कई जगहों पर काउंटिंग रोक दी है."
इसके आगे पार्टी कार्यकर्ताओं से उन्होंने हिम्मत बनाए रखने की अपनी अपील की. उन्होंने कहा, "मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से कहती हूं कि निराश होने की कोई जरूरत नहीं है. सूरज डूबने के बाद आप ही जीतेंगे. 2-4 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है, काउंटिंग 14-18 राउंड तक चलती है और हम ही जीतेंगे. किसी को भी डरने की कोई जरूरत नहीं है."
हिंसा में TMC के कार्यालयों में आग लगाई गई
आसनसोल के जमुरिया विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के दौरान तनाव की खबर आ रही है. इस दौरान TMC कार्यालय को निशाना बनाकर हमला किया गया. कथित तौर पर TMC कार्यालय में आग लगाए जाने की भी खबर है.
ये घटनाएं पश्चिम बर्धमान जिले में BJP की मजबूत बढ़त दर्शाने वाले शुरुआती चुनावी रुझानों के बीच हुई हैं. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, चुरुलिया क्षेत्र में स्थित TMC कार्यालय को अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी, जबकि केंडा में स्थित एक अन्य कार्यालय को भी कथित तौर पर जला दिया गया.
किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि संपत्ति को काफी नुकसान होने की बात कही जा रही है.
आसनसोल में मतगणना केंद्र के बाहर लाठीचार्ज
आसनसोल में मतगणना केंद्र के बाहर चल रही मतगणना के दौरान तनाव भड़क उठा, जब आसपास से हिंसा की खबरें आईं. स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और लाठीचार्ज किए जाने की खबर है.
किरेन रिजिजू की 'झालमुड़ी' के जरिए विपक्ष पर किया कटाक्ष
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस, TMC, DMK और सपा पर कटाक्ष करते हुए एक ट्वीट किया. इस ट्वीट के कैप्शन में उन्होंने लिखा- "झालमुड़ी की झाल."
कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय में झालमुड़ी बांटकर जश्न मनाते BJP कार्यकर्ता
केरल में कांग्रेस की अगुवाई वाला UDF जीत के नए रिकॉर्ड की ओर
कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) दो दशकों से अधिक समय में अपना सबसे मजबूत चुनावी प्रदर्शन करता दिख रहा है. केरल की 140 विधानसभा सीटें हैं. शुरुआती रुझानों में UDF 92 सीटों के आंकड़े को पार कर गया है. अगर यह रुझान बने रहते हैं, तो यह 2001 के विधानसभा चुनाव के बाद गठबंधन का सबसे अच्छा प्रदर्शन होगा. 2001 में UDF ने 99 सीटें हासिल की थीं, जो इसकी अब तक की सबसे अधिक सीटें थीं.
ताजा रुझान सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले गठबंधन लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) के खिलाफ एक निर्णायक जनादेश की ओर इशारा करते हैं. एलडीएफ कई प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में पीछे चल रहा है और एक बड़ी हार की ओर बढ़ रहा है.
शाम में BJP मुख्यालय से कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव परिणामों के बाद पार्टी के जश्न में शामिल होने के लिए शाम 6:30 बजे के बाद BJP मुख्यालय का दौरा कर सकते हैं. इंडिया टुडे पत्रकार ऐश्वर्या पालीवाल के मुताबिक, परिणाम स्पष्ट होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं.
तमिलनाडु: TVK कार्यकर्ताओं का जश्न
कोयंबटूर में TVK के कार्यकर्ता और समर्थक जश्न मना रहे हैं. TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है. दोपहर के 12 बजे तक TVK राज्य की कुल 234 सीटों में से 101 सीटों पर आगे चल रही है.
बंगाल चुनाव परिणाम को लेकर स्मृति ईरानी का बयान
स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर कहा, "पश्चिम बंगाल के चुनावी परिणामों ने तथाकथित INDI गठबंधन की सच्चाई उजागर कर दी है... ना कोई विचार, ना नेतृत्व, और न ही विश्वास! यह केवल सत्ता के लिए किया गया असफल प्रयोग है."
आगे उन्होंने कहा पूरे चुनाव में राहुल गांधी ना दिशा दे पाए, और ना ही गठबंधन को साथ रख पाए। सारे सहयोगी बिखर गए, फिर भी कोई रणनीति नहीं रही.
ईरानी के मुताबिक, बंगाल की जनता ने हिंसा, अराजकता और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार दिया है. यह जनादेश विकास, स्थिरता और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @NarendraModi जी के निर्णायक नेतृत्व पर जनता का विश्वास है. यह सिर्फ जीत नहीं, बल्कि अवसरवादी गठबंधन और कमजोर नेतृत्व की करारी हार है. बंगाल ने एक रास्ता दिखाया है... INDI गठबंधन का अंत निश्चित है.
बंगाल चुनाव परिणाम 2026 Live: आरजी कर रेप पीड़िता की मां पनिहाटी सीट से आगे चल रही हैं
आरजी कर बलात्कार पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ 2 राउंड की गिनती के बाद रुझानों में पनिहाटी विधानसभा सीट से आगे चल रही हैं. रत्ना TMC उम्मीदवार से 5 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रही हैं.

शुरुआती मतगणना के रुझानों पर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई का बयान
शुरुआती मतगणना के रुझानों पर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा, "हम देख रहे हैं कि तिताबोर विधानसभा क्षेत्र में मतगणना बहुत धीमी गति से चल रही है. हमने अभी-अभी अंदरूनी सूत्रों को बताया है कि तिताबोर विधानसभा में मतगणना धीमी क्यों है... इसमें उतार-चढ़ाव आएंगे."
तीसरे राउंड की गिनती के बाद भवानीपुर में ममता बनर्जी आगे चल रही हैं
मतगणना के तीसरे राउंड की गिनती के बाद, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर 898 से ज्यादा वोटों के अंतर से आगे चल रही हैं. सुवेंदु अधिकारी फिलहाल इस सीट पर पीछे चल रहे हैं.

दूसरे राउंड की काउंटिंग के बाद भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी से आगे चल रहे हैं
पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के दूसरे चरण के बाद, BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी 1,558 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं. मतगणना जारी रहने के दौरान मुख्यमंत्री और TMC उम्मीदवार ममता बनर्जी दूसरे स्थान पर हैं.

तमिलनाडु: शुरुआती रुझानों में विजय की TVK पार्टी ने 100 से ज्यादा सीटों पर बनाई बढ़त

विजय की TVK पार्टी ने शुरुआती बढ़त दिखाते हुए तमिलनाडु में 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है. सुबह 10.45 तक विजय की पार्टी को 106 सीटों पर बढ़त मिली है. विजय की पार्टी की यह प्रदर्शन बाकी दलों के लिए हैरान करने वाला है. TVK पार्टी के नेता फेलिक्स गेराल्ड ने इंडिया टुडे को बताया कि पार्टी को दूसरों के समर्थन की जरूरत नहीं है.
उन्होंने इसे विजय लहर का नाम दिया है. फेलिक्स गेराल्ड ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमें किसी अन्य पार्टी के समर्थन की जरूरत है... इससे पता चलता है कि तमिलनाडु बदलाव का इंतजार कर रहा है."
शुरुआती रुझानों के बाद ही हिम्मत हारती दिख रही है DMK!
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम के शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं. शुरुआती रुझानों में DMK तीसरे स्थान पर पिछड़ रही है. जबकि TVK 45 सीटों पर, AIADMK 41 सीटों पर और DMK 19 सीटों पर आगे चल रही है. यही वजह है कि चेन्नई स्थित DMK मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में लगे टेंट हटाए जा रहे हैं.
पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों पर सुवेंदु अधिकारी का बयान
शुरुआती रुझानों पर पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता और नंदीग्राम और भवानीपुर से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "सभी हिंदू नरेंद्र मोदी के पक्ष में एकजुट हैं... चार दौर की मतगणना के बाद BJP अपनी सरकार बना रही है. हिंदू EVM का मतलब BJP है, मुस्लिम EVM का मतलब TMC है, सिवाय मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर के, जहां लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया है..."
पश्चिम बंगाल में TMC और BJP के बीच कांटे की टक्कर
केरल के रुझानों पर शशि थरूर ने कहा है कि हम 10 साल से इंतजार कर रहे थे. इतनी बड़ी मेजॉरिटी हमें मिली तो हम स्टेबल रहेंगे. जनता ने हमारे संदेश को स्वीकार किया है और इतना बड़ा समर्थन हमें मिलता नजर आ रहा है.
दूसरी ओर ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी और बीजेपी में कांटे की टक्कर चल रही है. भाजपा बढ़त बनाए हैं लेकिन आंकड़े तेजी से बदल रहे हैं. बीजेपी की लीड 150 के पार पहुंच गई है. इस तरह BJP को शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल में बहुमत मिलता दिख रहा है.
चुनाव आयोग आज असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित करेगा. सुबह आठ बजे से काउंटिंग शुरू हो चुकी है और ज्यादातर जगहों पर काउंटिंग खत्म होने के साथ ही शाम तक जीत-हार की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
भारत में वोटों की गिनती चुनाव आयोग की देखरेख में एक तय प्रक्रिया के तहत होती है. इसकी शुरुआत सबसे पहले पोस्टल बैलट से की जाती है. इनके जरिए चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी, सैन्य बल और दिव्यांग लोग वोट डालते हैं. सबसे पहले इन्हीं वोटों को गिनकर इनका रिकॉर्ड दर्ज किया जाता है.
इसके लगभग 30 मिनट बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के वोटों की गिनती शुरू होती है. चुनाव अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जब EVM का रिजल्ट बटन दबाया जाता है, तब मशीन हर उम्मीदवार को मिले कुल वोट दिखा देती है.
असम की 126 सीटों पर, केरल की 140 सीटों पर और पुडुचेरी की 30 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था, जबकि तमिलनाडु की 234 सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले गए. पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था.
पश्चिम बंगाल में दोनों चरणों को मिलाकर 92 प्रतिशत से अधिक मतदान रहा. वहीं असम में रिकॉर्ड 85.38 प्रतिशत भागीदारी देखी गई. तमिलनाडु में 84.69 प्रतिशत, केरल में 79.63 प्रतिशत और पुडुचेरी में 89.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
किस पार्टी के लिए क्या दांव पर?
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए यह चुनाव अग्निपरीक्षा है. तृणमूल कांग्रेस जहां अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश में है, वहीं अन्य राज्यों के मुकाबले बीजेपी ने यहां सबसे ज्यादा जोर लगाया है. इसी वजह से पूरे देश की नजर इस मुकाबले के नतीजों पर टिकी है.
तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है, जबकि एआईएडीएमके फिर से वापसी की कोशिशों में जुटी है. यहां बीजेपी मुख्य विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके की अगुवाई में अपनी छाप छोड़ने की जुगत में है. इसके अलावा फिल्म स्टार विजय थलापति अपनी पार्टी टीवीके (TVK) के जरिए चुनाव को त्रिकोणीय बना रहे हैं.
केरल में मुकाबला पारंपरिक रूप से एलडीएफ और यूडीएफ के बीच ही है. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन राज्य में हर पांच साल पर सत्ता बदलने के रिवाज को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ सत्ता में लौटने की उम्मीद लगाए है.
असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी अपने गढ़ को बचाने के लिए मैदान में है. यहां उसे कांग्रेस की अगुवाई वाले एकजुट विपक्षी गठबंधन से कड़ी चुनौती मिल रही है.
पुडुचेरी की बात करें तो बीजेपी और कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधनों के अलावा क्षेत्रीय दल भी यहां पूरा जोर लगाए हुए हैं.

