scorecardresearch

दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे से रफ्तार तो मिली, लेकिन इसका इम्तिहान बाकी है

12000 करोड़ की लागत वाले दिल्ली–दून एक्सप्रेसवे से सफर तेज हुआ, लेकिन इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार, निवेश और पर्यावरण संतुलन पर किए वादों का असर अभी दिखना बाकी

Delhi-Dehradun Expressway (Photo- ITG)
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे
अपडेटेड 16 अप्रैल , 2026

उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला 212 किलोमीटर लंबा दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे अब हकीकत बन चुका है. 14 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया और और अब इसपर ट्रैफिक दौड़ने लगा है. इसके साथ ही दिल्ली से देहरादून का सफर, जो कभी 6-7 घंटे का हुआ करता था, अब सिमटकर करीब ढाई घंटे रह गया है. 

पहली नजर में यह परियोजना आधुनिक भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर की एक बड़ी उपलब्धि लगती है, लेकिन इसकी असली कहानी केवल रफ्तार तक सीमित नहीं है. यह एक्सप्रेसवे विकास, पर्यावरण, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय असमानताओं के बीच संतुलन की एक जटिल कहानी भी बयां करता है.

12 हजार करोड़ की लागत  से करीब करीब 4 साल में एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हुआ है. जरूरी जगहों पर इंटरचेंज बनाए गए हैं. जहां जंगल है, वहां पूरा का पूरा हिस्सा एलीवेटेड कर दिया गया है. अभी दिल्ली से देहरादून जाने के लिए लोग नेशनल हाईवे-58 का इस्तेमाल करते हैं. यह रास्ता दिल्ली से गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचता है. हाईवे पर करीब 10 ऐसे पॉइंट हैं, जहां ट्रैफिक जाम मिलता है. इन सब मुश्किलों को देखते हुए फरवरी, 2020 में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे बनाने का फैसला हुआ था. लेकिन रूट में पड़ने वाले जंगलों की वजह से प्रोजक्ट का विरोध होने लगा. 

यह एक्सप्रेस-वे बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे यूपी के जिलों से गुजरता है
यह एक्सप्रेस-वे बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे यूपी के जिलों से गुजरता है

बाद में इस अवरोध का हल भी निकला और दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे हकीकत में उतरा. यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों से होकर गुजरता है. कुल लंबाई का लगभग 64 प्रतिशत हिस्सा यूपी में है, जिससे यह साफ हो जाता है कि इसका प्रभाव केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहेगा. बल्कि, इसका सबसे बड़ा सामाजिक-आर्थिक असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है.

कैसे मिलेगी अर्थव्यवस्था को गति 

सबसे पहले बात यात्रा और कनेक्टिविटी की करें तो यह एक्सप्रेसवे मौजूदा NH-58 का एक तेज और आधुनिक विकल्प बनकर सामने आया है. पहले दिल्ली से देहरादून जाने के लिए गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार के भीड़भाड़ वाले रास्तों से गुजरना पड़ता था, जहां जाम आम बात थी. अब एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे होने के कारण न केवल यात्रा तेज होगी बल्कि अपेक्षाकृत सुरक्षित भी होगी. 100 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड, इमरजेंसी लेन और हाई-टेक निगरानी प्रणाली इसे आधुनिक परिवहन ढांचे का उदाहरण बनाती है. 

लेकिन असली सवाल यह है कि क्या यह रफ्तार स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी उतनी ही गति दे पाएगी? बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों में जमीन की कीमतों में शुरुआती उछाल देखने को मिला है. रियल एस्टेट डेवलपर्स और छोटे निवेशकों की नजर अब इन इलाकों पर है. एक्सप्रेसवे के आसपास वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स पार्क और छोटे औद्योगिक क्लस्टर विकसित होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं. खासतौर पर बागपत और शामली, जो अब तक कृषि प्रधान क्षेत्र रहे हैं, वहां भूमि उपयोग में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है. हालांकि, यह बदलाव कितना स्थाई और समावेशी होगा, यह अभी देखना बाकी है.

एक बड़ा पहलू यह भी है कि क्या स्थानीय लोगों को इस विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा या वे केवल दर्शक बनकर रह जाएंगे. मेरठ विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर विवेक नौटियाल बताते हैं, “अक्सर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में देखा गया है कि जमीन अधिग्रहण के बाद किसानों को एकमुश्त मुआवजा तो मिल जाता है, लेकिन दीर्घकालिक रोजगार या आय के अवसर सीमित रहते हैं. दिल्ली–दून एक्सप्रेसवे के साथ भी यही चुनौती सामने है. अगर उद्योग और लॉजिस्टिक्स हब वास्तव में विकसित होते हैं, तभी स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.”

टोल और ट्रैफिक मैनेजमेंट का मॉडल भी इस एक्सप्रेसवे की एक महत्वपूर्ण विशेषता है. शुरुआती 18 किलोमीटर तक टोल फ्री रखने का फैसला स्थानीय यात्रियों को राहत देने के लिए लिया गया है. साथ ही, 32 किलोमीटर तक सर्विस रोड बनाकर लोकल ट्रैफिक को अलग रखने की कोशिश की गई है. सिद्धांत रूप में यह मॉडल बेहतर लगता है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि क्या वाकई में सर्विस लेन स्थानीय लोगो की सहूलियतों केा ध्यान में रखकर बनाई गई है. अगर ऐसा नहीं हुआ तो स्थानीय ट्रैफिक भी मजबूरी में एक्सप्रेसवे पर चढ़ेगा और ‘अनप्लांड ट्रैफिक’ से जुड़ी समस्याएं भी सामने आएंगी. 

कितना प्रभावी होगा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर 

इस परियोजना का सबसे चर्चित और विवादित पहलू रहा है इसका वाइल्डलाइफ कॉरिडोर, जो उत्तराखंड के राजाजी टाइगर रिजर्व और शिवालिक क्षेत्र में बाघ, शेर, हाथी, हिरण जैसे जानवर पाए जाते हैं. यहां सड़क निकालने का मतलब था, इनके जीवन को डिस्टर्ब करना. इसलिए यहां जंगल के बीच 12 किलोमीटर लंबा एलीवेटेड एक्सप्रेस-वे बनाया गया है. एशिया में कहीं भी जंगल में इतनी लंबी एलिवेटेड रोड नहीं बनी है. करीब 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड सेक्शन एशिया का सबसे बड़ा वन्यजीव-अनुकूल कॉरिडोर बताया जा रहा है. 

यह एक्सप्रेस-वे राजाजी टाइगर रिजर्व और शिवालिक क्षेत्र से होकर गुजरता है
यह एक्सप्रेस-वे राजाजी टाइगर रिजर्व और शिवालिक क्षेत्र से होकर गुजरता है

इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि नीचे से हाथी, हिरण और अन्य वन्यजीव बिना किसी बाधा के गुजर सकें और ऊपर से वाहन अपनी रफ्तार बनाए रखें. सरकार का दावा है कि इस कॉरिडोर में नॉइज बैरियर, नियंत्रित लाइटिंग और पर्याप्त ऊंचाई जैसे उपाय किए गए हैं, जिससे वन्यजीवों पर न्यूनतम असर पड़ेगा. लेकिन पर्यावरणविदों का मानना है कि इस तरह की परियोजनाओं का वास्तविक प्रभाव लंबे समय में ही समझ में आता है. देहरादून के एक स्थानीय पर्यावरणविद रमेश बिष्ट बताते हैं, “मुख्य बात यह है कि वन्यजीव इस निर्माण पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं, इसका प्रभाव लंबे समय बाद सामने आएगा.” 

दरअसल, इस परियोजना के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं भी दायर हुई थीं, जिसमें पेड़ों की कटाई और वन्यजीवों के आवास पर असर को लेकर चिंता जताई गई थी. बाद में विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों और संशोधित डिजाइन के आधार पर इसे मंजूरी दी गई. 

लॉजिस्ट‍िक हब में तब्दील करने की चुनौती 

एक और महत्वपूर्ण पहलू है लॉजिस्टिक्स और उद्योग. दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-मेरठ जैसे अन्य कॉरिडोर से जुड़कर एक व्यापक नेटवर्क का हिस्सा बनता है. इससे माल परिवहन तेज होगा और लागत कम हो सकती है. अगर सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर लॉजिस्टिक्स हब विकसित करते हैं, तो यह क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है. लेकिन इसके लिए केवल सड़क बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नीति, निवेश और कौशल विकास की भी जरूरत होगी.

सुरक्षा और तकनीक के लिहाज से यह एक्सप्रेसवे काफी उन्नत है. कैमरों के जरिए निगरानी, तेज रेस्पॉन्स सिस्टम और स्पीड कंट्रोल जैसे फीचर्स इसे आधुनिक बनाते हैं. दावा किया गया है कि दुर्घटना की स्थिति में 10 मिनट के भीतर सहायता पहुंचाई जा सकेगी. लेकिन भारत में सड़क सुरक्षा का अनुभव बताता है कि तकनीक के साथ-साथ लोगों की ड्राइविंग आदतों में बदलाव भी उतना ही जरूरी है. इस एक्सप्रेसवे पर भी अन्य तेज गति वाली सड़कों की तरह दुर्घटनाओं को रोकने की बड़ी चुनौती भी है. 

पर्यावरण के अलावा सामाजिक प्रभाव भी कम महत्वपूर्ण नहीं है. इस परियोजना के कारण बड़े पैमाने पर मानव विस्थापन नहीं हुआ, जो एक सकारात्मक पहलू है. लेकिन जानकार मानते हैं कि भूमि उपयोग में बदलाव, शहरीकरण का दबाव और पारंपरिक जीवनशैली पर असर जैसे मुद्दे धीरे-धीरे सामने आएंगे. खासकर पश्चिमी यूपी के ग्रामीण इलाकों में, जहां कृषि मुख्य आय का स्रोत है, वहां यह बदलाव सामाजिक संरचना को भी प्रभावित कर सकता है. 

कुल मिलाकर, दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क नहीं है, बल्कि यह विकास के एक बड़े मॉडल का हिस्सा है. यह मॉडल तेज रफ्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक अवसरों का वादा करता है, लेकिन इसके साथ कई इम्तिहान भी शुरू होते हैं जिनके नतीजे समय के साथ सामने आएंगे. क्या यह विकास समावेशी होगा? क्या पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सकेगा? क्या स्थानीय लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिलेगा? इन सवालों के जवाब अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं. फिलहाल, यह परियोजना उम्मीद और आशंका, दोनों के बीच खड़ी नजर आती है.

Advertisement
Advertisement