
कई सालों से 10वीं की बोर्ड परीक्षा को पढ़ाई का एक बड़ा पड़ाव माना जाता रहा है. गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में मिलने वाले अंकों को अक्सर इस बात से ज्यादा अहमियत दी गई है कि कोई छात्र डिजाइन, चीजें तैयार करने (बिल्ड), संवाद करने (कम्युनिकेट), कुछ नया बनाने (क्रिएट) या असल जिंदगी की किसी समस्या को हल करने में कितना सक्षम है.
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की परीक्षा व्यवस्था में अब एक नया बदलाव किया गया है. हालांकि मकसद भी कामयाबी की इस सोच को और व्यापक बनाना है.
शैक्षणिक सत्र 2027-28 से छात्रों को पांच अनिवार्य विषयों के साथ एक वोकेशनल एजुकेशन (व्यावसायिक शिक्षा) विषय चुनने का विकल्प मिलेगा. इसके लिए 22 स्किल कोर्स उपलब्ध होंगे. इस कदम से छात्रों को पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़कर दूसरे क्षेत्रों को समझने का मौका मिल सकता है.
लेकिन यह योजना कितनी कामयाब होगी, यह विषयों की उपलब्धता से ज्यादा इस बात पर निर्भर करेगा कि स्कूल उन्हें कितने अच्छे तरीके से पढ़ाते हैं.
समझ का व्यापक दायरा
वोकेशनल एजुकेशन के पीछे सोच सीधी है: हर बच्चा एक ही तरीके से नहीं सीखता और हर किसी की खूबियां भी अलग-अलग होती हैं. कुछ बच्चे पढ़ाई में अच्छे होते हैं, जबकि कुछ में टेक्नोलॉजी, डिजाइन, कम्युनिकेशन, एंटरप्रेन्योरशिप या प्रैक्टिकल प्रॉब्लम-सॉल्विंग (व्यावहारिक समस्या-समाधान) की बेहतर समझ होती है.
नई दिल्ली के द्वारका में न्यू एरा पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति रामेंद्र कहती हैं, "हर बच्चा एक ही तरीके से नहीं सीखता और न ही हर बच्चा करियर का एक ही रास्ता चुनता है. इसलिए शिक्षा को टेक्स्टबुक और परीक्षाओं से आगे बढ़कर बच्चों की अलग-अलग खूबियों को पहचानना और उन्हें निखारना चाहिए."

नए नियम के तहत अगर कोई छात्र किसी मुख्य विषय में फेल हो जाता है, तो उसकी जगह वोकेशनल विषय के अंकों को मानने का विकल्प भी मिलेगा. इससे बोर्ड परीक्षा का कुछ दबाव कम हो सकता है. गणित या विज्ञान में कमजोर प्रदर्शन करने वाला छात्र अगर आईटी, रिटेल या किसी दूसरे स्किल विषय में अच्छा करता है तो उसे अपनी काबिलियत दिखाने का एक और मौका मिलेगा.
हालांकि स्कूलों को ध्यान रखना होगा कि वोकेशनल एजुकेशन को मुख्य विषयों से बचने का रास्ता न बना दिया जाए. रामेंद्र कहती हैं, "इसे सेफ्टी नेट की तरह समझना चाहिए, हैमॉक (झूले) की तरह नहीं." उनका कहना है कि इस छूट से छात्रों की चिंता कम होनी चाहिए लेकिन बुनियादी पढ़ाई कमजोर नहीं पड़नी चाहिए.
विकल्प चुनने से पहले समझना जरूरी
छात्रों के पास चुनने के लिए 22 कोर्स होंगे लेकिन सिर्फ विषयों की सूची देना काफी नहीं होगा. कोई फैसला लेने से पहले उन्हें इन विषयों को आजमाने का मौका भी मिलना चाहिए. वीडियो बनाने या डिजिटल टूल्स के साथ काम करने में दिलचस्पी रखने वाले छात्र की रुचि मल्टीमीडिया या टेक्नोलॉजी में हो सकती है. वहीं गतिविधियां आयोजित करने या लोगों से बातचीत करने का शौक रखने वाला छात्र टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी या एंटरप्रेन्योरशिप की ओर आकर्षित हो सकता है.

करियर से जुड़ी जानकारी, वर्कशॉप, डेमो और अलग-अलग पेशों के लोगों से बातचीत छात्रों को सही फैसला लेने में मदद कर सकती है. इससे वे दोस्तों की देखा-देखी या किसी विषय में आसानी से अच्छे नंबर मिलने की उम्मीद में उसे चुनने से बच सकेंगे.
रामेंद्र कहती हैं, "छात्रों को सही फैसला लेने से पहले अलग-अलग क्षेत्रों को समझने का मौका मिलना चाहिए. बच्चों को कोई विकल्प चुनने से पहले उसे आजमाने के लिए बढ़ावा देना ही हमारा मुख्य मकसद होना चाहिए."
असल जिंदगी तक पहुंचे पढ़ाई
यहीं सबसे बड़ी चुनौती है. अगर किसी वोकेशनल विषय को भी सिर्फ टेक्स्टबुक, नोट्स और रोजमर्रा के असाइनमेंट के जरिए पढ़ाया गया तो उसका मकसद ही खत्म हो जाएगा. उदाहरण के लिए, एंटरप्रेन्योरशिप को ही लें. सिर्फ कारोबार से जुड़े शब्द याद कराने के बजाय छात्रों से कोई प्रोडक्ट तैयार कराया जा सकता है. वे उसकी लागत निकाल सकते हैं, बेचने की कीमत तय कर सकते हैं, मार्केटिंग की योजना बना सकते हैं और स्कूल में आयोजित प्रदर्शनी में उसे बेच भी सकते हैं.
इसी तरह, रिटेल की क्लास में इन्वेंट्री (सामान का हिसाब रखना), बिलिंग और कस्टमर इंटरैक्शन (ग्राहकों से बातचीत का अभ्यास) कराया जा सकता है. AI के कोर्स में छात्र हेल्थकेयर, ट्रांसपोर्ट या एजुकेशन के क्षेत्र में इसके इस्तेमाल को समझ सकते हैं. साथ ही, वे इसके जिम्मेदारी से इस्तेमाल पर भी चर्चा कर सकते हैं.
रामेंद्र कहती हैं, "प्रैक्टिकल असेसमेंट में सिर्फ असाइनमेंट या फाइल जमा करने के बजाय इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि छात्रों ने कौन-से काम करना सीखा है." यानी छात्रों को अपने सीखे हुए काम का प्रदर्शन करना आना चाहिए. वे वर्किंग मॉडल, बिजनेस प्लान, प्रोजेक्ट या किसी प्रैक्टिकल काम के जरिए अपनी समझ दिखा सकें.
लागू करने की चुनौती
हालांकि स्कूलों को इस योजना को लागू करने में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है. सबसे पहली चुनौती प्रशिक्षित शिक्षकों की होगी. 22 अलग-अलग स्किल विषयों के लिए स्कूलों को ऐसे शिक्षकों की जरूरत होगी, जिन्हें संबंधित विषय की जानकारी के साथ-साथ उस क्षेत्र में काम करने का अनुभव भी हो.
बुनियादी सुविधाएं भी एक बड़ी चिंता हैं. आईटी, हेल्थकेयर, फूड प्रोडक्शन और रिटेल जैसे कोर्स के लिए अलग-अलग तरह के उपकरण और पढ़ाई के माहौल की जरूरत होगी. उद्योगों के साथ साझेदारी और सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) पहल से इन कमियों को दूर करने में मदद मिल सकती है. खासकर उन स्कूलों के लिए यह मददगार हो सकता है जो खुद ज्यादा पैसा खर्च नहीं कर सकते.
एक और खतरा यह है कि वोकेशनल एजुकेशन भी एक ऐसा विषय बनकर न रह जाए जिसमें सिर्फ किताबी बातें पढ़ाई जाएं. अगर प्रैक्टिकल काम की जगह गाइडबुक और पहले से तैयार प्रोजेक्ट ले लेंगे तो छात्र बिना कोई काम का हुनर सीखे अच्छे नंबर हासिल कर सकते हैं.
शहरों और गांवों के बीच का अंतर भी एक बड़ी चुनौती होगा. छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों के स्कूलों को बेहतर डिजिटल संसाधनों, वर्चुअल डेमो और उद्योगों के लोगों से बातचीत के ज्यादा मौके देने होंगे.
सोच बदलना भी जरूरी
शायद सबसे बड़ी रुकावट माता-पिता की सोच है. कई परिवारों के लिए पढ़ाई में कामयाबी का मतलब अब भी डॉक्टर या इंजीनियर बनने जैसे कन्वेंशनल करियर से जुड़ा है. स्किल आधारित शिक्षा को कभी-कभी उन छात्रों के लिए दूसरे विकल्प के तौर पर देखा जाता है जो पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं होते.
इस सोच को बदलने की जरूरत है. रामेंद्र कहती हैं, "वोकेशनल एजुकेशन का मतलब पढ़ाई से समझौता करना नहीं है बल्कि शिक्षा का दायरा बढ़ाना है. प्रैक्टिकल स्किल, क्रिएटिविटी, टेक्निकल नॉलेज और एंटरप्रेन्योरशिप को भी उतनी ही पहचान और सम्मान मिलना चाहिए जितना पारंपरिक पढ़ाई में हासिल कामयाबी को मिलता है."
नई योजना की कामयाबी सिर्फ इस बात से नहीं मापी जा सकती कि कितने छात्र पास हुए. स्कूलों को इससे भी अहम सवाल पूछना होगा: छात्रों ने जो सीखा है, उसका असल जिंदगी में क्या इस्तेमाल कर सकते हैं? इस योजना की असली कामयाबी तभी होगी, जब छात्र इनसे जुड़े स्किल को आगे भी सीखते रहें, काम के प्रोजेक्ट तैयार करें, उद्योगों के साथ काम करने का अनुभव हासिल करें और अपने फैसलों को लेकर ज्यादा आत्मविश्वास महसूस करें.

