scorecardresearch
डार्क मोड

AI आया तो स्कूलों ने क्यों बदल दिए होमवर्क के तरीके?

AI बच्चों के लिए एक नया स्टडी पार्टनर बन चुका है लेकिन शिक्षकों का कहना है कि असली सीख तभी होगी जब छात्र जवाब के साथ यह भी समझें कि वे उस तक कैसे पहुंचे

सांकेतिक तस्वीर
अपडेटेड 13 जुलाई , 2026

मैथ्स का कोई कठिन सवाल हल कराना है? इतिहास का कोई चैप्टर संक्षेप में समझना है? कुछ ही सेकंड में निबंध लिखना है? एक AI चैटबॉट यह सब और इससे भी ज्यादा कर सकता है. लाखों बच्चों के लिए AI पढ़ाई का एक और साथी बन गया है जो हर समय उपलब्ध रहता है और हमेशा जवाब देने के लिए तैयार रहता है.

जैसे-जैसे AI स्कूलों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन रहा है, शिक्षकों को यह एहसास हो रहा है कि असली बदलाव होमवर्क में नहीं बल्कि उसके उद्देश्य में आ रहा है. गुरुग्राम के सत्य स्कूल की डायरेक्टर-प्रिंसिपल मनीषा मल्होत्रा कहती हैं, "तीन साल पहले तक होमवर्क मुख्य रूप से यह जांचता था कि छात्र सही जानकारी ढूंढ़ सकते हैं या नहीं. अब जानकारी लगभग तुरंत उपलब्ध हो जाती है. शिक्षक वास्तव में यह जानना चाहते हैं कि बच्चों ने जो जानकारी हासिल की है क्या वे उसे समझते भी हैं."

यह बदलाव स्कूलों को उन असाइनमेंट्स पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर रहा है जो दशकों से लगभग बिना बदले चले आ रहे हैं. छात्रों को जानकारी दोहराने के लिए पुरस्कृत करने के बजाय, शिक्षक अब मौलिक सोच के प्रमाण तलाश रहे हैं. क्या छात्र किसी विचार को अपने शब्दों में समझा सकते हैं? क्या वे अपनी राय का बचाव कर सकते हैं? क्या वे बेहतर सवाल पूछ सकते हैं? यह सबकुछ AI उनके लिए नहीं कर सकता.

यही वजह है कि ऑफ लाइन क्लासें और भी महत्वपूर्ण होती जा रही हैं. AI छात्रों को घर पर तैयारी करने में मदद कर सकता हैलेकिन शिक्षकों को अब भी ऐसे अवसरों की जरूरत होती है जहां वे छात्रों को स्वतंत्र रूप से सोचते, समस्याएं हल करते और बिना डिजिटल सहायता के अपने तर्क समझाते हुए देख सकें.

AI कक्षाओं के भीतर मानवीय संवाद को और गहरा बना सकता है. वहीं शिक्षक यह भी साफ करते हैं कि AI कोई खलनायक नहीं है. अगर इसका सही तरीके से उपयोग किया जाए तो यह सीखने की प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक दिलचस्प बना सकता है.

अलजेब्रा में कठिनाई महसूस कर रहे किसी छात्र को सिर्फ उत्तर दिखाने के बजाय स्टेप-बाई-स्टेप समझाया जा सकता है. जो छात्र विजुअल मीडियम से बेहतर सीखते हैं, वे चैप्टर के कई पन्नों के बजाय चित्र और डायग्राम मांग सकते हैं. अब शंकाओं के समाधान के लिए अगले स्कूल डे का इंतजार नहीं करना पड़ता. जिन बच्चों के पास महंगी ट्यूशन की सुविधा नहीं है उनके लिए इस तरह की पर्सनालाइज्ड सपोर्ट बदलाव लाने वाला साबित हो सकता है.

चिंता तब शुरू होती है जब सुविधा निर्भरता में बदल जाती है. मल्होत्रा कहती हैं, "अगर छात्र AI को ही ज्ञान का एकमात्र स्रोत मानने लगें तब समस्या पैदा होती है." सत्य स्कूल में शिक्षक अक्सर छात्रों से कहते हैं कि वे किसी उत्तर को अपने शब्दों में समझाएं या बताएं कि वे किसी निष्कर्ष तक कैसे पहुंचे. उद्देश्य यह नहीं है कि AI का उपयोग करने वाले छात्रों को पकड़ा जाए, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि आकर्षक असाइनमेंट्स के पीछे वास्तविक सीखने की प्रक्रिया गायब न हो जाए.

माता-पिता की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. मल्होत्रा का मानना है कि "क्या तुमने होमवर्क पूरा कर लिया?" पूछने के बजाय बेहतर सवाल होगा, "क्या तुम समझा सकते हो कि तुमने इसे कैसे हल किया?" यह छोटी-सी बातचीत अक्सर बता देती है कि बच्चे ने किसी कॉन्सेप्ट को समझा है या सिर्फ उत्तर की नकल की है.

वे माता-पिता को प्रोत्साहित करती हैं कि AI की मदद लेने से पहले बच्चों को कठिन समस्याओं के साथ कुछ समय बिताने दें. आखिरकार, गलतियां करना हमेशा से सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा रहा है. अगर बच्चे हर बार अटकने पर तुरंत उत्तर मिलने की उम्मीद करने लगें तो वे चुनौतियों पर खुद विचार करने के लिए जरूरी धैर्य खो सकते हैं.

AI भारत के सामने एक दिलचस्प विरोधाभास भी पेश करता है. एक ओर इसमें शिक्षा को अधिक समावेशी बनाने की क्षमता है. यह कई भाषाओं में अवधारणाएं समझा सकता है, अलग-अलग सीखने के स्तर के अनुसार पाठों को ढाल सकता है और स्कूल के समय के बाद भी शैक्षणिक सहायता प्रदान कर सकता है. दूसरी ओर, इसकी पहुंच अब भी समान नहीं है.

स्मार्टफोन, भरोसेमंद इंटरनेट और डिजिटल साक्षरता रखने वाले छात्र पहले ही रोज AI के साथ प्रयोग कर रहे हैं. जिनके पास ये संसाधन नहीं हैं, उनके पीछे छूट जाने का खतरा है. अगर स्कूल साझा उपकरणों और स्थानीय भाषाओं में उपलब्ध टूल्स के माध्यम से इस अंतर को नहीं भरते, तो तकनीक शैक्षणिक असमानताओं को कम करने के बजाय बढ़ा सकती है.

कुछ अन्य चिंताएं भी हैं. AI पूरी तरह गलत होने पर भी बेहद आत्मविश्वास के साथ जवाब दे सकता है. यह साहित्यिक चोरी (Plagiarism), गोपनीयता और शैक्षणिक ईमानदारी से जुड़े कठिन सवाल भी खड़े करता है. स्कूल अब तेजी से यह समझ रहे हैं कि AI के जिम्मेदार उपयोग को केवल एक ओरिएंटेशन सेशन में नहीं सिखाया जा सकता. इसे डिजिटल सुरक्षा या जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग की तरह रोजमर्रा की शिक्षा का हिस्सा बनाना होगा.

आगे चलकर होमवर्क का स्वरूप भी काफी बदल सकता है. दोहराव वाले वर्कशीट्स की जगह छात्रों को अपने दादा-दादी का साक्षात्कार लेने, अपने पड़ोस में हुए बदलावों का दस्तावेजीकरण करने, पॉडकास्ट रिकॉर्ड करने, सरल प्रयोग करने या विज्ञान, भूगोल और गणित को जोड़ने वाले इंटर-डिसिप्लिनरी प्रोजक्ट पर काम करने के लिए कहा जा सकता है. ऐसे असाइनमेंट अवलोकन, जिज्ञासा और संवाद को बढ़ावा देते हैं.

मल्होत्रा कहती हैं, "भविष्य AI से प्रतिस्पर्धा करने का नहीं है. यह छात्रों को यह समझाने का है कि AI का उपयोग कब करना है, उस पर सवाल कब उठाना है और कब अपने विवेक पर भरोसा करना है."

शायद यही सबसे बड़ा सबक है जो AI आज स्कूलों को सिखा रहा है. होमवर्क का उद्देश्य कभी सिर्फ पन्ने भरना नहीं था. इसका मकसद बच्चों को दुनिया को समझने में मदद करना था. यदि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षकों को उस मूल उद्देश्य को फिर से खोजने के लिए प्रेरित करता है तो सबसे बड़ा बदलाव तकनीकी नहीं होगा. वह बेहतर शिक्षा की ओर वापसी हो सकती है.

ADVERTISEMENT
Advertisement