scorecardresearch
डार्क मोड

बोलबाला ईवी का

मॉडलों के अनेक विकल्प, चलाने पर कम खर्च और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर अनिश्चितता की वजह से भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बिक्री में आया खासा उछाल

टाटा मोटर्स के गुरुग्राम स्थित एक शोरूम में अक्तूबर में इलेक्ट्रिक कार देखते ग्राहक
अपडेटेड 25 नवंबर , 2026

नवी मुंबई में रहने वाले रिजो रॉय (27 वर्ष) ने जब अगस्त में अपनी 14 साल पुरानी होंडा मोटरसाइकिल बदलने का मन बनाया तो वे दरअसल पेट्रोल वाले वाहन से पीछा छुड़ाना चाहते थे. एक रियल एस्टेट फर्म में काम कर रहे रिजो ने मुंबई की एक कंपनी की बनाई इलेक्ट्रिक स्कूटर बीगॉस सी12आइ मैक्स 2.0 को चुना. ऑटोमोबाइल इंजीनियर की पढ़ाई रिजो के लिए अलग-अलग मॉडल्स की तुलना करने में मददगार साबित हुई.

रिजो ने लिथियम फॉस्फेट बैटरी वाले मॉडल को इसलिए तरजीह दी क्योंकि उसमें 24 छोटे सेल लगे थे, जिन्हें खोलना और मरम्मत करना उनके हिसाब से ज्यादा आसान था. यह स्कूटर पूरी तरह चार्ज होने में छह घंटे लेता है और केवल 2.5 से 2.6 यूनिट बिजली की खपत करता है, जिससे उनके बिजली बिल पर खास असर नहीं पड़ता.

रिजो कहते हैं, “सरकार ने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का फैसला किया, तभी मैंने इलेक्ट्रिक ‌वेहिकल पर शिफ्ट होने का मन बना लिया था.” लेकिन इसे चार्ज करना चुनौती है. चूंकि उनकी आवासीय सोसाइटी में नीचे पार्किंग एरिया में चार्जिंग की इजाजत नहीं है, इसलिए 20 किलो की भारी बैटरी को चार्ज करने के लिए खुद उठाकर घर ले जाना पड़ता है.

आज भारत के ईवी मार्केट में कई दिक्कतें हैं. खरीदार कम रनिंग कॉस्ट, पेट्रोल-डीजल के अनिश्चित दामों को देखते हुए ईवी की ओर आकृष्ट हो रहे हैं. लेकिन चार्जिंग सुविधा और बैटरी की मरम्मत जैसे मसले सुलझे नहीं हैं.

बदलाव काफी तेजी पकड़ चुका है. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के मुताबिक, इस साल सितंबर में देश में पैसेंजर कार, टू-व्हीलर और कमर्शियल वेहिकल्स को मिलाकर कुल 3,55,000 इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खुदरा बिक्री हुई जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है. नवरात्रि के दौरान त्योहारी मांग के चलते, पिछले साल के मुकाबले बिक्री में 45 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

इसमें इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों का अहम योगदान रहा, जिनकी बिक्री पिछले साल के मुकाबले 76.5 फीसद बढ़कर रिकॉर्ड 37,049 यूनिट तक पहुंच गई. वहीं, इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहनों की बिक्री 48.5 फीसद बढ़कर 2,24,064 हो गई. साथ ही अक्तूबर में कुल ऑटो मार्केट में इलेक्ट्रिक वाहनों का हिस्सा बढ़कर लगभग 11.5 फीसद हो गया जो पिछले साल 6 फीसद था.

आर्थिक पहलू

फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर बढ़त का श्रेय त्योहारी खरीद, इस्तेमाल पर कम खर्च, मॉडल्स के व्यापक विकल्पों और केंद्र तथा राज्य सरकारों की नीतियों और योजनाओं को देते हैं. इसके अलावा, पश्चिम एशिया में तनाव और भारत की आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता ने भी लोगों की सोच बदली है.

मोबिलिटी ग्लोबल में लाइट वेहिकल प्रोडक्शन फोरकास्टिंग के एसोसिएट डायरेक्टर गौरव वंगाल का कहना है, “कच्चा तेल जब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चला जाता है तो ग्राहकों को लगता है कि भविष्य में ईंधन के दाम और बढ़ सकते हैं. भारतीय उपभोक्ता अपनी गाढ़ी कमाई की कीमत समझते हैं, इसलिए ईवी खरीदने लगे हैं.”

ऑटोमोटिव कंसल्टिंग फर्म जाटो डायनेमिक्स के आंकड़े बताते हैं कि जनवरी से अगस्त 2026 के बीच पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों में से 89 फीसद 10 लाख से 30 लाख रुपए के बजट वाले थे. वहीं 10 लाख रुपए से कम कीमत वाली कारों की हिस्सेदारी सिर्फ 7.6 फीसद रही, जिससे साफ है कि किफायती सेगमेंट में ईवी की पहुंच अभी सीमित है.

जाटो डायनेमिक्स के प्रेसिडेंट रवि भाटिया कहते हैं, “महंगे या प्रीमियम सेगमेंट के ग्राहक केवल कार चलाने के खर्च को नहीं देखते क्योंकि उनके पास पर्याप्त संसाधन होते हैं. उन्हें ज्यादा आकर्षक, आधुनिक और बेहतर प्रदर्शन वाले वाहन पसंद आते हैं.”

ग्राहकों को लुभाने की होड़

इस साल ग्राहकों के पास हर तरह के बजट और बॉडी स्टाइल वाले ईवी के तमाम विकल्प मौजूद हैं. जनवरी से अगस्त 2026 के बीच पैसेंजर ईवी रजिस्ट्रेशन में टाटा मोटर्स, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा और जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की कुल मिलाकर करीब 80 फीसद हिस्सेदारी रही.

इसमें टाटा 39.5 फीसद शेयर के साथ सबसे आगे रहा, जिसके बाद महिंद्रा (23.2%) और जेएसडब्ल्यू एमजी (17.2%) का नंबर रहा. नए खिलाड़ी विनफास्ट (5.7%) और मारुति सुजुकी (5.1%) भी नए मॉडलों के साथ ग्राहकों को लुभाने की दौड़ में हैं.

वंगाल कहते हैं, “इन तीनों प्रमुख कंपनियों ने ईवी को एक गंभीर बिजनेस की तरह लिया है. इनमें से हर कंपनी ने कीमत हो, ड्राइविंग रेंज हो या प्रोडक्ट पर भरोसा, ग्राहक की मुख्य चिंता का समाधान किया है.” इस क्षेत्र में सबसे पहले कदम रखने वाली कंपनी टाटा के पास हर बजट के लिए मॉडल मौजूद हैं और उसने ईवी के अलग शोरूम खोले हैं.

महिंद्रा ने अपने इनग्लो इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म में भारी निवेश करके खुद को एसयूवी सेगमेंट में मजबूत किया है. वहीं जेएसडब्ल्यू एमजी ने बैटरी-ऐज-अ-सर्विस (बास) मॉडल के जरिए शुरुआती खरीद लागत को घटाने की कोशिश की है, जिसे सबसे पहले विंडसर कार के साथ पेश किया गया था.

टाटा की बिक्री मांग की गति दर्शाती है. अब उसकी यात्री-वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगभग एक-चौथाई हो गई है, जो एक साल पहले 14 फीसद थी. टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी विवेक श्रीवत्स इस वृद्धि का श्रेय निरंतर प्रयासों और चार प्रमुख कारणों को देते हैं.

वे कहते हैं, “यह पिछले छह वर्षों में की गई कड़ी मेहनत का नतीजा है.” वे बड़ी बैटरी वाले मॉडल की बढ़ती रेंज की ओर इशारा करते हैं जो एक बार चार्ज करने पर 400 किमी से ज्यादा दूरी तय कर सकते हैं; तेज चार्जिंग और बेहतर बुनियादी ढांचा, जिसमें 90 फीसद से ज्यादा राजमार्गों पर चार्जर उपलब्ध हैं.”

दूसरी तरफ, टू-व्हीलर मार्केट की कहानी थोड़ी अलग है. यहां इलेक्ट्रिक का दबदबा मोटरसाइकिलों के बजाए मुख्यत: स्कूटर्स के दम पर बढ़ रहा है. जनवरी से अगस्त 2026 के बीच टीवीएस 26.5 फीसद मार्केट शेयर के साथ सबसे आगे रहा, फिर बजाज ऑटो (22.6%) और एथर एनर्जी (17.2%) का स्थान रहा. तीनों कंपनियों का कुल मिलाकर दो-तिहाई रजिस्ट्रेशन पर कब्जा रहा.

चुनौतियां चार्जिंग की

अधिक शुरुआती कीमत और चार्जिंग स्टेशनों की कमी लंबे समय से ईवी के आड़े आती रही है. सरकार ने दोनों बाधाएं दूर करने की कोशिश की है. भारत में फास्टर एडॉप्शन ऐंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ हाइब्रिड ऐंड इलेक्ट्रिक वेहिकल योजना के दूसरे चरण यानी फेम-2 (जो अप्रैल 2019 से मार्च 2024 तक चला) के तहत 16.7 लाख ईवी को मदद दी गई और सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों के लिए 912.50 करोड़ रुपए मंजूर किए गए.

इसके बाद पीएम ई-ड्राइव योजना में चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 2,000 करोड़ रुपए दिए गए और टू-व्हीलर्स के लिए सब्सिडी जारी रखी गई. इसके अलावा, ईवी पर जीएसटी की दर भी 12% से घटाकर 5% कर दी गई है. केंद्र सरकार की उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन पीएलआइ योजना का मकसद भी भारत में ही एडवांस बैटरी सेल्स और ऑटो कंपोनेंट का निर्माण बढ़ाना है.

कार मालिकों के लिए असली परीक्षा यह है कि क्या चार्जिंग उनके दैनिक जीवन में आसानी से ढल पाती है. मुंबई में एक स्टॉक एक्सचेंज के सीनियर एडवाइजर शैलेश पाठक ने जनवरी में 28 लाख रुपए की टाटा हैरियर ईवी खरीदी. वे इसके पर्यावरण-अनुकूल होने, डीजल कार से बेहतर परफॉर्मेंस और चार्जिंग के सुधरते विकल्पों से प्रभावित थे.

एक सार्वजनिक स्टेशन पर कार फुल चार्ज करने में उन्हें लगभग 600 रुपए का खर्च आता है और कार 550 किमी तक चलती है. यही दूरी डीजल कार से तय करने पर करीब 4,000 रु. का खर्च आता, जिससे ईवी को चलाना बेहद किफायती साबित हो रहा है.

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 तक भारत में 52,700 से ज्यादा सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन थे, जिनमें कारों के लिए 16,561 फास्ट चार्जर्स शामिल हैं. फिर भी इस नेटवर्क को और बड़े पैमाने पर विस्तारित करने की जरूरत है.

ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के अनुमान के मुताबिक, 2030 तक 30 फीसद ईवी लक्ष्य तक पहुंचने के लिए भारत को करीब 13.2 लाख सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों की जरूरत होगी. कार निर्माता, तेल कंपनियां और प्राइवेट ऑपरेटर्स मिलकर नेटवर्क बढ़ा रहे हैं लेकिन हाइवे पर फास्ट चार्जिंग आज भी सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है.

असल परीक्षा है सप्लाइ चेन

पर क्या ईवी की यह मांग आगे भी बनी रहेगी? वंगाल का मानना है कि पिछले कई महीनों से लगातार मजबूत बिक्री बताती है कि यह सिर्फ त्योहारों के दौरान वाला कोई अस्थायी उछाल नहीं है. ईवी अपनाने से कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता घटेगी पर असली लाभ तभी मिलेगा जब देश खुद तकनीक और पार्ट्स का निर्माण करे.

विशेषज्ञों के अनुसार, इसका फायदा अलग-अलग वाहनों में अलग समय पर दिखता है—एक इलेक्ट्रिक स्कूटर दो से तीन साल में अपने आयातित पार्ट्स की लागत की भरपाई पेट्रोल की बचत से कर देता है, जबकि एक इलेक्ट्रिक कार को इसमें सात से आठ साल का समय लग सकता है.

भारत में ईवी बूम साफ संदेश देता है कि लोग अब स्वच्छ और आधुनिक गतिशीलता को स्वीकार रहे हैं. यह रफ्तार कायम रखने के लिए चार्जिंग स्टेशन से लेकर बैटरी और कंपोनेंट के घरेलू निर्माण तक मजबूत इकोसिस्टम की जरूरत होगी.

ADVERTISEMENT
Advertisement