scorecardresearch
डार्क मोड

इंडिया टुडे बेस्ट कॉलेज सर्वे 2026: अपने क्षेत्र में आज भी अव्वल

हिंदू कॉलेज ने अपने विशिष्ट किस्म के पब्लिक पॉलिसी प्रोग्राम, शोध-अनुसंधान के अवसरों के विस्तार और वैश्विक भागीदारी के जरिए नंबर वन की अपनी जगह बरकरार रखी.

Arts
हिंदू कॉलेज आर्ट्स में अव्वल
अपडेटेड 6 जुलाई , 2026

हिंदू कॉलेज में एक सबसे रोमांचक बात है इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग का इकोसिस्टम. इस तंत्र से पॉलिसी, टेक्नोलॉजी, ग्लोबल जुड़ाव, रिसर्च, लीडरशिप और सामाजिक प्रभाव सब आपस में जुड़े हुए हैं.

इसकी एक मिसाल पब्लिक पॉलिसी इन ऐक्शन (पीपीआइए) प्रोग्राम है. यह भारत की पहली अंडरग्रेजुएट-केंद्रित पब्लिक पॉलिसी लैब का प्रोग्राम है और इसे 2025 में इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन और हिंदुस्तान स्टीलवर्क्स कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के सहयोग से शुरू किया गया था.

इस प्रोग्राम में क्लासरूम लर्निंग के साथ-साथ पॉलिसी सिमुलेशन, केस स्टडी, फील्ड का गहन अनुभव और आठ सप्ताह की मानदेय वाली इंटर्नशिप शामिल है और इसमें छात्रों को असली दुनिया के नीति-नियम संचालन और विकास से जुड़ी चुनौतियों को सीखने का मौका मिलता है.

एक बात जिससे हिंदू कॉलेज खासतौर पर विशिष्ट बनता है, वह यह कि यहां ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल प्रोग्राम्स (ओआइपी) के जरिए एकेडमिक लर्निंग को वैश्विक अवसरों से जोड़ा जा रहा है.

पिछले साल छात्रों ने नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर की ओर से आयोजित एशियन अंडरग्रेजुएट समिट में इस कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया और इस दौरान उनके प्रोजेक्ट्स को इंटरनेशनल सीड फंडिंग मिली. कॉलेज ने जापान की वासेदा यूनिवर्सिटी और पोलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ वारसॉ जैसे संस्थानों के साथ भी साझेदारी बढ़ाई है. साथ ही, एस्पायर लीडर्स प्रोग्राम और स्टडी अब्रॉड फोरम जैसे कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय अनुभव और सीखने की नई राह खोल रहे हैं.

कॉलेज में रिसर्च के मौके भी खासी तेजी से बढ़ रहे हैं. फैकल्टी के सदस्य बड़े प्रोजेक्ट्स की कमान संभाल रहे हैं जिनके लिए आइसीएसएसआर (इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल साइंस रिसर्च) जैसी एजेंसियों से फंड मिला है.

इन परियोजनाओं में खाद्य सुरक्षा, सतत विकास, शासन और क्षेत्रीय विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं. छात्र इनमें रिसर्च असिस्टेंट के तौर पर हिस्सा लेते हैं जिससे उन्हें फील्ड के काम, पॉलिसी एनालिसिस और एकेडमिक रिसर्च का अनुभव मिलता है.

फोकस के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन हैं. एक अहम पहल एआइ ट्रेनिंग और इनोवेशन लैब है, जो वर्कशॉप, ट्रेनिंग प्रोग्राम, कॉन्फ्रेंस और इंटरडिसिप्लिनरी प्रोजेक्ट्स के लिए एक प्लेटफॉर्म का काम करेगी. इससे आर्ट्स के छात्रों को उन नई टेक्नोलॉजी के बारे में जानने में मदद मिलेगी जो सार्वजनिक नीति, शासन, मीडिया, अर्थशास्त्र और सामाजिक शोध जैसे क्षेत्रों को नया आकार दे रही हैं.

जैसे-जैसे ये पहलकदमियां बढ़ रही हैं, हिंदू कॉलेज खुद को एक ऐसी जगह के तौर पर स्थापित कर रहा है जहां अंडरग्रेजुएट शिक्षा क्लासरूम से भी आगे तक ले जाती है और जो स्कॉलरशिप को लीडरशिप, इनोवेशन और पब्लिक इम्पैक्ट से जोड़ती है.ठ्ठ

छात्र की राय
मेरे लिए हिंदू कॉलेज जीवन, महत्वाकांक्षा, जुनून और भारत का एक सूक्ष्म रूप है. इसने मुझे बहुत कुछ पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है और यहां के शिक्षकों ने अपने-अपने तरीकों से मुझे खुद को बेहतर बनाने तथा दूसरों को प्रेरित करने के लिए मार्गदर्शन दिया है.
हर्ष ठाकुर, बीए (प्रोग्राम), सेकंड ईयर

गुरु वाणी
हिंदू कॉलेज की प्रिंसिपल अंजू श्रीवास्तव ने कहा कि जैसे-जैसे शोध-प्रबंध और स्वतंत्र अनुसंधान करने वाले छात्र बढ़ रहे हैं, हिंदू कॉलेज नए एकेडमिक प्लेटफॉर्मों और मेंटॉरशिप के जरिए उन्हें कक्षा से बाहर निकलकर ज्ञान के सक्रिय निर्माता बनने में मदद कर रहा.

आर्ट्स के बाकी बेस्ट कॉलेज के बारे में जानने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें- 

Website: https://bestcolleges.indiatoday.in/

ADVERTISEMENT
Advertisement