scorecardresearch

समकालीन समाज की सोनोग्रा

इस किताब की कहानी एक मध्यमवर्गीय हिंदू परिवार के लड़के बोस का मुसलमान निम्नवर्ग की लड़की दीबा से निकाह पढ़ने से पहले और बाद के जीवन के आसपास मंडराता है.

कलकत्ता कॉस्मोपॉलिटिन किताब
राजकमल प्रकाशन से छपी कलकत्ता कॉस्मोपॉलिटिन किताब
अपडेटेड 11 मार्च , 2026

- अम्बर पाण्डेय

अलका सरावगी जितना सुगठित वाक्य लिखती हैं, वैसा ही गठन उनके उपन्यास कलकत्ता कॉस्मोपॉलिटन: दिल और दरारें का है. सुगठित हमेशा कसा हुआ नहीं होता, कई बार भारतीय स्थापत्य की मूर्तियों की तरह उसका विशाल उदर होता है, ठीक भारतीय उपमहाद्वीप जैसा जिसकी कथा इस उपन्यास में है.

आरामकुर्सी पर चैन से अपने उपन्यास पढ़ते पाठक को सरावगी धक्का मारकर कलकत्ता के मयूरभंज की गली में धकेल देती हैं जहां चक्का जाम है, गलत दिशा से ठेले आ रहे हैं, चाय और गुटके की टपरी के आगे भीड़ जमा है, कहीं गाली-गुफ्तार चल रही है तो कहीं आंखें मिल रही हैं. साइकिलों और बैलगाड़ी की घंटियां, हॉर्न बज रहे हैं, आरती हो रही है, अजान आ रही है, बंगाली में कोई गुनगुनाता जा रहा है और इन सबके ऊपर हिंदी सिनेमा के गीत जैसे पार्श्व में हमेशा बजते आए हैं, बजते जा रहे हैं.

कुल मिलाकर उपन्यास उतना बहुध्वन्यात्मक और विविध रंगी और शोर-शराबे से भरा है जितना ईएम फॉस्टर का कभी मानना था कि हिंदुस्तान में कोलाहल, इतनी धूप और गर्मी, इतने लोग हैं और इतनी विविधता है कि इसके उपन्यास अंग्रेजी उपन्यासों जैसे नहीं हो सकते. यह उपन्यास, उपन्यास के हवाई जहाज के भारत में लैंड करने जैसा है, भारत की विषयवस्तु ढोते कई औपन्यासिक हवाई जहाज अब तक भारत के हवाईअड्डे पर उतरे ही नहीं थे.

कथानक एक हिंदू मध्यवित्त परिवार के लड़के बोस का मुसलमान निम्नवर्ग की लड़की दीबा से निकाह पढ़ने और उसके पहले और बाद बोस के जीवन के आसपास मंडराता है. बोस जिसका निकाह के लिए नाम रखा जाता है दानियाल और दीबा निकाह के बाद हो जाती है दीपा बोस. हिंदू पुरुष मुसलमान हो जाता है और मुसलमान पत्नी हिंदू.

यह भारतीय उपमहाद्वीप में धर्मों के आपसी संबंधों का आख्यान है, जहां वे दोनों एक दूसरे से बहुत प्रेम में है मगर उनके आसपास राजनीतिक-आर्थिक कारणों से जेनोफोबिया और घृणा का परिवेश विकसित किया जा रहा है. सरावगी हमारे समय की सबसे बड़ी त्रासदी को, सांप्रदायिकता के उभार को महज राजनीतिक घटना के रूप में नहीं बल्कि एक गहरे मानवीय संकट के रूप में देखती हैं.

उपन्यास का समय 11 सितंबर 2001 को अमेरिका के न्यूयॉर्क में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले से कुछ पहले से लेकर बिल्कुल अभी की दुनिया तक है. जब पूरी दुनिया में मुसलमानों को संदेह की नजर से देखा जाने लगा था, जब 'आतंकवाद’ एक विशेष धर्म से जोड़ दिया गया था, जब वैश्विक राजनीति सभ्यताओं के संघर्ष की भाषा बोलने लगी थी. इस कालखंड में बोस और दीबा का जीवन और भी जटिल हो जाता है. समाज की दरारें गहरी होती जाती हैं और वे दोनों उन्हीं दरारों में गिरते जाते हैं. सरावगी का सबसे बड़ा योगदान यह है कि वे निम्नवर्गीय मुसलमान जीवन को बेहद बारीकी और सहानुभूति से चित्रित करती हैं.

हिंदी साहित्य में मुसलमान पात्र अक्सर या तो रूढ़िबद्ध होते हैं या फिर एकदम काल्पनिक. सरावगी न तो उन्हें रोमांटिसाइज करती हैं, न ही दानवीकृत. वे उनके जीवन की कठिनाइयों को दिखाती हैं, उनके संघर्ष को, उनकी गरिमा को भी. बोस जब इस समुदाय का हिस्सा बनता है, तो वह केवल आर्थिक गरीबी में नहीं गिरता, वह उस सामाजिक हाशिए पर भी पहुंच जाता है जहां मुसलमान समुदाय आज भारत में खड़ा है.

यह उपन्यास परिवार की क्रूरता का भी दस्तावेज है. बोस का परिवार उसे इसलिए छोड़ देता है क्योंकि उसने एक मुसलमान लड़की से शादी की है. यह त्याग इतना निर्मम है, इतना पूर्ण है कि बोस के लिए पूरी तरह से घर वापसी कभी नहीं हो पाती. बाहर से इतना आत्मीय दिखने वाला भारतीय परिवार का यह चेहरा जहां शिक्षा और साहित्य की भरपूर उपस्थिति है जैसे बोस के भद्रलोक में थी, तब भी यह असहिष्णु, क्षुद्रता और लोभवृत्ति से संचालित ही रहा आता है.

लेकिन यह उपन्यास केवल निराशा का गीत नहीं है, इसमें उस मानवीय जिजीविषा का उत्सव भी है जो तमाम विपरीत परिस्थितियों में भी जीवन को थामे रहती है. जापानी कहावत 'गिरो सात बार तो आठवीं बार उठो’ बस जापान में ही सच नहीं हिंदुस्तान में भी है.

इसे यह उपन्यास बार-बार सिद्ध करता है कि हमें हताश नहीं होना चाहिए और आजादी की लड़ाई लड़ते हुए जिस भारत का स्वप्न नेहरू और गांधी ने देखा था, वही स्वप्न इस देश की आत्मा बनकर यहां शहर-दर-शहर फड़फड़ाता है और भले अभी अंधकार हो, इस गगन में चांद-तारे न हों पर दीया जलाने का विकल्प अब भी है. भले वह दीया दुनिया रोशन न करता हो मगर हमें याद रखना चाहिए घर-घर अगर दीये जल जाएं तो रोशनी होते देर नहीं लगती. 

पुस्तक का नाम: कलकत्ता कॉस्मोपॉलिटन
लेखिका का नाम: अलका सरावगी
प्रकाशन:  राजकमल पेपरबैक्स
कीमत: 399 रुपए.

Advertisement
Advertisement