scorecardresearch
डार्क मोड

भारत के छोटे शहरों में क्यों बढ़ रहा लग्जरी होटलों का कारोबार?

भारतीयों के घूमने का अंदाज बदल रहा है. अब लोग यात्रा के दौरान अच्छी सुविधाओं और ब्रांडेड होटलों पर ज्यादा खर्च कर रहे हैं. इसके चलते देश में 1.61 लाख नए होटल कमरे बनाने की योजना है, जिनमें करीब 58 फीसदी टियर-2 और टियर-3 शहरों में होंगे

भारतीय पर्यटक अब बेहतर अनुभव के लिए ज्यादा खर्च करने को तैयार हैं (सांकेतिक फोटो)
अपडेटेड 18 नवंबर , 2026

भारतीय पर्यटक अब पहले के मुकाबले सैर-सपाटे पर कहीं ज्यादा खर्च कर रहे हैं. लोगों की बढ़ती आमदनी और बेहतर अफोर्डेबिलिटी उन्हें अच्छी सुविधाओं और बेहतर अनुभवों के लिए खुलकर पैसे खर्च करने के लिए प्रेरित कर रही है. अब लोग अनब्रांडेड होटलों की जगह ब्रांडेड होटलों में अपग्रेड कर रहे हैं.

मेकमायट्रिप के सह-संस्थापक और ग्रुप सीईओ राजेश मागोव कहते हैं कि एक और अहम बदलाव बेहतर अनुभव पाने की चाहत है. अब लोग पूजा-पाठ, इतिहास, ऐतिहासिक घटनाओं, शादियों और त्योहारों को ध्यान में रखकर भी यात्रा की योजना बना रहे हैं. इसमें अब स्पोर्ट्स टूरिज्म और कॉन्सर्ट टूरिज्म भी जुड़ गया है. वे कहते हैं, "यहां हर चीज अनुभव से जुड़ी है, चाहे वह स्थानीय खाना हो, वन्यजीव हों, संस्कृति हो या इतिहास."

मैगोव के मुताबिक, बेहतर अनुभव पाने की यही चाहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को ऑफ-पीक (कम भीड़ वाले समय) में घूमने के लिए प्रेरित कर रही है. इनमें ऐसे लोग शामिल हैं जिनका फ्लेक्सिबल शेड्यूल है और जो कहीं से भी, कभी भी काम कर सकते हैं. वे भीड़, ट्रैफिक, लंबी ड्राइव और वीकेंड की भागदौड़ से बचने के लिए वीकडेज में घूमना पसंद करते हैं. इससे कई पर्यटन स्थलों पर पूरे साल पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है.

इस नई मांग को पूरा करने के लिए होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर का विस्तार हो रहा है. भारत में इस समय करीब 2,09,000 होटल कमरे हैं. इसके अलावा 1,61,000 नए कमरे बनाने की योजना है, जो मौजूदा कमरों की संख्या से करीब 77 फीसदी ज्यादा हैं. इनमें से 1,17,000 कमरों का निर्माण पहले ही शुरू हो चुका है. हॉस्पिटैलिटी कंसल्टिंग फर्म होटलिवेट-सैविल्स की रिपोर्ट 'द 2026 इंडियन हॉस्पिटैलिटी ट्रेंड्स एंड ऑपर्च्युनिटीज रिपोर्ट' के मुताबिक, पिछले एक दशक से ज्यादा समय में होटल सेक्टर के विस्तार की यह सबसे बड़ी योजना है.

धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों पर भी पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है (सांकेतिक तस्वीर)
धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों पर भी पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

देशभर में 58 फीसदी यानी 93,261 कमरे 'अन्य शहरों' में तैयार होने जा रहे हैं. इसके तहत करीब आधे कमरे टियर-3 शहरों में हैं. इसके बाद टियर-2 शहरों की हिस्सेदारी करीब 30 फीसदी और टियर-1 शहरों की करीब 20 फीसदी है.

रेडिसन होटल ग्रुप (RHG) के साउथ एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर निखिल शर्मा भी विस्तार की इसी रणनीति की बात करते हैं. RHG के देश के 90 शहरों में 150 होटल हैं और 100 अन्य होटल पाइपलाइन में हैं. इस पोर्टफोलियो में करीब 50 फीसदी होटल टियर-3 और टियर-4 शहरों में हैं. कंपनी ने 27 साल से भी पहले इस रणनीति पर काम शुरू किया था.

रिपोर्ट के मुताबिक, 2025-26 में देशभर में कमरों का औसत किराया 6.4 फीसदी बढ़कर 8,962 रुपए हो गया, जबकि उपलब्ध कमरों से होने वाली कमाई (रेवेन्यू पर अवेलेबल रूम) 6.2 फीसदी बढ़कर 6,099 रुपए हो गई. शर्मा कहते हैं, "ये आंकड़े बताते हैं कि पर्यटन के मामले में देश अब आगे बढ़ रहा है. लोग सही अनुभव और सही सुविधाओं के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने को तैयार हैं."

दरअसल टियर-3 और टियर-4 शहर रैडिसन होटल्स के लिए तरक्की के तीन प्रमुख क्षेत्रों में शामिल हैं. इनके अलावा कंपनी की नजर अवकाश और आध्यात्मिक स्थलों पर भी है. मिसाल के तौर पर, कंपनी के होटल खोपोली, पावना झील, नवसारी, खजुराहो, बरेली, धनबाद, गोरखपुर और ग्वालियर जैसी जगहों पर पहले से मौजूद हैं; और नौ अन्य शहरों (भुवनेश्वर, कटक, वडोदरा, कलबुर्गी, किशनगढ़, रुड़की, मेरठ, आसनसोल, ओंगोल) में होटल खोलने की योजना है.

शर्मा बताते हैं कि बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर और रोड कनेक्टिविटी के चलते राजस्थान के जवाई जैसी कई जगहों तक पहुंचना आसान हो गया है. यह इलाका तेंदुओं के लिए मशहूर है. यहां वन्यजीवों में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है और मांग बढ़ने के कारण यहां एक रात के कमरे का किराया 30,000 रुपए तक पहुंच गया है.

मैगोव भी मानते हैं कि अलग-अलग तरह के ठहरने के विकल्पों की मांग बढ़ रही है. कुंभ मेले के दौरान मेकमायट्रिप के पास टेंट में ठहरने की बुकिंग बेचने के खास अधिकार थे. इसमें बजट, मिड-सेगमेंट और प्रीमियम, तीनों तरह के विकल्प थे. वे कहते हैं, "महाकुंभ जैसे आयोजन में भी हमें हर तरह के विकल्पों की बिक्री देखने को मिली. (नदी में) डुबकी वही थी. पानी नहीं बदला था लेकिन इस मौके का फायदा सभी को मिला क्योंकि लोग बेहतर अनुभव पाना चाहते थे."

ईजमायट्रिप के सीईओ और सह-संस्थापक रिकांत पिट्टी कहते हैं कि बेहतर कनेक्टिविटी और डिजिटल सुविधाओं तक पहुंच बढ़ने से छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के लोगों में भी घूमने-फिरने की चाहत बढ़ रही है. हालांकि, फिलहाल ग्रामीण इलाकों के लोग परिवार से मिलने, धार्मिक आयोजनों, त्योहारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के चलते यात्रा करते हैं.

दूसरी तरफ शहरों में रहने वाले लोग ऐसे सफर पसंद करते हैं जिनमें उन्हें कुछ नया अनुभव मिले. वे प्रीमियम होटलों में ठहरना, एडवेंचर टूरिज्म और कम समय की छुट्टियां (शॉर्ट ब्रेक) बिताना पसंद करते हैं.

ADVERTISEMENT
Advertisement