उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 अप्रैल को जब पश्चिमी बंगाल के चुनावी रण में कदम रखा, तो यह सिर्फ एक और स्टार प्रचारक की एंट्री नहीं थी; यह एक ऐसी राजनीतिक रणनीति का प्रदर्शन था, जिसने कुछ ही हफ्तों में चुनावी नैरेटिव बदलने का दावा पेश कर दिया.
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर उन्हें लंबे समय से एक आक्रामक, स्पष्ट और वैचारिक तौर पर मुखर नेता के रूप में पेश किया जाता रहा है, लेकिन बंगाल में उनका अभियान एक अलग ही पैमाने पर परखा गया. आंकड़े इस दावे को मजबूती देते हैं कि जिन 22 सीटों पर योगी ने रैलियां या रोडशो किए, उनमें से 19 पर BJP की जीत हुई.
यह ऐसा नतीजा है जिसने पार्टी के भीतर योगी की उपयोगिता को और मजबूत किया और विपक्ष के लिए नई चुनौती खड़ी की.
यह बदलाव अचानक नहीं था. वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में इन सीटों पर पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई वाली आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) और BJP के बीच संतुलन कुछ और था.13 सीटें TMC के पास और 9 BJP के खाते में थीं. लेकिन जैसे-जैसे चुनावी अभियान तेज हुआ, योगी का दखल बढ़ा और यह समीकरण उलट गया. BJP 19 सीटों तक पहुंच गई, जबकि TMC सिर्फ तीन सीटों- धनेखाली, उदयनारायणपुर और बोलपुर पर सिमट गई. BJP ने TMC के कब्जे वाली 13 सीटों में से 10 सीटें छीन लीं. यह सिर्फ सीटों का बदलाव नहीं था, बल्कि उस राजनीतिक संदेश का असर था, जिसे योगी लगातार अपने भाषणों में दोहरा रहे थे.
राजनीतिक विश्लेषक और बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय लखनऊ में प्रोफेसर सुशील पांडेय बताते हैं, “योगी का चुनाव प्रचार पारंपरिक भाषणों से अलग था. उन्होंने खुद को सिर्फ एक बाहरी प्रचारक की तरह पेश नहीं किया, बल्कि बंगाल की सांस्कृतिक और राजनीतिक पहचान के भीतर घुसकर संवाद बनाने की कोशिश की. उनके भाषणों में बार-बार बंगाल को 'मां काली' और 'मां दुर्गा' की धरती कहा गया. यह एक प्रतीकात्मक रणनीति थी- धार्मिक पहचान के जरिए राजनीतिक संदेश को मजबूत करना.”
एक रैली में योगी का यह बयान कि “हमें बंगाल की धरती को ‘काबा की धरती’ नहीं बनने देना चाहिए,” सीधे तौर पर ध्रुवीकरण के आरोपों को जन्म देता है, लेकिन BJP के भीतर इसे एक स्पष्ट वैचारिक लाइन के रूप में देखा गया. विश्लेषकों का मानना है कि योगी की सबसे बड़ी ताकत उनकी भाषा और प्रतीकों का चुनाव था. उन्होंने TMC के लोकप्रिय नारे “खेला होबे” का जवाब “खेला शेष” से दिया और इसे “एबार खेला शेष, उन्नयन शुरू” में बदल दिया. यह सिर्फ एक नारे का जवाब नहीं था, बल्कि एक राजनीतिक फ्रेमिंग थी जहां BJP खुद को बदलाव और विकास के प्रतीक के तौर पर पेश कर रही थी. चुनावी रणनीति पर नजर रखने वाले विशेषज्ञ कहते हैं कि इस तरह के काउंटर-नैरेटिव ने BJP कार्यकर्ताओं के बीच ऊर्जा पैदा की और समर्थकों को एक स्पष्ट संदेश दिया कि मुकाबला सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि वैचारिक भी है.
योगी के भाषणों का दूसरा बड़ा पहलू था कानून-व्यवस्था और “UP मॉडल” का जिक्र. उन्होंने बार-बार कहा कि उत्तर प्रदेश में “माफिया राज खत्म हो गया है” और “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की स्थिति है. बंगाल के संदर्भ में उन्होंने इसे सीधे लागू करने का वादा किया. उनके शब्दों में, “चार मई के बाद TMC के गुंडे नाक रगड़ते नजर आएंगे.” इस तरह की आक्रामक भाषा ने समर्थकों को उत्साहित किया, लेकिन आलोचकों ने इसे राजनीतिक अतिशयोक्ति बताया. फिर भी, यह संदेश उन इलाकों में असरदार साबित हुआ, जहाँ कानून-व्यवस्था एक प्रमुख चुनावी मुद्दा था.
चुनावी रैलियों में योगी ने “तुष्टीकरण” को केंद्रीय मुद्दा बनाया. उन्होंने आरोप लगाया कि TMC सरकार वोटबैंक की राजनीति कर रही है और राज्य की डेमोग्राफी बदलने की कोशिश हो रही है. मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर जैसे जिलों का जिक्र करते हुए उन्होंने घुसपैठ और सीमा सुरक्षा का मुद्दा उठाया. लगभग 570 किलोमीटर लंबी सीमा पर फेंसिंग की जरूरत का उनका बयान राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे को राज्य की राजनीति में खींच लाया. यह वही बिंदु था, जहां उनका अभियान स्थानीय मुद्दों से निकलकर राष्ट्रीय विमर्श से जुड़ गया. भाषा का मुद्दा भी उनके अभियान का अहम हिस्सा रहा. कोलकाता के मेयर के कथित बयान के जवाब में उन्होंने कहा कि “बंगाल में सिर्फ बांग्ला ही बोली जाएगी.” यह बयान सीधे तौर पर सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा था. विश्लेषकों का मानना है कि यह रणनीति दो स्तरों पर काम करती है- एक तरफ यह क्षेत्रीय गौरव को छूती है, दूसरी तरफ यह विरोधियों को “बाहरी प्रभाव” के तौर पर पेश करती है.
योगी की रैलियों में भीड़ और उनके प्रति दिखा समर्थन भी चर्चा का विषय बना. कांथी दक्षिण में BJP नेता सुवेंदु अधिकारी का उनके पैर छूना सिर्फ एक प्रतीकात्मक घटना नहीं थी; इसे BJP के भीतर उनकी स्थिति और प्रभाव के संकेत के तौर पर देखा गया. राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि इस तरह की घटनाएं कार्यकर्ताओं के बीच एक मजबूत संदेश भेजती हैं कि पार्टी के भीतर योगी का कद सिर्फ एक मुख्यमंत्री का नहीं, बल्कि एक वैचारिक नेतृत्वकर्ता का है.
योगी ने अपने भाषणों में इतिहास और सांस्कृतिक प्रतीकों का भी व्यापक इस्तेमाल किया. बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद का जिक्र करते हुए उन्होंने बंगाल की विरासत को याद दिलाया और इसे वर्तमान राजनीति से जोड़ा. यह रणनीति खास तौर पर उस मतदाता वर्ग को संबोधित करती दिखी, जो सांस्कृतिक गर्व और ऐतिहासिक पहचान को महत्व देता है.
इसके साथ ही, योगी ने आर्थिक मुद्दों को भी उठाया. उन्होंने उत्तर प्रदेश में रोजगार, एमएसएमई और उद्योगों के आंकड़े गिनाते हुए बंगाल की तुलना की.
यह तुलना सिर्फ विकास मॉडल का प्रचार नहीं थी, बल्कि एक राजनीतिक तर्क भी थी कि BJP शासित राज्यों में बेहतर शासन संभव है. हालांकि, कई विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की तुलना हमेशा जमीन पर पूरी तरह लागू नहीं होती, क्योंकि हर राज्य की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियां अलग होती हैं. योगी के अभियान का एक और महत्वपूर्ण पहलू था उनकी आक्रामक टोन. उन्होंने विपक्ष पर सीधे हमले किए, “गुंडागर्दी”, “कट मनी” और “तुष्टीकरण” जैसे शब्दों का लगातार इस्तेमाल किया. सुशील पांडेय कहते हैं, “यह शैली दोधारी तलवार होती है. यह समर्थकों को मजबूती देती है, लेकिन विरोधियों को भी उतना ही आक्रामक बना सकती है. बंगाल में यह रणनीति BJP के पक्ष में जाती दिखी, क्योंकि पार्टी पहले से ही एक मजबूत विपक्ष के तौर पर खुद को स्थापित करना चाहती थी.”
इस पूरे अभियान में योगी ने सिर्फ चुनावी मुद्दों को नहीं उठाया, बल्कि एक व्यापक वैचारिक फ्रेम तैयार किया जहां राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक पहचान, सुरक्षा और विकास एक साथ जुड़े हुए थे. यही वजह है कि उन्हें BJP के सबसे ज्यादा मांग वाले प्रचारकों में गिना गया. उनकी रैलियों में उमड़ती भीड़ और सीटों पर मिला परिणाम इस बात का संकेत देते हैं कि उनका संदेश एक बड़े हिस्से तक पहुंचा. हालांकि, इस कहानी का दूसरा पहलू भी है.
कई राजनीतिक विश्लेषक यह भी कहते हैं कि चुनावी परिणामों को सिर्फ एक नेता के प्रभाव से जोड़कर देखना पूरी तस्वीर नहीं दिखाता. स्थानीय उम्मीदवारों की ताकत, संगठन की तैयारी, और राज्य स्तर के मुद्दे भी उतने ही महत्वपूर्ण होते हैं. बंगाल में BJP का उभार एक लंबी प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें कई कारक शामिल हैं. योगी का अभियान इस प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण लेकिन अकेला तत्व नहीं था. फिर भी, यह कहना गलत नहीं होगा कि योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में BJP के अभियान को एक अलग धार दी. उन्होंने चुनाव को सिर्फ सत्ता परिवर्तन की लड़ाई नहीं रहने दिया, बल्कि इसे वैचारिक टकराव में बदल दिया.

