scorecardresearch
डार्क मोड

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी से बदलेगी भोपाल की किस्मत?

कभी भारतीय हॉकी टीम को कई खिलाड़ी देने वाला भोपाल आज पुरुष और महिला दोनों टीमों में प्रतिनिधित्व के लिए तरस रहा है. महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी से शहर में इस खेल के पुराने गौरव की वापसी की उम्मीद जगी है

भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी (फोटो : Hockey India)
अपडेटेड 19 नवंबर , 2026

भोपाल 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी करेगा. मध्य प्रदेश में पहली बार इस स्तर का हॉकी टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है. जबकि एक दौर था जब यह राज्य हॉकी की नर्सरी और भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने का बड़ा केंद्र माना जाता था. पंजाब और छोटानागपुर क्षेत्र के अलावा मध्य प्रदेश भी भारतीय हॉकी टीम के लिए खिलाड़ियों का अहम स्रोत रहा है.

इस चैंपियनशिप में एशिया की शीर्ष छह टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें चीन, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड शामिल हैं. सभी मुकाबले भोपाल के बाहरी इलाके में बने नए इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे. टूर्नामेंट से ठीक पहले इस स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) की कैटेगरी-1 की मान्यता मिली है.

भोपाल में इतने बड़े टूर्नामेंट का आयोजन क्या मायने रखता है? जैसा कि हमने शुरू में जिक्र किया इस शहर में हॉकी का हमेशा से खास स्थान रहा है. मौजूदा भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों में भले ही भोपाल का कोई खिलाड़ी नहीं है लेकिन आजादी से पहले और उसके तुरंत बाद के वर्षों में यहां के खेल जगत पर हॉकी का दबदबा था.

पुराने लोग बताते हैं कि भारतीय हॉकी टीम में कभी भोपाल के तीन से चार खिलाड़ी तक हुआ करते थे. इनमें से कुछ खिलाड़ी विभाजन के बाद पाकिस्तान चले गए और वहां की टीम के लिए खेलने लगे. कप्तान अब्दुल शकूर ने अख्तर हुसैन, लतीफ-उर-रहमान और अनवर खान के साथ ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. हालांकि कहा जाता है कि टीम प्रबंधन के साथ अनबन के चलते शकूर ने पाकिस्तान जाकर वहां से खेलने का फैसला किया.

बाद के वर्षों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले भोपाल के प्रमुख हॉकी खिलाड़ियों में अहमद शेर खान, उनके बेटे और पूर्व सांसद असलम शेर खान, इनाम-उर-रहमान और सैयद जलालुद्दीन रिजवी शामिल रहे.

साल 2000 के सिडनी ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे और भोपाल निवासी समीर दाद कहते हैं, "पहली बार भोपाल में इस स्तर का टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है. इससे निश्चित रूप से लोगों की दिलचस्पी बढ़ेगी और यहां हॉकी को फिर से लोकप्रिय बनाने में मदद मिलेगी." दाद के भाई मोहम्मद यूसुफ भी हॉकी खिलाड़ी थे. उनके बेटे अफ्फान यूसुफ भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रह चुके हैं और घरेलू हॉकी जगत में जाना-पहचाना नाम हैं.

समीर दाद अब भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य पुरुष हॉकी उत्कृष्टता अकादमी के मुख्य कोच हैं. वे कहते हैं, "अगर भोपाल को हॉकी में अपना पुराना गौरव वापस हासिल करना है तो युवाओं में इस खेल के प्रति दिलचस्पी पैदा करना बेहद जरूरी है." राज्य सरकार की महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में स्थित है.

मौजूदा भारतीय हॉकी टीम में भोपाल का कोई खिलाड़ी नहीं है. पुरुष टीम में भोपाल के सबसे करीब का प्रतिनिधित्व विवेक सागर प्रसाद करते हैं. वे भोपाल के पास इटारसी के रहने वाले हैं. हालांकि महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 जैसे टूर्नामेंटों से शहर को उम्मीद है कि हालात बदलेंगे और हॉकी में उसका पुराना दबदबा लौटेगा.

पिछली चैंपियन भारतीय महिला टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी. टीम ने हाल ही में 2026 एशियाई खेलों में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था. इससे 44 साल से चला आ रहा स्वर्ण पदक का सूखा खत्म हुआ. साथ ही महिला टीम ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया.

ADVERTISEMENT
Advertisement