उत्तर प्रदेश की राजनीति में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का नाम लंबे समय तक पश्चिमी यूपी के किसानों और जाट राजनीति के साथ जुड़ा रहा है. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक हालात में पार्टी अब खुद को सिर्फ एक क्षेत्रीय ताकत के रूप में नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में प्रभाव रखने वाले दल के रूप में स्थापित करने की कोशिश में जुटी है.
यही वजह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने ऐसा कदम उठाया है जिसने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है. RLD ने अपनी पूरी प्रदेश कार्यकारिणी भंग कर दी है. हालांकि प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय को पद पर बरकरार रखा गया है लेकिन बाकी सभी पदाधिकारियों की छुट्टी कर दी गई है.
सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पार्टी को अपने पूरे प्रदेश संगठन को ही बदलने की जरूरत पड़ गई? क्या यह केवल संगठनात्मक पुनर्गठन है या फिर इसके पीछे 2027 की बड़ी राजनीतिक रणनीति छिपी हुई है?
राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह फैसला अचानक नहीं लिया गया. इसके पीछे पिछले दो वर्षों के संगठनात्मक प्रदर्शन, BJP के साथ गठबंधन की नई राजनीतिक परिस्थितियां और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी जैसे कई कारण हैं. पार्टी नेतृत्व को महसूस हो रहा था कि जिस गति से संगठन को मजबूत होना चाहिए था, वह नहीं हो पाया. कई जिलों में सदस्यता अभियान अपेक्षित परिणाम नहीं दे सका, बूथ स्तर का नेटवर्क कमजोर रहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बाहर पार्टी का विस्तार सीमित दिखाई दिया.
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश संगठन को भंग करने का फैसला 29 मई को भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि के मौके पर नई दिल्ली में RLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की अध्यक्षता में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया था. इस फैसले को 9 जून को औपचारिक रूप से लागू किया गया. RLD के एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश संगठन की विस्तृत समीक्षा की गई थी. समीक्षा में पाया गया कि कई पदाधिकारी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय नहीं थे. कुछ जिलों में पार्टी की मौजूदगी केवल कागजों तक सीमित रह गई थी. ऐसे में नेतृत्व ने तय किया कि 2027 की तैयारी पुराने ढांचे के सहारे नहीं की जा सकती.
दरअसल जयंत चौधरी की सबसे बड़ी चुनौती पार्टी को चौधरी चरण सिंह की विरासत से आगे ले जाकर नई पीढ़ी की राजनीतिक आकांक्षाओं से जोड़ने की है. 2024 में BJP के नेतृत्व वाले NDA में शामिल होने के बाद RLD की राजनीतिक स्थिति बदली है. जयंत चौधरी केंद्र सरकार में मंत्री बने और पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली.
लेकिन राजनीतिक पहचान और चुनावी ताकत में बड़ा अंतर होता है. RLD को यह समझ में आ गया है कि यदि उसे BJP के साथ गठबंधन में सम्मानजनक स्थान बनाए रखना है तो संगठन को मजबूत करना ही होगा. मेरठ के एक निजी कालेज में वरिष्ठ शिक्षक और राजनीतिक विश्लेषक संदीप कुमार वर्मा कहते हैं, "NDA में शामिल होने के बाद RLD के सामने अवसर भी बढ़े हैं और चुनौतियां भी. पार्टी को यह साबित करना होगा कि उसके पास केवल भावनात्मक समर्थन नहीं बल्कि वास्तविक संगठनात्मक ताकत भी है. प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने का फैसला इसी सोच का हिस्सा है."
असल में यह बदलाव 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे की संभावित लड़ाई से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है. BJP उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति है और सीटों के बंटवारे में वही दल मजबूत स्थिति में होता है जिसकी जमीनी पकड़ ज्यादा मजबूत हो. ऐसे में RLD यदि अधिक सीटों की दावेदारी करना चाहती है तो उसे यह दिखाना होगा कि उसका संगठन सक्रिय और प्रभावशाली है. संदीप कुमार वर्मा कहते हैं, "यह केवल संगठन का मामला नहीं है. यह BJP को दिया गया राजनीतिक संदेश भी है. RLD यह दिखाना चाहती है कि वह सिर्फ सहयोगी दल नहीं बल्कि एक ऐसी राजनीतिक ताकत है जिसकी अपनी जमीन और अपनी संगठनात्मक क्षमता है."
एक बड़ा कारण पार्टी की सामाजिक पहुंच का सीमित दायरा भी माना जा रहा है. लंबे समय तक RLD की पहचान जाटों की पार्टी के रूप में रही है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट समुदाय के बीच उसका मजबूत आधार है, लेकिन प्रदेशव्यापी राजनीति में सफलता के लिए यह पर्याप्त नहीं है. यही कारण है कि पार्टी अब जाटों के साथ-साथ गुर्जर, ठाकुर, ब्राह्मण, ओबीसी और मुस्लिम समुदायों में भी अपनी पैठ बढ़ाना चाहती है.
माना जा रहा है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी में सामाजिक संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. विभिन्न समुदायों के नेताओं को संगठन में प्रमुख जिम्मेदारियां देकर पार्टी अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश करेगी. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सोशल इंजीनियरिंग की एक सुनियोजित रणनीति है. लखनऊ में बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और राजनीतिक विश्लेषक सुशील पांडेय बताते हैं, "उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब केवल जातीय पहचान के आधार पर चुनाव जीतना मुश्किल है. RLD को यदि राज्यव्यापी दल बनना है तो उसे बहुजातीय सामाजिक गठबंधन बनाना होगा. नई कार्यकारिणी उसी दिशा में कदम हो सकती है."
संगठनात्मक बदलाव के पीछे एक और महत्वपूर्ण वजह पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बाहर विस्तार की जरूरत है. पार्टी पिछले कुछ वर्षों से अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है लेकिन उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन में ऐसे नेताओं को आगे लाना होगा जो इन क्षेत्रों में पार्टी का विस्तार कर सकें. जानकारी के मुताबिक नई टीम में ऐसे नेताओं को तरजीह मिल सकती है जिन्होंने सदस्यता अभियान चलाने, नए कार्यकर्ता जोड़ने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई है. केवल पुराने राजनीतिक कद के आधार पर पद मिलने की संभावना इस बार कम बताई जा रही है. RLD के एक वरिष्ठ पदाधिकारी का कहना है, "इस बार प्रदर्शन सबसे बड़ा पैमाना होगा. जो नेता जमीन पर सक्रिय हैं, जनता के बीच हैं और संगठन को विस्तार देने की क्षमता रखते हैं, उन्हें प्राथमिकता मिलेगी."
दिलचस्प बात यह है कि पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय को नहीं हटाया. राजनीतिक पर्यवेक्षक इसे स्थिरता बनाए रखने की रणनीति मानते हैं. अगर पूरी नेतृत्व टीम को बदल दिया जाता तो संगठन में भ्रम और असंतोष पैदा हो सकता था. राय को बनाए रखकर यह संदेश दिया गया है कि बदलाव संगठनात्मक ढांचे में है, नेतृत्व संकट की वजह से नहीं. राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि जयंत चौधरी फिलहाल जोखिम लेने के बजाय नियंत्रित बदलाव चाहते हैं. वे संगठन में नई ऊर्जा भी लाना चाहते हैं और पुराने कार्यकर्ताओं को यह भरोसा भी दिलाना चाहते हैं कि पार्टी में निरंतरता बनी हुई है.
इस पूरे घटनाक्रम का एक मनोवैज्ञानिक पक्ष भी है. 2024 के बाद BJP के साथ गठबंधन को लेकर RLD के भीतर और बाहर कई तरह की चर्चाएं हुईं. पार्टी नेतृत्व चाहता है कि संगठन में ऐसे लोग हों जो गठबंधन राजनीति की नई परिस्थितियों को समझते हों और कार्यकर्ताओं के बीच स्पष्ट संदेश पहुंचा सकें. नई टीम इस राजनीतिक संक्रमण को संभालने का भी माध्यम बनेगी. कुल मिलाकर प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने का फैसला केवल पदाधिकारियों की अदला-बदली नहीं है. यह 2027 की लड़ाई की तैयारी, BJP के साथ भविष्य के राजनीतिक समीकरण, सामाजिक आधार के विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और पार्टी की नई पहचान गढ़ने की व्यापक रणनीति का हिस्सा दिखाई देता है.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नई कार्यकारिणी में किन चेहरों को जगह मिलती है और क्या यह टीम वास्तव में RLD को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीमाओं से निकालकर पूरे राज्य में प्रभावशाली राजनीतिक शक्ति बना पाएगी. अगर जयंत चौधरी की यह रणनीति सफल होती है तो RLD केवल जाट राजनीति की पार्टी नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की सत्ता की दौड़ में महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में उभर सकती है. लेकिन यदि संगठनात्मक बदलाव केवल चेहरों के फेरबदल तक सीमित रह गया तो यह कदम भी राजनीतिक इतिहास में एक सामान्य पुनर्गठन बनकर रह जाएगा.

