scorecardresearch
डार्क मोड

उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का पुश्तैनी घर टूटने पर हुए विवाद की पूरी कहानी

वाराणसी में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का पुश्तैनी मकान गिराए जाने पर राजनीतिक दलों से लेकर सोशल मीडिया तक सवाल उठ रहे हैं

ग्राउंड फ्लोर पर बनेगा म्यूजियम.(Photo: Roshan Jaiswal/ITG)
2020 में भी उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के मकान का एक हिस्सा गिराने पर विवाद हुआ था
अपडेटेड 12 नवंबर , 2026

वाराणसी के चौक इलाके की भीखाशाह गली में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का करीब 90 साल पुराना पुश्तैनी मकान अब नए सिरे से बनाया जा रहा है. मकान का एक हिस्सा गिराया जा चुका है और पुराने जर्जर ढांचे को हटाकर पुनर्निर्माण की प्रक्रिया चल रही है. शहनाई के इस महान साधक से जुड़ी यादों के मिटने की आशंका के बीच मकान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तो राजनीतिक और सांस्कृतिक हलकों में सवाल उठने लगे. 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे देश की साझा सांस्कृतिक विरासत का अपमान बताते हुए बीजेपी सरकार को घेरा. वहीं वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि मकान को परिवार के सदस्य खुद गिरवा रहे हैं और इसमें प्राधिकरण या जिला प्रशासन की कोई भूमिका नहीं है. 

परिवार की ओर से भी कहा गया है कि जर्जर मकान के पुनर्निर्माण के बाद यहां उस्ताद बिस्मिल्लाह खान को समर्पित संग्रहालय बनाया जाएगा. हालांकि इस मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आया है. वाराणसी नगर निगम का कहना है कि उसने पहले परिवार को मकान में संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन परिवार ने सहमति नहीं दी. ऐसे में सवाल सिर्फ मकान गिराए जाने का नहीं बल्कि यह भी है कि भारत रत्न से सम्मानित कलाकार की विरासत को सहेजने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

मकान गिराने पर उठे सवाल

इस मुद्दे पर कांग्रेस की एक टीम ने भी उस्ताद के घर का दौरा किया. शहर इकाई के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में पहुंची टीम में मनीष शर्मा, धनंजय त्रिपाठी, अब्दुल हामिद डोडे, किशन यादव, मोहम्मद उज़ैर और रामजी गुप्ता शामिल थे. कांग्रेस नेताओं ने उस्ताद के परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी चुनौतियों, मौजूदा परिस्थितियों और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की. 

बिस्मिल्लाह खान ने शहनाई को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई थी
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने शहनाई को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस कलाकार की शहनाई ने भारतीय संगीत को दुनिया के मंच पर पहचान दिलाई, उसके परिवार को आज जिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, वह गंभीर चिंता का विषय है. टीम ने मकान की जर्जर स्थिति को भी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति समाज और सरकार की उदासीनता से जोड़कर देखा. 

कांग्रेस का तर्क है कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत को केवल जयंती, पुण्यतिथि और औपचारिक सांस्कृतिक आयोजनों में याद करना पर्याप्त नहीं है. उनके घर, शहनाई से जुड़ी स्मृतियों और परिवार की परिस्थितियों को भी प्राथमिकता के आधार पर देखा जाना चाहिए. पार्टी ने मांग की कि सरकार इस विरासत को सहेजने के लिए ठोस कदम उठाए. 

परिवार खुद करा रहा निर्माण

मकान को गिराए जाने को लेकर उठे सवालों के बीच उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पोते मोहम्मद सिब्तैन ने स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा, "घर बहुत जर्जर हालत में है. मैं खुद इसकी मरम्मत करवाऊंगा. इसमें सरकार या किसी और का कोई हाथ नहीं है." परिवार के मुताबिक मकान की खराब हालत को देखते हुए उसकी मरम्मत और नए सिरे से निर्माण की जरूरत है. 

सिब्तैन का कहना है कि परिवार की योजना इस स्थान पर उस्ताद के नाम पर संग्रहालय बनाने की है. वाराणसी विकास प्राधिकरण की जांच रिपोर्ट भी मकान गिराए जाने के पीछे परिवार की पहल की पुष्टि करती है. VDA के सचिव वेद प्रकाश मिश्रा के मुताबिक, संबंधित मकान नंबर CK 46/63 मोहम्मद सिब्तैन की संपत्ति है, जो उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पोते और स्वर्गीय महताब हुसैन के बेटे हैं. 

करीब 500 वर्ग फुट में फैली यह दो मंजिला इमारत पुरानी होने के साथ जर्जर हालत में थी. परिवार ने इसके नवीनीकरण और नए सिरे से निर्माण के लिए इसे गिराने का फैसला किया. प्राधिकरण ने साफ किया है कि इस प्रक्रिया में उसकी या जिला प्रशासन की कोई भूमिका नहीं है.

नगर निगम और VDA संग्रहालय पर क्या कह रहे

इस मामले में वाराणसी विकास प्राधिकरण की सफाई के साथ नगर निगम का पक्ष भी महत्वपूर्ण है. नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव के मुताबिक नगर निगम ने शहर की प्रमुख हस्तियों की स्मृतियों को संरक्षित करने की एक योजना तैयार की थी. 

इसके तहत ऐसी हस्तियों के घरों तक जाने वाली सड़कों को उनके जीवन और योगदान पर आधारित थीम के अनुसार विकसित करने और उनके आवास के एक हिस्से को संग्रहालय में बदलने का प्रस्ताव था. इसी सिलसिले में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के परिवार से भी बातचीत की गई थी. लेकिन नगर निगम का दावा है कि परिवार ने इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी. इसके बाद परिवार ने मकान की जर्जर स्थिति का हवाला देते हुए खुद पुनर्निर्माण कराने का फैसला किया. 

नगर निगम के मुताबिक मकान की खराब हालत को देखते हुए पहले नोटिस भी दिया गया था. परिवार के भीतर संपत्ति के कुछ हिस्सों को लेकर विवाद होने के कारण निगम अपनी प्रस्तावित योजना को आगे नहीं बढ़ा सका. बाद में परिवार के सदस्यों के बीच विवाद सुलझने के बाद निर्माण का काम शुरू हुआ. 

नगर निगम का कहना है कि परिवार की सहमति के बिना किसी निजी संपत्ति में जबरन निर्माण या बदलाव नहीं किया जा सकता. इससे पहले 2020 में भी उस्ताद के इसी मकान के एक हिस्से को गिराए जाने को लेकर विवाद हुआ था. उस समय परिवार के भीतर संपत्ति को लेकर मतभेद सामने आए थे और मकान को व्यावसायिक परिसर में बदलने की आशंका जताई गई थी. 

उस समय मकान को राष्ट्रीय सांस्कृतिक विरासत के रूप में संरक्षित करने की मांग उठी थी. मौजूदा घटनाक्रम में भी परिवार के भीतर संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आई लेकिन सिब्तैन के मुताबिक, आपसी आपत्ति दूर होने के बाद पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हुआ.

उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की पहचान केवल एक महान शहनाई वादक के रूप में नहीं है. वे भारतीय शास्त्रीय संगीत और बनारस की गंगा-जमुनी सांस्कृतिक परंपरा के भी महत्वपूर्ण प्रतीक रहे हैं. ऐसे कलाकार से जुड़ा घर महज एक निजी आवास नहीं, बल्कि संगीत और सांस्कृतिक इतिहास से जुड़ी स्मृतियों का महत्वपूर्ण केंद्र भी है. इसलिए मकान के पुनर्निर्माण और प्रस्तावित संग्रहालय को लेकर उठी बहस का महत्व केवल एक भवन के टूटने या बनने तक सीमित नहीं है. 

फिलहाल इस मामले में यह स्पष्ट है कि मकान गिराने की कार्रवाई परिवार की ओर से की जा रही है. लेकिन संग्रहालय बनाने की योजना को लेकर परिवार और नगर निगम के बीच सहमति का सवाल अब भी महत्वपूर्ण है. परिवार अपनी पहल पर संग्रहालय बनाने की बात कह रहा है जबकि नगर निगम का कहना है कि उसकी प्रस्तावित योजना पर परिवार ने सहमति नहीं दी थी. 

ऐसे में यह स्पष्ट होना बाकी है कि नए मकान में संग्रहालय किस स्वरूप में बनेगा और नगर निगम इसमें किस तरह की भूमिका निभाएगा. संग्रहालय के निर्माण की समयसीमा क्या होगी, इसके लिए आर्थिक संसाधन कहां से आएंगे, इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी होगी और उस्ताद से जुड़ी मूल स्मृतियों को किस तरह संरक्षित किया जाएगा, ये सवाल भी अभी अनुत्तरित हैं. 

ADVERTISEMENT
Advertisement