पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अप्रत्याशित बढ़त और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मजबूत गढ़ों में सेंध लगाने के बाद अब उत्तर प्रदेश BJP के भीतर एक नई राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है- क्या बंगाल में पसीना बहाने वाले यूपी के BJP नेताओं को संगठन और सरकार में बड़ा इनाम मिलने जा रहा है?
पार्टी के अंदरूनी संकेतों, केंद्रीय नेतृत्व की बैठकों और प्रस्तावित संगठनात्मक फेरबदल को देखें तो यह सवाल अब महज अटकल नहीं रह गया है. BJP की राजनीति में चुनावी प्रदर्शन हमेशा राजनीतिक निवेश माना जाता है और बंगाल में काम कर चुके यूपी के नेताओं को अब उसी निवेश का फल मिलने की संभावना दिखाई दे रही है.
दरअसल, पश्चिम बंगाल चुनाव BJP के लिए सिर्फ एक राज्य का चुनाव नहीं था, बल्कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की प्रयोगशाला भी था. पार्टी ने इस पूर्वी राज्य में वही मॉडल लागू किया, जिसने उत्तर प्रदेश में पिछले एक दशक में उसे लगातार जीत दिलाई. इस रणनीति के केंद्र में रहे यूपी BJP के पूर्व संगठन महामंत्री सुनील बंसल, जिन्होंने अपने भरोसेमंद संगठनात्मक नेटवर्क को बंगाल में उतारकर बूथ से लेकर डेटा मैनेजमेंट तक पूरी चुनावी मशीनरी खड़ी कर दी. BJP के कई नेता मानते हैं कि बंगाल में पार्टी की सफलता दरअसल “यूपी मॉडल” की जीत है.
इसी वजह से अब पार्टी के भीतर उन नेताओं की राजनीतिक हैसियत अचानक बढ़ गई है, जिन्होंने बंगाल में महीनों डेरा डालकर चुनावी जिम्मेदारियां संभालीं. सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, दयाशंकर मिश्र दयालु, संजय गंगवार, दिनेश खटीक, सुब्रत पाठक, अलय मिश्र टेनी जैसे नेताओं को अलग-अलग इलाकों की जिम्मेदारी दी गई थी. इनमें कई ऐसे क्षेत्र शामिल थे जिन्हें लंबे समय तक TMC का अभेद्य गढ़ माना जाता रहा था. BJP सूत्रों का दावा है कि जिन सीटों पर इन नेताओं ने बूथ और जातीय समीकरणों की बारीक मॉनिटरिंग की, वहां पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षा से कहीं बेहतर रहा.
विशेष रूप से जेपीएस राठौर की भूमिका को पार्टी के भीतर काफी अहम माना जा रहा है. यूपी में लंबे समय तक चुनावी वार रूम संभाल चुके राठौर को पश्चिमी और पूर्वी मेदिनीपुर समेत 35 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई थी. BJP का मानना है कि वहां संगठन के भीतर मौजूद स्थानीय विवादों को शांत कराने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने में उनकी भूमिका निर्णायक रही. इसी तरह सुरेश राणा को उत्तर 24 परगना के 28 विधानसभा क्षेत्रों का जिम्मा मिला था. राणा ने वहां पश्चिम यूपी के अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए हिंदुत्व और स्थानीय असंतोष को जोड़ने की रणनीति पर काम किया. राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु का उदाहरण BJP के भीतर सबसे ज्यादा चर्चा में है. दमदम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सात विधानसभा सीटों में से छह पर BJP की जीत को पार्टी उनकी चुनावी मैनेजमेंट क्षमता से जोड़कर देख रही है.
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि BJP अब इन नेताओं को “चुनावी संपत्ति” के रूप में देख रही है. लखनऊ में राजनीति विज्ञान के शिक्षक आशुतोष गौतम कहते हैं, “BJP की कार्यशैली कांग्रेस या क्षेत्रीय दलों से अलग है. यहां सिर्फ वरिष्ठता नहीं, बल्कि चुनावी उपयोगिता भी महत्व रखती है. बंगाल में जिन नेताओं ने संगठनात्मक क्षमता दिखाई है, उन्हें यूपी में नई जिम्मेदारियां या सरकार में अधिक प्रभावशाली भूमिका मिल सकती है.” इसी संदर्भ में उत्तर प्रदेश BJP के संगठनात्मक फेरबदल को देखा जा रहा है.
पार्टी के भीतर संकेत हैं कि प्रदेश संगठन में व्यापक बदलाव की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अपनी नई टीम गठित करना चाहते हैं और केंद्रीय नेतृत्व भी चाहता है कि 2027 की लड़ाई से पहले संगठन में ऊर्जा और सामाजिक संतुलन दोनों दिखाई दें. ऐसे में बंगाल में सक्रिय रहे नेताओं को संगठन में बड़ी भूमिका मिलना लगभग तय माना जा रहा है.
BJP की मौजूदा प्रदेश टीम पर नजर डालें तो उसमें सवर्ण नेताओं का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक है. 43 पदाधिकारियों वाली टीम में 22 सवर्ण, 11 ओबीसी और आठ दलित समुदाय से आते हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के PDA फार्मूले ने BJP को कई सीटों पर नुकसान पहुंचाया. खासकर गैर-यादव ओबीसी और कुछ दलित समूहों में BJP की पकड़ कमजोर पड़ती दिखाई दी. यही वजह है कि पार्टी अब संगठन में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को नए सिरे से साधना चाहती है. राजनीतिक विश्लेषक सुशील पांडेय कहते हैं, “बंगाल चुनाव के जरिए BJP ने दो काम किए. पहला, उसने अपने नेताओं की चुनावी क्षमता का परीक्षण कर लिया. दूसरा, उसने यह भी समझ लिया कि कौन नेता सिर्फ भाषण देता है और कौन जमीनी संगठन खड़ा कर सकता है. अब उसी आधार पर यूपी में नई जिम्मेदारियां तय होंगी.”
यही कारण है कि बंगाल में सक्रिय रहे कई नेताओं के नाम अब संभावित संगठनात्मक प्रमोशन की चर्चाओं में शामिल हैं. पार्टी के भीतर चर्चा है कि कुछ नेताओं को प्रदेश महामंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष या चुनाव प्रबंधन से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. वहीं मंत्रिमंडल विस्तार में भी ऐसे चेहरों को तरजीह मिलने की संभावना है, जिन्होंने बंगाल में प्रदर्शन किया. कई नेताओं को योगी सरकार के तहत आने वाले आयोगों व निगमों में प्रभावी जगह देकर उनकी मेहनत को सम्मान दिया जा सकता है.
योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में अभी छह पद खाली हैं. BJP नेतृत्व इस विस्तार को सिर्फ प्रशासनिक जरूरत नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहा है. माना जा रहा है कि आगामी फेरबदल में पूर्वांचल, गैर-यादव ओबीसी और दलित समीकरणों को साधने की कोशिश होगी. बंगाल में सक्रिय रहे नेताओं की सबसे बड़ी ताकत यही है कि वे संगठन और चुनावी प्रबंधन दोनों में उपयोगी साबित हुए हैं.
BJP की राजनीति में “रिवार्ड फॉर परफॉर्मेंस” का सिद्धांत नया नहीं है. 2014 के बाद पार्टी ने लगातार ऐसे नेताओं को आगे बढ़ाया, जिन्होंने संगठनात्मक काम में परिणाम दिए. सुनील बंसल खुद इसका बड़ा उदाहरण हैं. यूपी में बूथ मैनेजमेंट और पन्ना प्रमुख मॉडल को मजबूत करने के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली. अब बंगाल में काम कर चुके कई नेता उसी मॉडल पर आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं. विशेषज्ञ मानते हैं कि BJP का असली फोकस 2027 का यूपी चुनाव है. बंगाल की जीत को पार्टी सिर्फ उपलब्धि नहीं बल्कि मनोवैज्ञानिक बढ़त के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है. राजनीतिक विश्लेषक अभिनव सिंह कहते हैं, “BJP जानती है कि 2024 के लोकसभा चुनाव ने उसे चेतावनी दी है. इसलिए अब वह 2027 से पहले संगठन को पूरी तरह इलेक्शन मोड में लाना चाहती है. बंगाल में काम कर चुके नेताओं को इसलिए महत्व मिलेगा क्योंकि वे पहले से ही हाई-इंटेंसिटी चुनावी माहौल में खुद को साबित कर चुके हैं.”
पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि बंगाल में तैनात यूपी नेताओं ने वहां सिर्फ चुनाव नहीं लड़ा बल्कि एक तरह से 2027 की तैयारी का फील्ड ट्रायल भी किया. माइक्रो बूथ मैनेजमेंट, डेटा आधारित रणनीति, जातीय समीकरणों की बारीक समझ और स्थानीय असंतोष को राजनीतिक नैरेटिव में बदलने की तकनीक को अब यूपी में और आक्रामक तरीके से लागू किया जाएगा. यही वजह है कि पश्चिम बंगाल में डेरा डालने वाले कई नेताओं की दिल्ली और लखनऊ में सक्रियता अचानक बढ़ गई है. यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकातों ने भी अटकलों को हवा दी है. संगठन और सरकार दोनों में बदलाव की चर्चा के बीच बंगाल में सक्रिय नेताओं का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ दिखाई देता है.
हालांकि BJP के भीतर प्रतिस्पर्धा भी कम नहीं है. पार्टी के कई पुराने नेता संगठन में अपनी जगह बचाने की कोशिश में लगे हैं. ऐसे में बंगाल मॉडल से निकले नए चेहरे और पुराने संगठनात्मक नेताओं के बीच संतुलन बनाना नेतृत्व के लिए चुनौती होगा. लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि बंगाल चुनाव ने यूपी BJP के भीतर शक्ति संतुलन को प्रभावित किया है.

