कोच्चि की तेजी से बढ़ती नाइटलाइफ में DJ पार्टियां, डांस लाउंज और लोगों से भरे बार और रेस्तरां शामिल हैं. लेकिन अब इस पर पुलिस की नजर और पाबंदियां लगातार बढ़ रही हैं. खासकर जून में नशीले पदार्थों के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए केरल सरकार की ओर से ऑपरेशन तूफान शुरू किए जाने के बाद से पुलिस की सख्ती और बढ़ गई है.
पुलिस की कार्रवाई में उन सोशलाइजिंग हॉटस्पॉट्स (मेलजोल के ठिकानों) पर सख्ती की गई है जहां देर रात तक कारोबार चलता रहता है. हालांकि अब अदालत ने पुलिस से एक अहम सवाल पूछा है: क्या इन पाबंदियों को जरूरत से ज्यादा सख्त कर दिया गया है?
16 नवंबर को केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने पुलिस के फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आप राज्य में नाइटलाइफ पर पूरी तरह रोक कैसे लगा सकते हैं. इस बेंच में जस्टिस देवन रामचंद्रन और जस्टिस बसंत बालाजी शामिल थे. बेंच राज्य सरकार की उस अपील पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें सरकार ने 10 नवंबर को हाई कोर्ट की सिंगल बेंच के फैसले को चुनौती दी थी.
सिंगल बेंच ने वैध शराब लाइसेंस वाले होटलों में DJ पार्टियों के समय पर पाबंदी लगाने को लेकर पुलिस को फटकार लगाई थी. यह मामला एक खास होटल से जुड़ा था जिसके पास सुबह 3 बजे तक कारोबार करने का एक्साइज लाइसेंस था.
डिवीजन बेंच ने अपने आदेश में कहा कि पुलिसिंग और पुलिस राज के बीच एक बारीक अंतर होता है. उसने यह भी पूछा कि केरल में DJ पार्टियों और नाइटलाइफ पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए किस कानूनी आधार का इस्तेमाल किया जा रहा है.
साथ ही, अदालत ने साफ किया कि नशीले पदार्थों के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का पूरा अधिकार पुलिस के पास है. बेंच ने कहा, "ड्रग्स और प्रतिबंधित पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई हर समय जारी रहनी चाहिए और इसके लिए जितनी सख्ती और ताकत की जरूरत हो, उसका इस्तेमाल किया जाना चाहिए."
इससे पहले कोच्चि सिटी पुलिस ने बार और होटलों को नोटिस जारी कर अपने कामकाज के घंटे सीमित करने को कहा था. पुलिस का कहना था कि ये जगहें ड्रग यूजर्स (नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करने वालों) के ठिकाने बन गई हैं.
डिवीजन बेंच ने कहा कि नाइटलाइफ पर पूरी तरह रोक लगाना "अव्यावहारिक और जरूरत से ज्यादा सख्त" होगा. अदालत ने यह भी कहा कि DJ पार्टियों को नशीले पदार्थों के गलत इस्तेमाल से जोड़ना एक तरह की "स्टीरियोटाइपिंग (रूढ़िवादी सोच)" है. अदालत ने कहा कि DJ एक पेशा है और इसे पेशेवर मनोरंजन के तौर पर देखा जाना चाहिए.
जस्टिस रामचंद्रन ने कहा, "आपने कहा है कि वे DJ पार्टियां नहीं कर सकते. लेकिन वे वहां शराब परोस सकते हैं. आपको शराब पीने से कोई परेशानी नहीं है क्योंकि इससे सरकार को राजस्व (रेवेन्यू) मिलता है. क्या हमें यह कहना चाहिए कि किसी भी बार में डांस नहीं कर सकता या संगीत नहीं सुन सकता? हम यह कैसे कह सकते हैं कि संगीत सुनने या डांस करने से नशीले पदार्थों का इस्तेमाल होने लगता है?" बेंच ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 नवंबर की तारीख तय की.
केरल में फाइव स्टार होटलों को जारी एक्साइज लाइसेंस के तहत वे सुबह 3 बजे तक शराब बेच सकते हैं. लेकिन पिछले महीने हालात तब बदले, जब 2008 बैच की IPS अधिकारी आर. निशांतिनी ने कोच्चि सिटी की पहली महिला पुलिस कमिश्नर के तौर पर पदभार संभाला. इसके बाद पुलिस ने स्टार होटलों को नोटिस जारी कर रात 11 बजे तक अपना कारोबार बंद करने को कहा.
फाइव-स्टार होटल रेडिसन ब्लू ने पुलिस के इस आदेश को अदालत में चुनौती दी. 31 अक्टूबर को पुलिस ने होटल पर कथित तौर पर DJ पार्टी आयोजित करने और पुलिस की ओर से तय किए गए नए समय के बाद भी शराब परोसने के आरोप में छापा मारा. हालांकि नशीले पदार्थों के सेवन का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया.
इस मुद्दे ने केरल के समाज का ध्यान खींचा है और इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. मलयालम के जाने-माने लेखक और पटकथा लेखक पी.एफ. मैथ्यूज ने इंंडिया टुडे से कहा, "ड्रग्स के इस्तेमाल पर नजर रखना बहुत जरूरी है. लेकिन पुलिस के पास निगरानी के नाम पर नाइटलाइफ पर रोक लगाने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है. पुलिस हमेशा गरीब नागरिकों से हिसाब बराबर करने के लिए सख्त कानूनों और जरूरत से ज्यादा अधिकारों का इस्तेमाल करती है. हाई कोर्ट का फैसला पुलिस पर लगाम लगाने का काम करेगा."
जाने-माने वकील और पूर्व सांसद डॉ. सेबेस्टियन पॉल का भी मानना है कि पुलिस ने अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने में हद पार कर दी है. उन्होंने कहा, "पुलिस अधिकारी अक्सर अपने अधिकारों का इस्तेमाल इस तरह करते हैं कि आम नागरिकों की जिंदगी खतरे में पड़ जाती है. वे इन पाबंदियों के बिना भी नशीले पदार्थों के गलत इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं. उनकी जिम्मेदारी कोच्चि में सुरक्षित नाइटलाइफ सुनिश्चित करना होनी चाहिए. इसके बजाय पुलिस उपदेश देने में लगी है."
एर्नाकुलम जिले में कुल 211 बार हैं, जिनमें से 70 कोच्चि सिटी में हैं. इस शहर की अपनी नाइटलाइफ लंबे समय से रही है. 1980 के दशक से ही यहां के स्टार होटलों में म्यूजिक बैंड कार्यक्रम करते रहे हैं.

