
गोरखपुर में 14 साल के एक छात्र की सड़क हादसे में मौत ने उत्तर प्रदेश में सियासी तापमान बढ़ा दिया है. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोडशो से लौट रहे बुलडोजर की चपेट में आने से केंद्रीय विद्यालय, नंद नगर में दसवीं के छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव आमने-सामने आ गए हैं.
मुख्यमंत्री ने इस घटना को हत्या करार देते हुए सपा पर अराजकता और माफिया संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया जबकि अखिलेश ने CCTV फुटेज का हवाला देकर मुख्यमंत्री के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह मामला अब कानून-व्यवस्था, राजनीतिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और भारी मशीनरी के इस्तेमाल से जुड़े सवालों तक पहुंच गया है.
यह घटना 18 नवंबर शाम की है. आर्यवर्धन अपनी छोटी बहन को लेने जा रहा था. इसी दौरान कुड़ा घाट इलाके में महादेव झारखंडी गेट के पास वह एक भारी अर्थमूवर यानी बुलडोजर की चपेट में आ गया. यह बुलडोजर अखिलेश यादव के रोडशो में इस्तेमाल होने के बाद कार्यक्रम स्थल से लौट रहा था. हादसे के बाद छात्र को तत्काल एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह BJP की मतदाता सूची सुधार समिति के जिला सह-संयोजक हैं.
दर्ज हुई FIR
हादसे के बाद 18 नवंबर की देर रात BJP समर्थकों ने गोरखपुर-देवरिया राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात रोक दिया. प्रदर्शनकारी घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया जिसके बाद रात करीब नौ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ. जिलाधिकारी ने कहा कि कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने झारखंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की बात भी कही.

मृतक के पिता ओंकार सिंह की शिकायत पर एम्स पुलिस थाने में गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे FIR दर्ज की गई. इसमें JCB ऑपरेटर के अलावा समाजवादी पार्टी के पांच कार्यकर्ताओं साधु यादव, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश को नामजद किया गया है. इन लोगों पर कथित तौर पर रोडशो के आयोजन में शामिल होने का आरोप है.
पुलिस ने 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. एसपी (सिटी) निमिष दशरथ पाटिल के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. ये धाराएं लापरवाही से वाहन चलाने और लापरवाही के कारण मौत होने से संबंधित हैं. मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर मोनू कुमार को सौंपी गई है.
FIR में नामजद यादव परिवार के लोगों को कथित तौर पर इस कार्यक्रम का आयोजक बताया गया है. आरोप है कि उन्होंने अखिलेश यादव को विशाल माला पहनाने के लिए बुलडोजर का इंतजाम किया था. कार्यक्रम में बुलडोजर का इस्तेमाल माला पहनाने के लिए किया गया और हादसा तब हुआ जब वह कार्यक्रम स्थल से वापस लौट रहा था. हालांकि इस मामले में पुलिस जांच के जरिए ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के लिए किसकी क्या जिम्मेदारी थी.
योगी ने लगाया हत्या का आरोप
घटना को राजनीतिक रंग तब मिला जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 नवंबर को इस मामले पर सपा को निशाने पर लिया. उन्होंने छात्र की मौत को महज सड़क हादसा मानने के बजाय हत्या करार दिया और सपा पर गुंडागर्दी, अराजकता तथा माफिया संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. योगी ने कहा कि एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाले और अपने परिवार के साथ रहने वाले मासूम बच्चे को बेहद क्रूर तरीके से मार दिया गया.

मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, "और बेशर्मी की हद देखिए: माफियाओं को संरक्षण देने वाले और गुंडागर्दी व अराजकता को बढ़ावा देने वाले ये लोग चुप रहे; उन्होंने शोक का एक शब्द भी नहीं कहा. मैं इस मासूम बच्चे की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं." योगी ने इस घटना के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात भी की. उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी और परिवार को न्याय मिलेगा.
इससे पहले मुख्यमंत्री ने परिवार के लिए पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी. उन्होंने अधिकारियों को घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आर्यवर्धन के परिवार के ऐतिहासिक जुड़ाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि छात्र के पूर्वज उन 172 स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल थे, जिन्हें अंग्रेजों ने ऐतिहासिक चौरी-चौरा कांड के सिलसिले में मौत की सजा सुनाई थी. योगी ने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों की पहचान की जाए और उन्हें ऐसी सजा मिले कि आने वाली कई पीढ़ियां उसके परिणाम याद रखें.
अखिलेश ने किया पलटवार
मुख्यमंत्री के आरोपों के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मोर्चा संभाल लिया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर छात्र की मौत पर दुख जताते हुए कहा, "एक हादसे में मासूम बच्चे की मौत से हम सभी को गहरा दुख पहुंचा है. हम शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमने अपने साथियों से कहा है कि वे परिवार से मिलें और उन्हें हर संभव मदद दें."
हालांकि अखिलेश ने इस घटना को लेकर BJP और मुख्यमंत्री की राजनीति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जो लोग इस दुखद हादसे पर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले एक युवक की दुखी मां के साथ उन्होंने कैसा व्यवहार किया था और उन्हें किस तरह धमकाया था.

अखिलेश ने आरोप लगाया कि जनता समझ चुकी है कि ये लोग सिर्फ दुख जताने का नाटक कर रहे हैं. सपा प्रमुख ने एक अन्य पोस्ट में घटना का CCTV फुटेज साझा करते हुए मुख्यमंत्री के आरोपों को चुनौती दी. उन्होंने लिखा कि वीडियो से स्पष्ट है कि उस समय वहां कोई रोडशो या रैली नहीं हो रही थी जिसके लिए मुख्यमंत्री दूसरों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. अखिलेश ने कहा कि इस दुखद घटना पर राजनीति करना पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है. उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की.
अखिलेश ने यह भी कहा कि बच्चे को खोने का दुख केवल उसका परिवार समझ सकता है. ऐसे संवेदनशील मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय सच्चाई सामने लाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए. सपा की मीडिया सेल ने भी CCTV फुटेज के आधार पर अपना पक्ष रखा. उसके मुताबिक एक रोडवेज बस अपने निर्धारित स्टॉप के बजाय अचानक सड़क के बीच में रुक गई. बच्चा पहले बस की चपेट में आकर जमीन पर गिरा और इसके बाद वहां JCB आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
पार्टी ने सवाल उठाया कि अगर बस और JCB हादसे के लिए जिम्मेदार थे तो बस या JCB के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज क्यों नहीं की गई? सपा का दावा है कि उसके रोडशो का वाहन इस घटना से काफी पहले वहां से गुजर चुका था.
इस तरह एक ही घटना को लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आ गए हैं. मुख्यमंत्री जहां सपा कार्यकर्ताओं और उनके आयोजन को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं वहीं अखिलेश यादव और उनकी पार्टी CCTV फुटेज के आधार पर रोडशो और हादसे के बीच सीधे संबंध पर सवाल उठा रहे हैं.
इस राजनीतिक टकराव में BJP के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी कूद पड़े. उन्होंने इस घटना को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की. उन्होंने कार्यक्रम में भारी मशीनरी के इस्तेमाल और आयोजन के इंतजामों पर भी सवाल उठाए.
गोरखपुर की यह घटना अब केवल एक सड़क हादसे या राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गई है. इसने राजनीतिक आयोजनों में भारी मशीनों के इस्तेमाल, सुरक्षा इंतजाम और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. किसी राजनीतिक कार्यक्रम में बुलडोजर को प्रतीकात्मक प्रदर्शन या स्वागत के लिए इस्तेमाल करने के बाद उसे सार्वजनिक सड़क पर वापस ले जाते समय किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, यह भी जांच का अहम विषय है.

