
गोवा में विधानसभा चुनाव तेजी से नजदीक आ रहे हैं. ऐसे में सत्तारूढ़ BJP की सहयोगी महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) अब गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर रही है.
पार्टी के पास कैबिनेट में एक मंत्री भी है. रामकृष्ण 'सुदिन' धवलीकर बिजली मंत्री हैं. MGP ने BJP के कब्जे वाली सीटों पर भी दावा ठोका है. साथ ही कहा है कि वह 2027 की शुरुआत में होने वाले चुनाव में 40 में से 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है.
MGP अध्यक्ष और पूर्व मंत्री पांडुरंग 'दीपक' धवलीकर ने कहा है, "हम 16 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं." हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी BJP के साथ गठबंधन के लिए तैयार है. उनका कहना है कि अगर MGP अलग चुनाव लड़ती है तो कम से कम पांच सीटें जीत सकती है.
दीपक ने BJP के कब्जे वाली शिरोडा सीट पर भी दावा किया है. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चाहते हैं कि वे इसी सीट से चुनाव लड़ें. उन्होंने कहा, "मेरे शिरोडा से चुनाव लड़ने की सबसे ज्यादा संभावना है लेकिन यह BJP के साथ गठबंधन पर निर्भर करेगा."
2019 में दीपक ने शिरोडा सीट पर हुए उपचुनाव में जल संसाधन मंत्री सुभाष शिरोडकर के खिलाफ चुनाव लड़ा था. शिरोडकर कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए थे. इस मुकाबले में दीपक महज 76 वोटों से हार गए थे.
दीपक प्रियोल से दो बार विधायक रह चुके हैं. 2017 में उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार गोविंद गौड़े ने हराया था. 2022 में गौड़े BJP के टिकट पर चुनाव लड़े और 200 से कुछ ज्यादा वोटों से दीपक को फिर हरा दिया.

आदिवासी समुदाय से आने वाले गौड़े धवलीकर भाइयों के मुखर आलोचक हैं. प्रियोल में आदिवासी मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है. वहीं शिरोडकर ने दीपक को प्रियोल से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है. उन्होंने कहा है कि वे 2019 की तरह उन्हें फिर हरा देंगे.
सुदिन के फोंडा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है. कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है. MGP का दावा है कि फोंडा उसका मजबूत गढ़ है. हिंदू धार्मिक केंद्रों के करीब होने के कारण इसे गोवा की सांस्कृतिक राजधानी भी माना जाता है.
संभावना है कि सुदिन अपनी पारंपरिक मडकई सीट छोड़कर बेटे मिथिल को चुनाव लड़ने का मौका दें. सुदिन लगातार छह बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. फोंडा पर MGP के दावे से BJP के भीतर नाराजगी पैदा हो सकती है. वहीं दीपक ने परिवारवाद के आरोपों को खारिज किया है.
गोवा विधानसभा में MGP के दो विधायक हैं. इनमें सुदिन (मडकई) और अरोलकर (मांद्रेम) शामिल हैं. दिलचस्प बात यह है कि अरोलकर के BJP के करीब जाने की चर्चा है. हाल ही में तटीय राज्य के दौरे पर आए BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी उन्होंने मुलाकात की थी. अरोलकर भंडारी समुदाय से आते हैं. यह समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) श्रेणी में शामिल है और गोवा का सबसे बड़ा जातीय समूह है.
डॉ. प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली सरकार में परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो ने अरोलकर को BJP में शामिल होने का न्योता देकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी थी. इसके बाद गोवा BJP अध्यक्ष दामोदर 'दामू' नाइक ने गोडिन्हो को फटकार लगाई थी.
मुख्यमंत्री सावंत भी जोर देकर कह चुके हैं कि उनकी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मांद्रेम सीट से उम्मीदवार उतारेगी. 2022 में अरोलकर ने BJP विधायक दयानंद सोप्ते और पूर्व मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर को हराया था.
अरोलकर पहले पुलिस कांस्टेबल और वॉलीबॉल खिलाड़ी रह चुके हैं. पारसेकर ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था. अब पारसेकर और सोप्ते ने अरोलकर के खिलाफ हाथ मिला लिया है. माना जा रहा है कि पारसेकर जल्द ही BJP में लौट सकते हैं. दीपक का कहना है कि 1980 के दशक से MGP में कई बार टूट हुई है. उसके विधायक कांग्रेस और फिर BJP में शामिल होते रहे हैं लेकिन इसके बावजूद पार्टी मजबूत बनी हुई है.

1963 में दयानंद उर्फ 'भाऊसाहेब' बंदोदकर के नेतृत्व में MGP ने गोवा, दमन और दीव विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त दी थी. यह पहली बार था जब भारत के किसी राज्य में बहुजन समाज के मुद्दे पर किसी पार्टी ने सत्ता हासिल की थी.
बंदोदकर गोमांतक मराठा समाज से आते थे. यह समुदाय संख्या में बहुत छोटा, लेकिन प्रभावशाली था. उन्हें हिंदू समाज के निचले और मध्यम जाति वर्ग के मतदाताओं के बड़े हिस्से का समर्थन हासिल था.
बंदोदकर के निधन के बाद उनकी बेटी शशिकला काकोडकर उर्फ ताई ने पूर्व पुर्तगाली उपनिवेश गोवा में MGP सरकार का नेतृत्व किया. आज MGP अपने पुराने राजनीतिक प्रभाव की छाया भर रह गई है. अब पार्टी की कमान धवलीकर भाइयों के हाथ में है जो मंदिरों में पारंपरिक पुजारी का काम करने वाले परिवार से आते हैं.
BJP के बारे में कहा जा रहा है कि वह MGP के साथ गठबंधन करने को उत्सुक है. वह ऐसा करके हिंदू वोटों का बंटवारा रोकना चाहती है. पार्टी लगातार चौथी बार सत्ता में आने की तैयारी कर रही है. इसी वजह से MGP गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए कड़ी सौदेबाजी कर रही है.
अगर MGP अपने दम पर चुनाव लड़ती है तो उसे हिंदू बहुजन मतदाताओं के एक वर्ग का समर्थन मिल सकता है. इससे BJP के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लग सकती है. BJP की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ सकती हैं क्योंकि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी गोवा में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. ऐसा तब है जब वह BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा है.
शिवसेना की योजना 21 सीटों पर चुनाव लड़ने की है. पार्टी महाराष्ट्र के बाहर पहली बार राजनीतिक जमीन तलाश रही है. इसके लिए वह स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देने का मुद्दा उठा रही है.
शिवसेना ने गोवा में चुनावी मोर्चा संभालने के लिए लोकसभा के पूर्व सांसद गजानन कीर्तिकर और मुंबई के पूर्व पार्षद दिलीप नाइक तथा राजू पेडनेकर को जिम्मेदारी सौंपी है. पेडनेकर और नाइक क्रमशः उत्तर और दक्षिण गोवा के प्रभारी हैं. पार्टी की नजर हिंदू और मराठी समर्थक मतदाताओं पर है.
महाराष्ट्र के बाहर किसी राज्य की विधानसभा में शिवसेना का केवल एक बार उम्मीदवार चुना गया है. 1991 में राम मंदिर आंदोलन के चरम पर उत्तर प्रदेश की अकबरपुर सीट से पवन कुमार पांडेय विधायक बने थे.
इसकी एक वजह अविभाजित शिवसेना की राजनीतिक दुविधा भी थी. पार्टी महाराष्ट्र में स्थानीय लोगों और मराठी मानुष के हितों की राजनीति करती थी. वहीं 1980 के दशक में उसने हिंदुत्व की राजनीति को भी अपना लिया. पार्टी नेतृत्व इन दोनों विचारधाराओं के बीच संतुलन नहीं बना पाया. इसी दौर में शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे हिंदुत्व के बड़े चेहरे के रूप में उभरे थे.
2022 में अविभाजित शिवसेना ने अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के साथ गठबंधन कर गोवा में 10 उम्मीदवार उतारे थे. NCP ने 13 सीटों पर चुनाव लड़ा था. शिवसेना को कुल 1,726 वोट मिले थे जो कुल पड़े वोटों का 0.18 फीसदी था.
महाराष्ट्र और गोवा के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत रहे हैं. गोवा के मराठी भाषी हिंदू मुंबई और अन्य जगहों पर शिवसेना के समर्थक आधार का हिस्सा हैं. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता अनिल देसाई, जो मुंबई दक्षिण मध्य से लोकसभा सांसद हैं, विधायक संजय पोतनीस और पूर्व विधायक प्रकाश फाटरपेकर मूल रूप से गोवा के रहने वाले हैं. शिवसेना के दिलीप नाइक और राजू पेडनेकर की जड़ें भी गोवा से जुड़ी हैं.

