scorecardresearch
डार्क मोड

बांकीपुर उपचुनाव में तीन नेताओं की साख दांव पर

बांकीपुर के उपचुनाव में नितिन नवीन की राजनीतिक पकड़, सम्राट चौधरी की चुनावी रणनीति और प्रशांत किशोर की व्यवस्था को चुनौती देने की क्षमता की भी परीक्षा होगी

नितिन नवीन और प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)
नितिन नवीन और प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)
अपडेटेड 9 जुलाई , 2026

हर उपचुनाव का अपना स्थानीय महत्व होता है लेकिन बहुत कम ऐसे चुनाव होते हैं जो एक साथ तीन नेताओं के राजनीतिक भविष्य की कसौटी बन जाएं. पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट का आगामी उपचुनाव ऐसा ही एक मुकाबला है.

संख्या के लिहाज से इस उपचुनाव का नतीजा बिहार की राजनीतिक तस्वीर नहीं बदलेगा. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास बहुमत से कहीं अधिक विधायक हैं और एक शहरी सीट का परिणाम सरकार की स्थिरता पर कोई असर नहीं डालेगा. 

हालांकि, राजनीतिक रूप से इस चुनाव का महत्व इसकी वास्तविक चुनावी अहमियत से कहीं ज्यादा हो गया है. BJP के लिए बांकीपुर उसकी सबसे सुरक्षित शहरी सीटों में से एक रही है. इस सीट का लगभग दो दशक तक प्रतिनिधित्व नितिन नवीन ने किया. बाद में पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा भेजे जाने के कारण उन्हें विधानसभा की सदस्यता छोड़नी पड़ी.

यह उपचुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि यह BJP के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल का पहला विधानसभा उपचुनाव है. वहीं, जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने भी इस सीट पर खुद पूरी ताकत झोंक दी है. वह सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर स्थापित राजनीतिक समीकरणों को चुनौती देना चाहते हैं.

इसलिए इस चुनाव का नतीजा तीन अलग-अलग सवालों का जवाब देगा. क्या वोटिंग मशीन पर नाम नहीं होने के बावजूद नितिन नवीन की राजनीतिक विरासत कायम रहेगी? क्या सम्राट चौधरी इस उपचुनाव में पार्टी को जीत दिलवा पाएंगे और क्या प्रशांत किशोर लोगों की उत्सुकता को मजबूत राजनीतिक प्रदर्शन में बदल पाएंगे?

तीन बड़े नेताओं के विरासत की परीक्षा

तीनों नेताओं के लिए बांकीपुर उपचुनाव में अलग-अलग तरह की परीक्षा होना है. बिहार की बहुत कम विधानसभा सीटें किसी एक नेता से उतनी गहराई से जुड़ी रही हैं, जितनी बांकीपुर नितिन नवीन से जुड़ी रही है. उनकी राजनीतिक यात्रा 2006 में शुरू हुई, जब उनके पिता और BJP के वरिष्ठ नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद हुए उपचुनाव में वह पहली बार विधायक बने.

चार साल बाद परिसीमन के बाद पटना पश्चिम की जगह बांकीपुर सीट बनी और वह यहां से चुनाव लड़ने और जीतने लगे. इसके बाद उन्होंने लगातार पांच बार इस सीट पर जीत दर्ज की है. इस सीट से नितिन नवीन की चुनावी यात्रा की सबसे बड़ी खासियत उनकी लगातार सफलता रही. 

हर चुनाव में उनका वोट फीसद बढ़ता गया. सिर्फ 2020 के कोरोना महामारी वाले चुनाव में इसमें थोड़ी कमी आई, क्योंकि उस समय पूरे बिहार में मतदान कम हुआ था. 2025 में उन्होंने अब तक का सबसे ज्यादा वोट हासिल किया.

इन दो दशकों में बांकीपुर में व्यापारियों, पेशेवरों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और मध्यम वर्ग के मतदाताओं के साथ उनका मजबूत संबंध बना. लोगों ने स्थानीय विकास को उनकी उपलब्धता और सक्रियता से जोड़कर देखना शुरू कर दिया.

अब उनके और जनता के बीच बने इसी रिश्ता का असली परीक्षा होना है. राजनीतिक भरोसा चुनावी राजनीति की सबसे बड़ी लेकिन सबसे कठिन मापी जाने वाली पूंजी होती है. इसे किसी संगठन के निर्देश से दूसरे व्यक्ति को नहीं सौंपा जा सकता. मतदाता नितिन नवीन और BJP में फर्क करते हैं या नहीं, इसका जवाब मतगणना के दिन मिलेगा.

अगर BJP बांकीपुर सीट बचा लेती है तो यह साबित होगा कि दो दशकों में बनी राजनीतिक ताकत अब संस्थागत रूप ले चुकी है. हालांकि, अगर BJP की जीत का अंतर काफी घटता है तो फिर वही पुराना सवाल उठेगा कि मतदाता पार्टी के साथ खड़े रहते हैं या नेता के साथ.

सम्राट चौधरी की पहली चुनावी परीक्षा

बांकीपुर का चुनाव सम्राट चौधरी के नेतृत्व की भी परीक्षा है. मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला विधानसभा उपचुनाव है. सम्राट चौधरी के लिए दांव सिर्फ BJP की परंपरागत मजबूत सीट बचाने का नहीं है. मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सरकार ने प्रशासनिक बदलाव, बुनियादी ढांचे के विस्तार, निवेश बढ़ाने और कानून-व्यवस्था पर जोर देकर खुद को मजबूत सरकार के रूप में पेश करने की कोशिश की है. ऐसे में BJP की बांकीपुर में जीत को इस शासन मॉडल पर जनता की मुहर के रूप में पेश करेगी.

इसके साथ ही यह संगठन की मजबूती की भी परीक्षा है. बिहार BJP का एक बड़ा नेता राष्ट्रीय जिम्मेदारी संभाल चुका है और दूसरा राज्य का मुख्यमंत्री बन चुका है. बांकीपुर पहला मौका है, जब पार्टी यह दिखा सकती है कि इन दोनों बदलावों के बावजूद उसका संगठन बिना किसी चुनावी नुकसान के काम कर सकता है.

अगर BJP आरामदायक जीत दर्ज करती है तो यह धारणा मजबूत होगी कि पार्टी अब सिर्फ नेताओं पर निर्भर नहीं है. इससे आने वाले बड़े चुनावों से पहले पार्टी के भीतर सम्राट चौधरी की स्थिति भी और मजबूत होगी. वहीं, अगर जीत का अंतर कम होता है तो कई सवाल उठेंगे. क्या सरकार के शुरुआती अच्छे दौर का असर कम होने लगा है? क्या नेतृत्व में बदलाव से संगठन प्रभावित हुआ है? क्या शहरी मतदाताओं का रुख धीरे-धीरे बदल रहा है? यही वजह है कि BJP बांकीपुर को सामान्य उपचुनाव की तरह नहीं देख रही है.

प्रशांत किशोर का दांव

शायद इस चुनाव पर सबसे ज्यादा राजनीतिक दांव प्रशांत किशोर ने लगाया है. कई साल तक वह देश के सबसे चर्चित चुनावी रणनीतिकार रहे. जन सुराज उनकी उस कोशिश का हिस्सा है, जिसके जरिए वह रणनीतिकार से सीधे नेता बनना चाहते हैं. हालांकि, किसी भी राजनीतिक आंदोलन को चुनावी सफलता की जरूरत होती है और बांकीपुर उन्हें वही मौका दे रहा है.

ग्रामीण इलाकों के मुकाबले, जहां जातीय समीकरण ज्यादा असर डालते हैं, बांकीपुर में व्यापारी, पेशेवर, सरकारी कर्मचारी और तेजी से बढ़ता मध्यम वर्ग रहता है. अगर यहां सफलता मिलती है तो उसका महत्व सीट के आकार से कहीं ज्यादा होगा, क्योंकि इससे यह संदेश जाएगा कि जन सुराज BJP के पारंपरिक शहरी वोट बैंक में भी जगह बना सकती है.

प्रशांत किशोर ने इस चुनाव को स्थानीय मुद्दे से आगे बढ़ाकर राज्य सरकार के कामकाज की परीक्षा के रूप में पेश किया है. इससे उन्हें दो फायदे मिलते हैं. पहला, इससे ध्यान संगठन की ताकत के अंतर से हटकर सरकार के प्रदर्शन पर जाता है, जहां विपक्ष को राजनीतिक मौका मिलता है.

दूसरा, इससे प्रशांत किशोर खुद को BJP के मुख्य चुनौतीकर्ता के रूप में पेश कर पाते हैं. यह रणनीति मतदाताओं पर कितना असर डालेगी, यह अभी साफ नहीं है लेकिन उम्मीदें बढ़ाकर उन्होंने अपनी राजनीतिक विश्वसनीयता को भी इस चुनाव के नतीजे से जोड़ दिया है.

चुनावी गणित से आगे

उपचुनावों के चुनावी गणित पर काफी चर्चा होती रही है लेकिन बांकीपुर का महत्व मनोवैज्ञानिक ज्यादा है. BJP के लिए जीत यह साबित करेगी कि नेतृत्व में बदलाव के बावजूद संगठन पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है. सम्राट चौधरी के लिए यह मुख्यमंत्री बनने के बाद जनता की पहली चुनावी मंजूरी होगी.

नितिन नवीन के लिए यह इस बात का प्रमाण होगा कि दो दशकों तक क्षेत्र में किया गया काम उनकी गैरमौजूदगी में भी उनकी राजनीतिक विरासत को कायम रख सकता है. वहीं, प्रशांत किशोर के लिए अगर वह कड़ी टक्कर भी देते हैं तो इससे आने वाले चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल बदल सकता है. इससे यह संदेश जाएगा कि जन सुराज के पास बिहार के शहरी इलाकों में स्थापित दलों को चुनौती देने की संगठनात्मक क्षमता है.

बांकीपुर का यह चुनाव एक साथ राजनीतिक उत्तराधिकार, संगठन की मजबूती और विपक्ष की विश्वसनीयता की परीक्षा है. इसलिए आने वाले हफ्तों में हर चुनावी सभा, हर रोड शो और हर बूथ स्तर की गतिविधि पर सिर्फ इस सीट के नजरिए से नहीं, बल्कि बड़े राजनीतिक संकेतों के तौर पर नजर रखी जाएगी.

कागज पर दांव पर सिर्फ एक विधानसभा सीट है लेकिन असल में तीन राजनीतिक कहानियों का भविष्य तय होना है. जब वोटों की गिनती पूरी होगी तो जीतने वाला उम्मीदवार नितिन नवीन की खाली हुई विधानसभा सीट का विधायक जरूर बन जाएगा. लेकिन, इस चुनाव परिणाम के बाद असली मूल्यांकन तीन बड़े नेताओं का हो रहा होगा. 

एक ऐसे राष्ट्रीय अध्यक्ष की राजनीतिक विरासत का, जो इस सीट पर अपनी पकड़ बनाए रखना चाहते हैं. एक मुख्यमंत्री का, जो अपने नेतृत्व की पहली चुनावी मंजूरी चाहते हैं. इसके अलावा, एक ऐसे राजनीतिक चुनौतीकर्ता का, जो यह साबित करना चाहते हैं कि चुनावी रणनीति को चुनावी जीत में बदला जा सकता है.

ADVERTISEMENT
Advertisement