
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की बातचीत शुरू हो रही है. इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 22 नवंबर को चार सदस्यीय कमेटी गठित की, जिसकी अगुवाई पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव करेंगे.
कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी से सांसद राजीव राय और कैराना से सांसद इकरा हसन को भी शामिल किया गया है. सीटों के बंटवारे जैसी संवेदनशील जिम्मेदारी रामगोपाल यादव को सौंपना बताता है कि अखिलेश पार्टी के भीतर उनके अनुभव और राजनीतिक समझ को कितना महत्व देते हैं.
कांग्रेस के साथ गठबंधन में सीटों का सवाल केवल संख्या का नहीं बल्कि क्षेत्रीय प्रभाव, जातीय समीकरण और दोनों दलों के संगठनात्मक आधार का भी है. ऐसे में अखिलेश ने बातचीत की कमान एक ऐसे नेता को दी है जो मुलायम सिंह यादव के समय से पार्टी के संगठन और राष्ट्रीय राजनीति के फैसलों में शामिल रहे हैं.
29 जून 1946 को इटावा जिले के सैफई में जन्मे रामगोपाल यादव, मुलायम सिंह यादव के चचेरे भाई यानी अखिलेश यादव के चाचा हैं. राजनीति में आने से पहले वे शिक्षक और शिक्षाविद रहे. उन्होंने भौतिक विज्ञान में एमएससी, राजनीति विज्ञान में एमए और पीएचडी की डिग्री हासिल की. यही शैक्षणिक पृष्ठभूमि उनकी राजनीतिक पहचान में भी दिखाई देती है. पार्टी में उन्हें 'प्रोफेसर साहब' कहा जाता है.

रामगोपाल यादव का राजनीतिक सफर 1988 में इटावा के बसरेहर ब्लॉक प्रमुख बनने से शुरू हुआ. 1989 से 1992 तक वे इटावा जिला परिषद के अध्यक्ष रहे. जुलाई 1992 में पहली बार राज्यसभा पहुंचे. 1998 में दोबारा राज्यसभा सदस्य बने. 2004 में संभल से लोकसभा चुनाव जीता और 2008 में फिर राज्यसभा लौटे. इसके बाद 2014 और 2020 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए. 2026 में वे छठी बार राज्यसभा पहुंचे. तीन दशक से अधिक के संसदीय अनुभव के साथ वे सपा के सबसे वरिष्ठ संसदीय नेताओं में शामिल हैं.
रामगोपाल की राजनीतिक हैसियत केवल उनके संसदीय अनुभव से नहीं बनी. मुलायम सिंह यादव के दौर में वे पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक फैसलों के प्रमुख सूत्रधारों में शामिल थे. मुलायम जहां उत्तर प्रदेश की जमीनी राजनीति और संगठन में शिवपाल सिंह यादव पर भरोसा करते थे वहीं रामगोपाल की जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजनीति, संसदीय रणनीति और दूसरे दलों के नेताओं से संवाद की थी.
पार्टी के चुनावी सर्वे, फीडबैक और राजनीतिक समीकरणों के आकलन में भी रामगोपाल से सलाह लेते थे. पार्टी के संविधान और संगठनात्मक ढांचे को तैयार करने में भी उनकी भूमिका रही. इस तरह मुलायम के राजनीतिक नेतृत्व और पार्टी के संगठनात्मक प्रबंधन के बीच वे एक महत्वपूर्ण कड़ी बन गए थे. उनकी संसदीय समझ और राजनीतिक संपर्कों ने उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के फैसलों में प्रभावशाली बनाया.
2016 के सत्ता संघर्ष में अखिलेश का साथ
रामगोपाल और अखिलेश के रिश्तों का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव 2016 का सपा का पारिवारिक और राजनीतिक संघर्ष था. उस समय अखिलेश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे लेकिन पार्टी संगठन पर मुलायम और शिवपाल का प्रभाव था. अखिलेश और शिवपाल के बीच उम्मीदवारों के चयन, मंत्रिमंडल और पार्टी में अमर सिंह की भूमिका को लेकर मतभेद बढ़ रहे थे. मुख्तार अंसारी की कौमी एकता दल के सपा में विलय का मुद्दा भी विवाद की वजह बना. अखिलेश इस विलय के विरोध में थे जबकि शिवपाल इसके पक्ष में थे.
सितंबर 2016 में मुलायम ने अखिलेश को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर शिवपाल को यह जिम्मेदारी सौंप दी. इसके बाद विवाद खुलकर सामने आ गया. रामगोपाल ने इस संघर्ष में अखिलेश का साथ दिया. 23 अक्टूबर 2016 को शिवपाल ने उन पर BJP से मिलीभगत और अपने बेटे को सीबीआई मामले से बचाने के लिए पार्टी के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया.
मुलायम ने भी उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया. रामगोपाल ने इन आरोपों को खारिज किया था. उन्होंने इस दौरान अखिलेश के समर्थन में खुलकर बयान दिए. उन्होंने कहा था कि मुलायम सिंह उनके राजनीतिक गुरु हैं और हमेशा रहेंगे लेकिन वे अखिलेश के साथ खड़े हैं. उन्होंने अखिलेश के नेतृत्व की पैरवी करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से भी उनके समर्थन की अपील की थी.
इस घटनाक्रम ने परिवार के भीतर राजनीतिक रिश्तों की दिशा बदल दी. रामगोपाल का फैसला अखिलेश के लिए उस समय महत्वपूर्ण था, जब पार्टी के पुराने नेतृत्व का बड़ा हिस्सा मुलायम और शिवपाल के साथ था.

1 जनवरी 2017 को लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में रामगोपाल ने समाजवादी पार्टी का विशेष राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाया. इसमें अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया और मुलायम सिंह यादव को संरक्षक की भूमिका दी गई. शिवपाल यादव को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ.
मुलायम ने इस अधिवेशन को असंवैधानिक बताया था और इसके खिलाफ चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया. इसके बाद पार्टी के नाम और साइकिल चुनाव चिह्न को लेकर दोनों खेमों के बीच लड़ाई शुरू हुई. रामगोपाल ने अखिलेश खेमे की ओर से चुनाव आयोग के सामने पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के समर्थन के दस्तावेज पेश किए. उन्होंने दावा किया कि अखिलेश के समर्थन में 200 से अधिक विधायकों, 56 एमएलसी, 15 सांसदों और करीब 4,600 प्रतिनिधियों के हलफनामे जमा किए गए हैं.
16 जनवरी 2017 को चुनाव आयोग ने अखिलेश गुट को असली समाजवादी पार्टी मानते हुए साइकिल चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया. इस फैसले ने अखिलेश के नेतृत्व को संस्थागत मान्यता दिलाई. पार्टी के भीतर नेतृत्व की लड़ाई में रामगोपाल की भूमिका इसलिए महत्वपूर्ण रही क्योंकि उन्होंने संगठनात्मक अधिवेशन बुलाने से लेकर चुनाव आयोग में पक्ष रखने तक की प्रक्रिया संभाली.
अखिलेश यादव सार्वजनिक मंचों से कई बार रामगोपाल के योगदान की सराहना कर चुके हैं. जून 2017 में उनके जन्मदिन के कार्यक्रम में अखिलेश ने कहा था कि चाचा ने समाजवादी पार्टी को आगे बढ़ाने और उसका चुनाव चिह्न बचाने का काम किया है.
नवंबर 2021 में रामगोपाल की पुस्तक 'राजनीति के उस पार' के विमोचन के दौरान अखिलेश ने उनके व्यक्तित्व का एक दूसरा पहलू बताया. उन्होंने कहा था, "चाचा कितने भी कड़क दिखते हों लेकिन राजनीति में इनसे ज्यादा कोई भावुक नहीं हो सकता." यह टिप्पणी दोनों के बीच पारिवारिक आत्मीयता के साथ राजनीतिक भरोसे को भी जाहिर करती है.
मुलायम के बाद अखिलेश के लिए अहमियत
रामगोपाल की राजनीतिक भूमिका के साथ सपा के भीतर विवादों का एक अध्याय भी जुड़ा है. 2016 में अखिलेश और शिवपाल के बीच संघर्ष के दौरान रामगोपाल को अखिलेश खेमे का प्रमुख रणनीतिकार माना गया. शिवपाल ने उन पर पार्टी में गुटबाजी और BJP से मिलीभगत के आरोप लगाए थे. हालांकि ये शिवपाल के आरोप थे और रामगोपाल ने इन्हें खारिज किया था.
2022 में शिवपाल की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का सपा में विलय होने और उनके अखिलेश के साथ आने के बाद भी दोनों नेताओं के बीच पुराने मतभेद पूरी तरह समाप्त नहीं हुए. पार्टी में शिवपाल की भूमिका और संगठन में उनके प्रभाव को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे. इस पूरे घटनाक्रम में रामगोपाल की अखिलेश के करीबी सहयोगी के रूप में बनी रही भूमिका भी चर्चा का विषय रही.
अगस्त 2022 में रामगोपाल की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात ने भी पार्टी के भीतर हलचल पैदा की. लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर हुई करीब आधे घंटे की इस मुलाकात के बाद सपा ने बताया कि दोनों के बीच पिछड़ों और मुसलमानों के कथित उत्पीड़न तथा झूठे मुकदमों के मुद्दे पर बातचीत हुई. हालांकि पार्टी के कुछ नेताओं ने मुलाकात के तरीके पर सवाल उठाए.
रामगोपाल ने इस पर कहा कि लोकतंत्र में दूसरे दलों के नेताओं से मिलना गलत नहीं है. इस घटना ने पार्टी के भीतर उनके स्वतंत्र राजनीतिक संपर्कों को लेकर चर्चा को जन्म दिया था. 10 अक्टूबर 2022 को मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा की कमान पूरी तरह अखिलेश के हाथों में आ गई. इस बदलाव के साथ पार्टी के सामने पुराने समाजवादी नेताओं को साथ रखने और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी भूमिका मजबूत करने की चुनौती भी रही.
रामगोपाल इस दौर में अखिलेश के लिए अनुभव और संगठनात्मक निरंतरता का माध्यम बने हुए हैं. वे राज्यसभा में सपा के संसदीय दल के नेता और पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं. संसद में विधायी मुद्दों पर उनकी समझ और विभिन्न दलों के नेताओं से संवाद का अनुभव पार्टी के लिए उपयोगी है. 2011 और 2015 में वे भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में संयुक्त राष्ट्र भी जा चुके हैं.
उनकी पुस्तकों में 'डॉ. लोहिया का समाजवाद' और 'संसद में मेरी बात' शामिल हैं. राजनीतिक विश्लेषक और शिक्षक मनोज यादव कहते हैं, “प्रोफेसर रामगोपाल का 2026 में छठी बार राज्यसभा पहुंचना भी अखिलेश के भरोसे को रेखांकित करता है. अब कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत की कमान सौंपकर अखिलेश ने एक बार फिर उन्हें पार्टी की महत्वपूर्ण राजनीतिक जिम्मेदारी दी है.”

