scorecardresearch
डार्क मोड

जेन ज़ी को कितना साध पाएंगे मायावती के 'आकाश'?

हाथरस से 10 अगस्त को चुनावी अभियान शुरू कर रहे आकाश आनंद के कंधों पर बहुजन समाज पार्टी की युवा रणनीति का दारोमदार होगा. क्या मायावती का यह दांव 2027 में पार्टी की खोई सियासी जमीन वापस दिला पाएगा?

बीएसपी अध्यक्ष मायावती अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के साथ (फाइल फोटो)
अपडेटेड 2 अगस्त , 2026

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी अब खुलकर दिखाई देने लगी है. भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जहां रोजगार, पेपर लीक, पारदर्शी भर्ती और युवाओं से सीधे संवाद को अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बना रही हैं, वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी लंबे समय बाद अपने सबसे बड़े राजनीतिक प्रयोग की शुरुआत करने जा रही है.

पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने 31 वर्षीय भतीजे और राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को राज्यव्यापी अभियान की जिम्मेदारी सौंप दी है. 10 अगस्त से हाथरस के सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से शुरू होने वाला यह अभियान सिर्फ चुनावी सभाओं का सिलसिला नहीं बल्कि बसपा के भविष्य की राजनीति की परीक्षा भी माना जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, आकाश आनंद पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता सम्मेलनों, जनसभाओं और उम्मीदवारों की घोषणाओं के जरिए संगठन को सक्रिय करेंगे. राजनीतिक संदेश साफ है कि बसपा अब केवल अपने पारंपरिक दलित वोट बैंक पर निर्भर रहने के बजाय पहली बार जेन ज़ी और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को भी अपने साथ जोड़ना चाहती है.

युवा वोट की नई लड़ाई में बसपा की एंट्री

उत्तर प्रदेश में लगभग हर चुनाव के साथ लाखों नए मतदाता जुड़ते हैं. इनमें बड़ी संख्या उन युवाओं की है जिन्होंने कभी बसपा की सरकार नहीं देखी. उनके लिए मायावती एक बड़ा राजनीतिक नाम जरूर हैं लेकिन सत्ता की वर्तमान राजनीति का चेहरा नहीं. इसी बदले हुए राजनीतिक माहौल में बसपा ने युवा नेतृत्व को सामने लाने का फैसला किया है.

पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां, बेरोजगारी और सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दे आज प्रदेश के युवाओं की सबसे बड़ी चिंता हैं. हाल के महीनों में इन्हीं मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुए और संसद तक में बहस हुई.

राजनीतिक विश्लेषक विवेक नौटियाल का कहना है कि बसपा यह समझ चुकी है कि केवल सामाजिक न्याय का पारंपरिक विमर्श अब पर्याप्त नहीं है. यदि पार्टी को राजनीतिक पुनरुद्धार करना है तो उसे रोजगार, शिक्षा और अवसर जैसे मुद्दों पर युवा मतदाताओं से संवाद बनाना होगा.

आकाश आनंद उसी रणनीति का चेहरा हैं. यही वजह है कि उनका अभियान केवल दलित बहुल इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा. पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरुआत कर पूरे प्रदेश में उन्हें एक युवा और आधुनिक नेतृत्व के रूप में स्थापित करना चाहती है.

आकाश आनंद: विवादों से वापसी तक का सफर

आकाश आनंद का राजनीतिक सफर पिछले दो वर्षों में उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले मायावती ने उन्हें अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी बताया था और चुनाव प्रचार की कमान सौंपी थी लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान सीतापुर में दिए गए एक भाषण के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ.

इसके बाद मायावती ने न केवल उन्हें राष्ट्रीय समन्वयक पद से हटा दिया बल्कि सार्वजनिक रूप से यह भी कहा कि वे पार्टी हितों के बजाय पारिवारिक प्रभाव में काम कर रहे हैं. कुछ समय बाद उन्हें पार्टी से बाहर भी कर दिया गया. हालांकि बाद में आकाश आनंद ने सार्वजनिक रूप से खेद जताया और पार्टी नेतृत्व के प्रति निष्ठा दोहराई.

आकाश आनंद (फाइल फोटो)

इसके बाद पहले उन्हें संगठन में वापस लिया गया. पहले मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक और बाद में राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मायावती किसी भी नेता को संगठनात्मक अनुशासन से ऊपर नहीं मानतीं लेकिन जब उन्हें लगा कि आकाश आनंद भविष्य में पार्टी के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं तो उन्होंने उन्हें दूसरी पारी का अवसर दिया.

हरियाणा और बिहार विधानसभा चुनावों में प्रचार करने के बावजूद उत्तर प्रदेश में उनकी सक्रियता सीमित रही. अब 10 अगस्त से शुरू होने वाला अभियान उनकी वास्तविक राजनीतिक परीक्षा होगी.

पिछले साल अगस्त में बसपा अध्यक्ष मायावती द्वारा आकाश को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद यह उनका पहला बड़ा पब्लिक आउटरीच कैंपेन होगा. मायावती ने अगस्त 2025 में अपने भतीजे आकाश आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया था, जिससे वे पार्टी में दूसरे सबसे बड़े नेता बन गए और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर उभरने का संकेत मिला.

उस समय उन्होंने कहा था कि आकाश 2027 के विधानसभा चुनावों में बसपा की संभावनाओं को फिर से मजबूत करने और युवा वोटरों को वापस लाने में अहम भूमिका निभाएंगे, जिनमें से कई चंद्रशेखर आजाद की अगुवाई वाली आज़ाद समाज पार्टी (कांशी राम) की ओर चले गए थे.

अपनी नियुक्ति के बाद से आकाश की सार्वजनिक गतिविधियां ज़्यादातर पार्टी अध्यक्ष की अध्यक्षता वाली संगठनात्मक बैठकों तक ही सीमित रही हैं. वे आखिरी बार पिछले साल अक्टूबर में लखनऊ में बसपा के संस्थापक कांशी राम की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली में सार्वजनिक रूप से दिखे थे.

कई चुनौतियों से घिरी मायावती की रणनीति

बसपा की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि उसका पारंपरिक वोट बैंक पहले जितना एकजुट नहीं रहा. एक ओर बीजेपी ने गैर-जाटव दलितों में अपनी पैठ मजबूत की है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद और उनकी आज़ाद समाज पार्टी ने युवा दलित मतदाताओं के बीच प्रभाव बढ़ाया है.

समाजवादी पार्टी भी पिछड़े-दलित गठजोड़ के जरिए बसपा के सामाजिक आधार में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है. ऐसे में मायावती की रणनीति केवल पुराने वोटरों को बचाने की नहीं बल्कि नए वोटरों को जोड़ने की भी है.

राजनीतिक विश्लेषक संदीप कुमार वर्मा मानते हैं कि आकाश आनंद का सबसे बड़ा फायदा उनकी उम्र है. वे उसी पीढ़ी से आते हैं जो सोशल मीडिया, डिजिटल संवाद और तेज राजनीतिक संचार को समझती है. यदि बसपा उन्हें आधुनिक राजनीतिक भाषा और मुद्दों के साथ प्रस्तुत करती है तो वे युवा मतदाताओं के बीच पार्टी की नई पहचान बन सकते हैं.

हालांकि चुनौती कम नहीं है. बीजेपी पहले से ही रोजगार योजनाओं, स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों के जरिए युवाओं तक पहुंच बना रही है. समाजवादी पार्टी लगातार पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे उठा रही है.

कांग्रेस भी युवा संवाद कार्यक्रम चला रही है. ऐसे में केवल युवा चेहरा पेश करना पर्याप्त नहीं होगा. बसपा को यह भी बताना होगा कि रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और सामाजिक न्याय पर उसकी ठोस नीति क्या होगी.

आने वाले महीनों में 75 जिलों में आकाश का दौरा, उम्मीदवारों की समय से घोषणा, संगठन का पुनर्गठन और युवाओं के बीच उनकी स्वीकार्यता यह तय करेगी कि बहुजन समाज पार्टी का यह सबसे बड़ा राजनीतिक प्रयोग केवल संगठन में नई ऊर्जा भरने तक सीमित रहेगा या वास्तव में 2027 की चुनावी राजनीति में पार्टी को फिर से निर्णायक खिलाड़ी बना पाएगा.

फिलहाल इतना तय है कि इस बार मायावती ने अपना सबसे बड़ा दांव किसी नए नारे पर नहीं बल्कि अपने सबसे युवा चेहरे आकाश आनंद पर लगाया है.


ADVERTISEMENT
Advertisement