प्रदेश की राजनीति में कुछ चुनाव नतीजे से ज्यादा संकेतों के लिए देखे जाते हैं. बांकीपुर का आने वाला उपचुनाव ऐसा ही मुकाबला है. हालांकि सरकार के गणित पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला लेकिन 30 जुलाई को होने जा रहा यह चुनाव भाजपा की संगठनात्मक ताकत, उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की राजनैतिक विरासत और प्रशांत किशोर के जन सुराज की असली जमीन, तीनों की परीक्षा लेगा.
दशकों तक यह सीट, जिसे पहले पटना पश्चिम कहा जाता था और परिसीमन के बाद बांकीपुर, एक राजनैतिक परिवार की पहचान रही. नितिन से पहले उनके पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा इस सीट से लगातार चार बार विधायक चुने गए थे. 2006 में पिता के निधन के बाद हुए उपचुनाव में नितिन पहली बार विधानसभा पहुंचे. उसके बाद उन्होंने इस सीट को अपना राजनैतिक घर बना लिया. अब करीब दो दशक बाद पहली बार बांकीपुर के मतदाता ईवीएम पर 'नितिन नबीन' नाम के बिना अपना विधायक चुनेंगे.
नितिन ने 30 मार्च को राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद विधानसभा सीट से इस्तीफा दिया. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी पदोन्नति ने इस सामान्य उपचुनाव को बिहार की सबसे ज्यादा देखी जा रही राजनैतिक लड़ाइयों में बदल दिया है. अब क्या भाजपा अपने सबसे सुरक्षित शहरी गढ़ में उस चेहरे के बिना भी वैसी ही पकड़ बनाए रख पाएगी, जिसने इस गढ़ को खड़ा किया? क्या प्रशांत किशोर की जन सुराज जिज्ञासा को वोट में बदल पाएगी?
सीट की अहमियत
बांकीपुर कागज पर बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से एक है, लेकिन राजनैतिक रूप से इसका वजन कहीं ज्यादा है. भाजपा के लिए यह जांचने का पहला बड़ा टेस्ट है कि उसकी मशीनरी नितिन जैसे पहचान वाले नेता के बिना कितनी मजबूत रहती है. जन सुराज के लिए यह मौका है कि वह भाजपा के अभेद्य माने जाने वाले शहरी किले में सेंध लगाने की कोशिश करे. महागठबंधन उम्मीदवार उतारेगा लेकिन शुरुआती राजनैतिक विमर्श पर भाजपा और जन सुराज का ही दबदबा दिख रहा है.
नितिन नबीन की चुनावी कहानी इस सीट की अहमियत समझाती है. 2006 के उपचुनाव में उन्हें 76,025 वोट मिले. 2010 में परिसीमन के बाद बनी बांकीपुर सीट से वे 78,771 वोटों के साथ जीते. 2015 में जब नीतीश कुमार और लालू प्रसाद का महागठबंधन बिहार में भाजपा पर भारी पड़ा, तब भी बांकीपुर में नबीन की पकड़ कमजोर नहीं हुई. उन्होंने 86,759 वोट हासिल किए और सीट आराम से बचाई. 2020 में कोविड की छाया में मतदान कम हुआ, फिर भी वे 83,068 वोटों के साथ जीते. 2025 में उन्होंने अपना सबसे बड़ा आंकड़ा छुआ और 98,299 वोट पाए.
यह ग्राफ बताता है कि बांकीपुर में भाजपा की जीत सिर्फ पार्टी वोट पर निर्भर नहीं थी. उसमें नितिन नबीन की निजी उपलब्धता, संपर्क और स्थानीय भरोसे की बड़ी भूमिका थी. व्यापारी, पेशेवर, सरकारी कर्मचारी, रेजिडेंट वेलफेयर समूह और मध्यवर्गीय मतदाता उन्हें ऐसे विधायक के रूप में देखते रहे जो चुनाव खत्म होने के बाद भी उपलब्ध रहते थे. इसलिए भाजपा की चुनौती सिर्फ सीट बचाने की नहीं है. उसे यह साबित करना है कि नबीन के दौर में बनी राजनैतिक पूंजी व्यक्ति की नहीं, संगठन की भी है.
भाजपा इस सवाल को अलग ढंग से पेश कर रही है. उसके लिए नबीन का जाना नुक्सान नहीं, पदोन्नति है. बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी का कहना है कि बांकीपुर के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि उनके प्रतिनिधि को पार्टी का सबसे बड़ा संगठनात्मक पद मिला. पार्टी का संदेश साफ है: चेहरा बदल सकता है लेकिन भाजपा और बांकीपुर का रिश्ता नहीं बदलेगा.
फिर भी उम्मीदवार चयन भाजपा के लिए आसान नहीं होगा. पांच बार के विधायक की जगह लेना सिर्फ किसी वफादार कार्यकर्ता को टिकट देने से ज्यादा बड़ी बात है. नया उम्मीदवार लगातार इस तुलना से गुजरेगा कि क्या वह नितिन नबीन जितना उपलब्ध, भरोसेमंद और असरदार होगा. उसे स्थानीय विश्वसनीयता, संगठन में सम्मान, भाजपा के पुराने वोटरों का भरोसा और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, सबको एक साथ संभालना होगा. भाजपा की संगठनात्मक गहराई उसे विकल्प जरूर देती है, लेकिन हर विकल्प के सामने नबीन की लंबी छाया रहेगी.
नितिन नबीन की ताकत सिर्फ चुनावी जीतों तक सीमित नहीं रही. भाजपा में उन्हें संगठनात्मक प्रबंधक के रूप में भी देखा गया. सिक्किम, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में मिली जिम्मेदारियों ने केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा दिखाया. यही वजह है कि भाजपा मानती है कि उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बांकीपुर में पार्टी की स्थिति को कमजोर नहीं, मजबूत करेगा. पार्टी का तर्क है कि जिस क्षेत्र ने राष्ट्रीय नेता दिया है, वह उसी संगठन को फिर क्यों नहीं चुनेगा?
जन सुराज की चुनौती
दूसरी तरफ प्रशांत किशोर इस उपचुनाव को अपनी राजनीति के लिए अवसर मान रहे हैं. जन सुराज ने 2025 के विधानसभा चुनाव में 238 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन 236 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई. पारंपरिक पैमानों पर यह निराशाजनक शुरुआत थी. लेकिन बांकीपुर अलग है. अगर जन सुराज यहां मजबूत प्रदर्शन करती है, तो उसे वह वैधता मिल सकती है जिसकी उसे तलाश है. भाजपा के मजबूत शहरी गढ़ में चुनौती खड़ी करना ही उसके लिए बड़ा संदेश होगा.
किशोर यही कर रहे हैं. वे इस मुकाबले को एक सीट की लड़ाई नहीं, भाजपा को संदेश देने का मौका बता रहे हैं. उनका दावा है कि अगर बांकीपुर में भाजपा को झटका लगा तो उसका असर पटना से बाहर भी जाएगा और बिहार की राजनीति में शासन, विकास और जवाबदेही पर नए विमर्श की जगह बनेगी. असल में बांकीपुर का चुनाव तीन सवालों के जवाब देगा: पहला, क्या राजनैतिक किला अपने सबसे बड़े चेहरे के आगे बढ़ जाने के बाद भी मजबूत रहता है? दूसरा, क्या संगठन व्यक्तिगत लोकप्रियता की भरपाई कर सकता है? तीसरा, क्या जन सुराज जैसी नई ताकत लोगों की उत्सुकता को चुनावी भरोसे में बदल सकती है?

