• एशियाई खेलों की हार से आप कैसे उबरीं और फिर किस तरह से वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी की?
मैंने बिल्कुल नहीं सोचा था कि एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में हारकर खाली हाथ लौटना पड़ेगा. अच्छी-खासी तैयारी थी, कोचों ने भी कड़ी मेहनत की थी. तो वह बड़ा ही दिल दुखाने वाला था. पर मैं अगले लक्ष्य पर फोकस करना पसंद करती हूं. वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए 10 दिन की तैयारी के दौरान मैंने उन पहलुओं पर काम किया जिन पर पहले नहीं कर पाई थी.
• फाइनल में आप 0-6 से पिछड़ रही थीं. क्या चल रहा था दिमाग में?
फाइनल में हार का कोई विचार ही नहीं आया. ट्रेनिंग के दौरान हम ऐसी स्थितियों के लिए काम करते हैंः पिछड़ रहे हैं और आपको रिकवर करना है—30 सेकंड बचे हैं और आपको अंक चाहिए. तो यह तो था कि रिकवर कर लूंगी. उसका कोई दबाव नहीं था.
• आप भारत की पहली महिला कुश्ती चैंपियन हैं. इसका आपके लिए क्या मायने है?
यह खुशी और गर्व वाला पल है. मुझे उम्मीद है कि यह उपलब्धि दूसरी पहलवानों को भी अपना बेस्ट देने के लिए प्रेरित करेगी. यह प्रेशर नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है. अगला लक्ष्य ओलंपिक क्वालिफायर हैं.
• कुश्ती के करिअर में आप काफी देर से उतरीं. वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए किस तरह की तैयारी की जरूरत होती है?
क्या तो कुश्ती और क्या वर्ल्ड चैंपियन, मुझे रत्ती भर भी इसका अंदाज नहीं था. किशोरावस्था में और कुछ न कर पाई तो पापा ने कोई खेल ही चुनने को कहा. इंडिया कैंप में पहुंचने पर मैंने कई उम्दा एथलीट देखे, फिर लगा कि विदेश जाना, मुकाबला करना और मेडल के साथ लौटना क्या होता है. मुझे लगा कि इस पर मेहनत किया तो मैं भी मेडल ला सकती हूं. मुझे पक्का यकीन है कि और पहले शुरू किया होता तब भी मैं ये उपलब्धियां हासिल करती.
• कुश्ती से दूर रहने पर क्या करती हैं?
चित्रकारी करती हूं, लिखती, पढ़ती और खुद से बातें करती हूं. अपनी डायरियों में मैं लिखती आई थीः ‘मनीषा, भारत, वर्ल्ड चैंपियन’. मैं इसी तरह से काम करती हूं. कुश्ती में अगर आप बहुत जोश में आ गए तो मुश्किल में पड़ सकते हैं. रॉक्सी नफूसी की किताब मैनिफेस्ट ने मुझे दिमाग को नियंत्रित करना और ऊर्जा को चैनलाइज करना सिखाया.
-शैल देसाई

