scorecardresearch
डार्क मोड

कहानी रंग लाती है मगर आहिस्ता-आहिस्ता

निर्देशक, पटकथा लेखक, गीतकार वरुण ग्रोवर अपनी शॉर्ट फिल्म कमबख्त, ऐसी फिल्मों के चैलेंज और अपने कुछ नए काम के बारे में

निर्देशक, पटकथा लेखक, गीतकार वरुण ग्रोवर
अपडेटेड 18 नवंबर , 2026

• आपकी शॉर्ट फिल्म कमबख्त के पीछे की प्रेरणा क्या थी?
यह कभी बेगम अख्तर के साथ गाने वालीं जरीना बेगम की असल जिंदगी की कहानी से प्रेरित है. वे कुछ दिनों से बीमार थीं और कुछ लोग उनके लिए फंड जुटाने की कोशिश कर रहे थे. लखनऊ में ऐसे ही एक मौके पर मैं भी था. वहीं किसी ने उनसे कैमरे के सामने गाने की गुजारिश की. वहीं यह आइडिया आया कि मदद के लिए कलाकारों के पब्लिक पर आश्रित हो जाने पर जनता उनके साथ कैसा बर्ताव करती है. यह फिल्म संगीत, स्मृतियों और कलाकारों की गरिमा की बात करती है.  

• आपने एक फीचर और दो शॉर्ट फिल्में निर्देशित की हैं. शॉर्ट फिल्मों वाला फॉर्मेट क्या ज्यादा चैलेंजिंग है?
बिल्कुल. इसीलिए मुझे शॉर्ट फिल्में बनाना पसंद है. पूरा दुनिया रचने की जगह होती नहीं. आप सीधे कहानी में घुसते हैं. मेरी दोनों शॉर्ट्स एक ही स्थान विशेष पर ही सेट हैं: पहली एक फिल्म थिएटर में और यह वाली एक हॉस्पिटल के भीतर. उससे परिवेश तो बन जाता है पर चैलेंज होता है उसे जज्बात से जोड़ना.

• आप क्या चाहते हैं, दर्शक आपकी फिल्मों के कौन-से पहलू से प्रभावित होकर लौटे?
मैं चाहता हूं लोग खुद को थोड़ा शांत महसूस करें. उन्हें लगे कि दुनिया की रफ्तार थोड़ी धीमी भी हो सकती है, हर वक्त हांफते-भागते रहने की जरूरत नहीं. अपनी लिखी हर फिल्म मसान से लेकर सुपरबॉएज़ ऑफ मालेगांव और निर्देशित ऑल इंडिया रैंक, सबमें मैंने यही कोशिश की है.

• बतौर फिल्मकार, गीतकार और स्टैंडअप कॉमेडियनन आपके नए प्रोजेक्ट क्या हैं?
अभिमन्यु भट्टाचार्य की एनिमेटेड फिल्म एअरलूम के लिए डायलॉग लिखे हैं, जो अगले साल आएगी. एक और शॉर्ट एनिमेशन बनाई है हरी पतंग पे हरा पतंगा, जो मेरी एक लंबी कविता पर आधारित है. बर्लिन के एनिमेटर एलन शॉ के साथ इसे को-डायरेक्ट किया है. इसे हम फिल्म फेस्टिवल्स में भेज रहे हैं.

-दीपाली ढींगरा

ADVERTISEMENT
Advertisement