scorecardresearch
डार्क मोड

अपनी शर्तों पर

अभिनेत्री और गायिका के तौर पर अपनी अलग पहचान बना चुकीं श्रुति हासन आने वाली सीरीज, फिल्मों और गायन के सफर पर

अभिनेत्री श्रुति हासन (फोटो- बंदीप सिंह)
अपडेटेड 13 अक्टूबर , 2026

• कॉल मी बे: सीजन 2 के अलावा इस साल आपकी कुछ फिल्में भी आ रही है. कितनी उत्साहित हैं?
कॉल मी बे को लेकर मुझसे ज्यादा मेरे दोस्त उत्साहित थे. निर्देशक कॉलिन डी’कुन्हा जब यह कहानी लेकर आए तो मेरी दिलचस्पी यह जानने में थी कि मैं इस दुनिया का हिस्सा कैसे बन सकती हूं.

इसके अलावा, मैंने दुलकर सलमान के साथ एक तेलुगु फिल्म की है जो बहुत ही अलग अनुभव रहा. साथ ही एक तमिल थ्रिलर में भी नजर आऊंगी.

• आपने करियर की शुरुआत हिंदी फिल्म से ही क्यों की?
हे राम की शूटिंग के दौरान मैं मां के साथ कॉस्ट्यूम विभाग में काम कर रही थी. फिल्म में सरदार पटेल की बेटी की भूमिका के लिए ऐक्टर की जरूरत थी, मैं वहीं थी. मेरा डेब्यू हो गया. जहां तक दूसरी और असल में पहली हिंदी फिल्म की बात है तो उस समय मुझे अपने संगीत के शौक के लिए ड्रम किट और मिक्सिंग कन्सोल खरीदने के लिए पैसे चाहिए थे. मैंने हां कर दी लेकिन फिल्म के बाद मुझे ऐक्टिंग का चस्का लग गया.

• आपको लगता है कि ओटीटी, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर महिला-केंद्रित कहानियों और अभिनेत्रियों को अधिक अवसर मिल रहे हैं?
मुझे हमेशा इस शब्द से आपत्ति रही है. कहानियां ‘किरदार’ को ध्यान में रखकर लिखी जानी चाहिए. सचाई यह है कि महिलाएं उन सभी जटिल और सशक्त किरदारों को निभाने में पूरी तरह सक्षम हैं जो लेखकों की कलम से निकलते हैं. इसलिए केवल लैंगिक आधार पर नहीं बल्कि एक अच्छी कहानी और किरदार के नजरिए से इसे देखना चाहिए.

• अभिनय और संगीत के बीच संतुलन कैसे साधती हैं?
सब टाइम मैनेजमेंट है. लोगों को लगता है कि मेरा पूरा ध्यान अब संगीत पर है लेकिन सचाई यह है कि मेरी प्राथमिकता हमेशा सिनेमा ही रहा. हालांकि मुझे इस बात का मलाल जरूर है कि मैं उतना 'इंडिपेंडेंट म्यूजिक' रिलीज नहीं कर पा रही, जितना करना चाहिए.
मैं भविष्य में इंडिपेंडेंट कलाकारों के साथ और अधिक काम करना चाहती हूं क्योंकि इस इंडस्ट्री को अधिक प्यार और समर्थन की जरूरत है.

ADVERTISEMENT
Advertisement