scorecardresearch
डार्क मोड

कुछ कदम मौत के साथ

रंगकर्मी अर्घ्य लाहिड़ी मंच के वास्ते रूपांतरित किए गए सलमान रुश्दी के संस्मरण नाइफ पर नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने के अपने अनुभव पर. नाटक के वे सह-निर्देशक भी

गिरकर उठना: सलमान रुश्दी की किताब पर तैयार नाटक में उन्हीं की भूमिका में नसीरुद्दीन शाह
अपडेटेड 11 नवंबर , 2026

दीपाली ढींगरा

हिंसा, बहाली और लचीलेपन को बयां करने वाले मर्मस्पर्शी संस्मरण का रंगमंचीय रूपांतरण आसान नहीं. सलमान रुश्दी के ‘नाइफ : मेडिटेशंस आफ्टर एन अटेम्प्टेड मर्डर’ का जीता-जागता मंचीय रूपांतरण करने के लिए नसीरुद्दीन शाह की कद्दावर प्रतिभा के अभिनेता की जरूरत होती है.

पृथ्वी महोत्सव के लिए तैयार नाटक 27 सेकंड्स में शाह ने रुश्दी का किरदार अदा किया है और सहनिर्देशक अर्घ्य लाहिड़ी के साथ निर्देशन भी किया है.

लाहिड़ी बताते हैं, “अधिकारों के लिए नसीर ने सीधे मिस्टर रुश्दी से संपर्क किया”, और यह भी कि रुश्दी ने बहुत उत्साह और समझदारी से जवाब दिया.

वे कहते हैं, “यह बिल्कुल मुश्किल नहीं था. नसीर के होने से बेशक मदद मिली.” रुश्दी इस अभिनेता की खुलेआम तारीफ कर चुके हैं.

नाटक का रूपांतरण शाह ने दिग्गज निर्देशक कौशिक सेन के साथ मिलकर किया है. यह किताब को शब्द-दर-शब्द बयां करने की कोशिश नहीं करता. इसके बजाय उसके भावनात्मक लब्बोलुआब को पकड़ने की कोशिश करता है.

वे कहते हैं, “यह उसी तरह है जैसे एंटनी मिंगेला (ब्रिटिश फिल्मकार) द टेलेंटेड मिस्टर रिप्ले का उद्धरण देते हुए कहते हैं,‘ आप किताब को अपने मुंह के भीतर उलीचते हैं और फिर अपनी जबान पर छूटे स्वाद को शब्दों में उतारते हैं’.”

मंच पर लचीलेपन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बारे में गहरा चिंतन साकार होता है. लाहिड़ी कहते हैं, “मेरा मानना यह है कि इससे मिस्टर रुश्दी को न केवल हमले बल्कि फतवे के बाद के 33 सालों से उबरने में मदद मिली.”

शाह जैसी दिग्गज हस्ती के साथ निर्देशन करना बहुत मुश्किल लग सकता है, लेकिन लाहिड़ी को अपनी भूमिका कमरे में बस “पहला दर्शक” होने जैसी दिखती हैं. वे बताते हैं, “मैं वहां उनका विजन साकार करने में मदद के लिए हूं.”

लाहिड़ी को उम्मीद है कि रुश्दी कभी यह नाटक देख पाएंगे. वे अपनी बात खत्म करते हुए कहते हैं, “अगर किस्मत ने चाहा और वे देख पाए तो यह सचमुच अद्भुत होगा.”        

नाटक 2-3 नवंबर को और फिर 24 नवंबर से छह दिसंबर तक पृथ्वी थिएटर मुंबई में मंचित होगा. उसके बाद चंडीगढ़, दिल्ली और बेंगलूरू ट्रैवल करेगा

ADVERTISEMENT
Advertisement