scorecardresearch
डार्क मोड

'रामायण: पार्ट 1' ने भव्यता का नया पैमाना गढ़ा लेकिन कहानी में गंवाए कई मौके

'रामायण: पार्ट 1' में शानदार VFX और भव्य एक्शन सीक्वेंस हैं लेकिन किरदारों के रिश्तों की गहराई और भावनात्मक पहलुओं को उभारने के कई मौके गंवा दिए गए. यश के रावण के सामने रणबीर कपूर के राम भी कुछ फीके नजर आते हैं

रामायण: पार्ट 1
अपडेटेड 10 नवंबर , 2026

अच्छाई और बुराई के बीच लड़ाई की कहानियां कभी पुरानी नहीं पड़तीं. रामायण की कहानी तो सबसे पुरानी कहानियों में से एक है और आज भी भारतीय समाज और राजनीति में इसकी गहरी प्रासंगिकता है. इसके किरदार लोगों के जेहन में बसे हुए हैं. कहानी के अहम मोड़ भी सभी को पता हैं और इससे मिलने वाली सीख भी बहुत कुछ कहती है.

नमित मल्होत्रा की 'रामायण: पार्ट 1' इस बात से पूरी तरह वाकिफ है कि भक्ति और धार्मिक भावनाओं से जुड़ी इस महागाथा को पर्दे पर उतारने की कितनी बड़ी जिम्मेदारी है. फिल्म के स्केल और भव्यता में भी कोई कमी नहीं छोड़ी गई है. यह अपने आकार और प्रस्तुति के लिहाज से बेहद शानदार है.

फिल्म में शानदार स्पेशल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है. इसकी मदद से जटायु और भव्य पुष्पक विमान को काफी प्रभावशाली बनाया गया है. उड़ने वाले हाथी और दूसरे जीव भी आकर्षित करते हैं. यहां तक कि एक तूफान का दृश्य भी मंत्रमुग्ध कर देता है. हालांकि कुंभकर्ण का किरदार उतना प्रभावशाली नहीं बन पाया है. फिर भी यह ऐसा अधूरा काम नहीं है कि दर्शक VFX पर सवाल उठाने लगें.

फिल्म में ऐसे विजुअल्स की भरमार है जो बीच-बीच में दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखते हैं जबकि कहानी का अंत सभी को पहले से पता है. एक्शन सीक्वेंस खास तौर पर असर छोड़ते हैं. इनमें दोनों मुख्य किरदारों- राम (रणबीर कपूर) और रावण (यश) को अपनी फुर्ती, ताकत और नैतिक सोच दिखाने के लिए भरपूर स्क्रीन टाइम मिला है.

राम (रणबीर कपूर) और रावण (यश) को अपनी ताकत और सोच दिखाने के लिए भरपूर स्क्रीन टाइम मिला है
राम (रणबीर कपूर) और रावण (यश) को अपनी ताकत और सोच दिखाने के लिए भरपूर स्क्रीन टाइम मिला है

'रामायण' के निर्देशक और सह-लेखक नितेश तिवारी के लिए तकनीक के लिहाज से यह फिल्म एक बड़ी छलांग है. इससे पहले वे 'दंगल' और 'छिछोरे' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते रहे हैं, जिनमें रिश्तों और आम जिंदगी की कहानियां दिखाई गई थीं. 

ऐसे में यह हैरानी की बात है कि तिवारी और स्क्रीनराइटर श्रीधर राघवन किरदारों के बीच दिलचस्प रिश्तों को ठीक से उभार नहीं पाए. जबकि कहानी में ऐसे कई रिश्ते हैं जिनकी गहराई में जाने की काफी गुंजाइश थी. उनका ट्रीटमेंट इतना उपदेशात्मक और फीका है कि गिने-चुने किरदार ही अपनी अलग छाप छोड़ पाते हैं.

ऐसा लगता है कि फिल्म के लेखक कहानी के साथ कुछ भी नया करने से बच रहे हैं. शायद उन्हें डर है कि कहीं किसी की भावनाएं आहत न हो जाएं. राम और सीता की पहली मुलाकात, पिनाक की चुनौती और उसके बाद दोनों का मिलन, ज्यादातर गानों के सहारे दिखाया गया है. इससे फिल्म की रफ्तार बढ़ने के बजाय धीमी पड़ जाती है.

हालांकि कुछ मौकों पर फिल्म थोड़ी आजादी लेती है. जैसे जब लक्ष्मण (रवि दुबे) को ज्यादा बोलते हुए दिखाया जाता है. ऐसे दृश्यों में फिल्म थोड़ी जीवंत हो उठती है. तब याद आता है कि ये सभी किरदार इंसान हैं. लेकिन ज्यादातर समय फिल्म घटनाओं को एक-एक करके दिखाने में लगी रहती है. कहानी के भीतर मौजूद जटिलताओं को समझने और दिखाने की कोशिश कम ही करती है.

यह अफसोस की बात है क्योंकि फिल्म में ऐसा करने की काफी गुंजाइश थी. खासकर उस अहम दृश्य में जब राम को बुलाकर बताया जाता है कि उन्हें अयोध्या का सिंहासन छोड़कर 14 साल के वनवास पर जाना होगा. यहां सीता (साई पल्लवी) कहती हैं कि पत्नी होने के नाते उनका धर्म है कि वे राम के साथ जाएं. भले ही आगे का जीवन अनिश्चित और मुश्किलों भरा हो. 

लेकिन लक्ष्मण की पत्नी उर्मिला की स्थिति को बड़ी आसानी से भुला दिया जाता है. कहानी की ऐसी संभावनाओं को न तलाशना और इसके बजाय एक के बाद एक युद्ध दिखाते जाना फिल्म के भावनात्मक असर को कम कर देता है. 

तीर चलाते हुए रणबीर सिंह का अंदाजा ज्यादा आकर्षक लगा है
तीर चलाते हुए रणबीर सिंह का अंदाजा ज्यादा आकर्षक लगा है

'रामायण' के साथ भी कुछ वैसा ही हुआ है, जैसा संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' के साथ देखने को मिला था. दोनों फिल्मों के केंद्र में एक ऐसा दमदार खलनायक है जिसकी महत्वाकांक्षा और उसे पूरा करने का जुनून दर्शकों को आकर्षित करता है. कई बार तो उसके प्रति मन में प्रशंसा का भाव भी पैदा होता है. 

यहां यश का रावण के किरदार में होना फिल्म के लिए फायदेमंद साबित हुआ है. वे इस मौके का पूरा फायदा उठाते हैं. कभी शिव तांडव करते हैं, कभी दहाड़ते हैं, कभी अपने अमर होने का प्रदर्शन करते हैं तो कभी अकेले ही पूरी सेना से भिड़ते नजर आते हैं.

रावण के किरदार के जरिए ही लेखक इस बात की गहराई में जाने में सफल होते हैं कि वह ऐसा क्यों बना और उसके पीछे क्या वजहें थीं. उसे सिर्फ खलनायक बताकर कहानी खत्म नहीं की गई है. उसके लोगों को हाशिये पर धकेला जाना, न्याय की तलाश, बदला लेने की चाह और अपना सम्मान वापस पाने की कोशिश, आखिरकार उसे रावण बनाती हैं. 

एक दिलचस्प दृश्य में उसके दिमाग में चल रही अलग-अलग आवाजों और उसकी महत्वाकांक्षाओं को भी दिखाया गया है. तीन घंटे की फिल्म में यह उन गिने-चुने किरदारों में से एक है, जिसकी कहानी में एक साफ बदलाव देखने को मिलता है.

रावण का किरदार इतना सक्रिय है कि जब पर्दे पर राम आते हैं तो उनकी ठहराव भरी मौजूदगी थोड़ी अटपटी लगती है. रणबीर कपूर राम के किरदार में संयम और शांति लेकर आते हैं लेकिन उनके अभिनय में एक तरह का खिंचाव भी महसूस होता है. ऐसा लगता है कि वे इस बात को लेकर बहुत सतर्क हैं कि कहीं उनसे कोई ऐसी गलती न हो जाए जो करोड़ों लोगों के आराध्य किरदार के अनुरूप न हो. वे सिर्फ तब खुलकर अभिनय करते नजर आते हैं, जब राम सटीक निशाना लगाकर तीर चलाते हैं या पेड़ों से छलांग लगाते हैं. ऐसे दृश्यों में उनका अंदाज ज्यादा आकर्षक लगता है.

बेशक यह कहा जा सकता है कि अगले भाग में राम का किरदार ज्यादा सक्रिय होगा. आखिर उन्हें सीता को वापस लाने के लिए लंका तक का मुश्किल सफर तय करना है. वहां रावण, उसकी विशाल सेना और सहयोगियों से भी मुकाबला करना है. 

लेकिन कहानी की नींव रखने के लिहाज से 'रामायण: पार्ट 1' किसी नई और दिलचस्प प्रस्तुति के बजाय एक तय सूची के मुताबिक घटनाओं को पूरा करती नजर आती है. फिल्म अपने मकसद को पूरा करने के लिए विजुअल्स पर काफी निर्भर है. इस चक्कर में भावनात्मक असर पीछे छूट जाता है.

हालांकि राहत की बात यह है कि फिल्म के निर्माता राम के भीतर चल रहे द्वंद्व को दिखाते हैं. जब वे 'मैं वापस लाऊंगा' मिशन का ऐलान करते हैं तो कहानी में एक नया मोड़ आता है. फिल्म का अंत दर्शकों को किसी बड़े सवाल के साथ नहीं छोड़ता लेकिन इंसान और अमरता पाए एक जीव के बीच होने वाली टक्कर देखने की उत्सुकता जरूर जगाता है.

ADVERTISEMENT
Advertisement